कोरोना वायरस फिर से मचा रहा है हाहाकार, चीन में हालात बदतर, आने वाले महीनों में 80 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो सकते- रिपोर्ट
कोरोना वायरस ने एक बार फिर दुनिया में हाहाकार मचा दिया है। चीन में अगले कुछ महीनों में 80 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। लंदन की ग्लोबल हेल्थ इंटेलिजेंस कंपनी एयरफिनिटी ने कहा कि चीन में जीरो कोविड पॉलिसी खत्म होने के बाद 21 लाख मौतें हो सकती हैं। एयरफिनिटी ने इसकी वजह चीन में कम वैक्सीनेशन और एंटीबॉडीज में कमी को बताया है।
चीन में संक्रमण के हालात 2020 की याद दिला रहे हैं। अस्पतालों में सभी बेड भरे हुए हैं। मेडिकल स्टोर्स में दवाएं खत्म हो रही हैं। मरीज इलाज के लिए डॉक्टर के सामने गिड़गिड़ाते देखे जा सकते हैं। बच्चों को बुखार आ रहा है तो मांएं आलू से उतारने की कोशिश कर रही हैं।
बीजिंग के सबसे बड़े श्मशान में 24 घंटे अंतिम संस्कार हो रहे हैं। सामूहिक अंतिम संस्कार शुरू हो गए हैं और इनकी तस्वीरें भी आ रही हैं। हालांकि कोरोना से मौतों के सरकारी आंकड़े रोजाना 5-10 ही बताए जा रहे हैं। एक्सपर्ट का दावा है कि असल आंकड़ा काफी ज्यादा है।
नया वैरिएंट BA.5.2.1.7 यानी BF.7 भी मिला है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह ओमिक्रॉन का सबसे खतरनाक म्यूटेशन है। एक मरीज 18 लोगों को संक्रमित कर रहा है।
Worldometers.info के डेटा के मुताबिक, एक हफ्ते में दुनिया में कोरोना के 34 लाख 84 हजार मामले सामने आए हैं। वहीं 9 हजार 928 लोगों की मौत हुई है। चीन में 7 दिन में 15 हजार 548 केस और 7 मौतें रिपोर्ट की गई हैं। हालांकि एक्सपर्ट्स को आशंका है कि सही आंकड़ा छुपाया जा रहा है। मरीजों की संख्या कई गुना ज्यादा हो सकती है।
जापान, दक्षिण कोरिया और फ्रांस में एक हफ्ते में सबसे ज्यादा केसेस सामने आए हैं। इन देशों में मरीजों की संख्या 10 लाख 65 हजार, 4 लाख 61 हजार और 3 लाख 58 हजार है। भारत में 7 दिन में 1,081 मामले सामने आए हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि चीन में फैल रहा BF.7 ओमिक्रॉन का सबसे शक्तिशाली वैरिएंट है। यह पहले संक्रमित हो चुके लोगों, फुली वैक्सीनेटेड लोगों या दोनों को ही बीमार बना रहा है। ये जल्दी ट्रांसफर होता है और लक्षण भी पुराने कोरोना वैरिएंट्स के मुकाबले जल्दी सामने आ जाते हैं।
BF.7 का रिप्रोडक्शन नंबर (RO) 10-18.6 है। इसका मतलब कि इससे संक्रमित होने वाला एक मरीज औसतन 10 से 18.6 लोगों को एक बार में इन्फेक्ट करने में सक्षम है। आमतौर पर ओमिक्रॉन वैरिएंट का औसतन RO 5.08 पाया गया है। शायद यही वजह है कि चीन में कोरोना केसेस दिनों में नहीं, बल्कि घंटों में दोगुने हो रहे हैं।
BF.7 के लक्षणों में सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश, हरारत, उल्टी और डायरिया शामिल हैं। कमजोर इम्यूनिटी वाले मरीजों के लिए यह घातक साबित हो सकता है। चूंकि चीन में सख्त प्रतिबंधों का पालन किया जा रहा था, इसलिए लोगों में वायरस के खिलाफ इम्यूनिटी मजबूत हो ही नहीं पाई।
[ ‘ छत्तीसगढ़ आसपास ‘ न्यूज़ रूम से संवाददाता ]
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)