- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनावी हलचल तेज, नामांकन 26 फरवरी से, कांग्रेस से पूर्व सीएम बघेल, बैज, टीएस बाबा, मरकाम प्रमुख दावेदार
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनावी हलचल तेज, नामांकन 26 फरवरी से, कांग्रेस से पूर्व सीएम बघेल, बैज, टीएस बाबा, मरकाम प्रमुख दावेदार

CG Rajya Sabha election 2026 : छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि उम्मीदवार 5 मार्च तक अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे। विधानसभा में वर्तमान संख्या बल को देखते हुए एक सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि दोनों दल अंतिम निर्णय से पहले संभावित नामों का पैनल अपने केंद्रीय नेतृत्व को भेजेंगे।
सूत्रों के अनुसार सरगुजा और बस्तर संभाग के सामाजिक-राजनीतिक समीकरणों को विशेष महत्व दिया जा रहा है। प्रदेश स्तर पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, जहां अंतिम मुहर लगेगी।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भी राज्यसभा चुनाव से पहले क्षेत्रीय संतुलन की अहमियत पर जोर दिया है। उनका कहना है कि प्रदेश की राजनीति में सरगुजा और बस्तर की भूमिका निर्णायक रही है। हालांकि उन्होंने स्वयं को दावेदार के रूप में पेश नहीं किया।
विधानसभा का गणित साफ
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। वर्तमान में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एक विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव के तय फार्मूले के अनुसार किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 31 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत होगी। मौजूदा आंकड़ों के आधार पर दोनों प्रमुख दल एक-एक सीट जीतने की स्थिति में नजर आ रहे हैं।
वर्तमान राज्यसभा सदस्य
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में फिलहाल पांच सदस्य हैं। इनमें से दो सदस्यों – फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी – का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस के राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 2028 तक है, जबकि भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह 2030 तक सदस्य बने रहेंगे।
संख्या के लिहाज से मुकाबला भले स्पष्ट दिख रहा हो, लेकिन उम्मीदवार चयन को लेकर दोनों दलों में रणनीतिक मंथन जारी है। सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)