- Home
- Chhattisgarh
- जाने क्या है छत्तीसगढ़ बीजेपी का हर घर पहुंचने का प्लान
जाने क्या है छत्तीसगढ़ बीजेपी का हर घर पहुंचने का प्लान
इन अभियानों से हर घर पहुंचेगी छत्तीसगढ़ भाजपा
आगामी विधानसभा और आने वाले लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने नया एक्शन प्लान तैयार किया है । इसके मद्देनजर घर घर पहुंचना नेताओं का टारगेट होगा, इनमें से कुछ प्रमुख ऐसे अभियान है जिनकी रूपरेखा तय कर ली गई है और जल्द ही छत्तीसगढ़ में इन्हें शुरू किया जा रहा है।
संपर्क से समर्थन- इस अभियान के तहत देश के 1 लाख से अधिक विशिष्ट परिवारों में संपर्क किया जाएगा। हर लोकसभा में ढाई सौ परिवारों में संपर्क करने का टारगेट नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिया गया है। इनमें विशिष्ट परिवारों से मुलाकात की जाएगी जैसे खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद और उनके परिजनों और प्रदेश या शहर के प्रसिद्ध परिवारों से भाजपा नेता मुलाकात करेंगे।
लोकसभा स्तरीय जनसभा- इस दौरान देश के केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन के बड़े नेता, विधायक, सांसद लोकसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे और स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय उपलब्धियों को गिनाएंगे।
कांग्रेसी आपातकाल का प्रचार- कांग्रेस की सरकार ने इमरजेंसी लगाई थी। इस दौरान किस तरह से लोकतंत्र को खत्म किया गया। इस पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। विधानसभा इलाकों में भी इसका प्रचार प्रसार किया जाएगा।
व्यापारी सम्मेलन- प्रदेश के व्यापारियों से भी भारतीय जनता पार्टी के नेता मुलाकात करेंगे। उन्हें कामकाज के दौरान आने वाली तकलीफों के बारे में चर्चा करेंगे। कोशिश होगी कि व्यापारियों काे भरोसे में लिया जाए, ताकि आने वाले समय में सरकार बनने में व्यापारियों का सहयोग मिले।
विकास तीर्थ- केंद्र सरकार की योजना की वजह से राज्य में हो रहे विकास कार्यों से जुड़े स्थलों पर भाजपा के सांसद विधायक पहुंचेंगे। कामों का मुआयना करेंगे और वहां से मिलने वाली सुविधा की जानकारी देंगे।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ डिनर- अक्सर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की नजरअंदाजगी के आरोप संगठन के नेताओं पर लगते हैं, इससे निपटने के लिए भी एक्शन प्लान तैयार किया गया है। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बड़े नेता उनके घर जाकर डिनर करेंगे उनसे चर्चा करेंगे और उन्हें साधने का प्रयास होगा।
योगा दिवस- 21 जून को भाजपा के सांसद विधायक आम लोगों के साथ योग करेंगे। कुछ जगहों पर विशेष योग शिविर लगाए जाएंगे और इन शिविरों में मौजूदा केंद्र सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगेगी।
घर-घर संपर्क- यह कार्यक्रम बूथ स्तरीय होगा। इस दौरान करीब 1 सप्ताह से 15 दिनों का विशेष अभियान चलेगा। प्रदेश के बड़े नेता घर-घर जाकर, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को बताएंगे, बकायदा पंपलेट कैलेंडर पोस्टर बांटे जाएंगे।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)