- Home
- Chhattisgarh
- विशेष कविता : अनंत पुरोहित ‘ अनंत ‘
विशेष कविता : अनंत पुरोहित ‘ अनंत ‘
❤
रामलला
-अनंत पुरोहित’ अनंत’
[ बसना, जिला- महासमुंद, छत्तीसगढ़ ]
शुभफल दायक हे जननायक पाप विमोचन राम लला।
दशरथ नंदन दैत्य निकंदन, संकट मोचन राम लला।
सियपति हे रघुपुंगव मानव, पंकज लोचन राम लला।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।।
ऋषिजन नंदित नारद मोदित प्राण विरंजित राम लला।
अवध सुहर्षित कौशल मर्षित बालक चर्चित राम लला।।
पुलकित मानव साधु सुरक्षित दैत्य विरोधित राम लला।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।।
शिवधनु खंडन जैत्र निरंजन, मैथिल तोषक राम लला।
हनुमत सेवित देव सुवंदित, बालि विनाशक राम लला।।
अवध सुशासक शंभु उपासक सृष्टि सुपोषक राम लला।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।।
दल बल वानर लेकर भीषण, लंक उजाड़क राम लला।
दितिसुत हारक अंत्यज तारक, राक्षस ताड़क राम लला।।
मुनिजन पूजित संतन सज्जित दर्प उघाड़क राम लला।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।।
रघुकुल भूषण हन खर दूषण, मारिच मारक राम लला।
असुर विराध कबंध सँहारक, नंदक धारक राम लला।।
जन जन पालक भानु सुचालक हे जगकारक राम लला।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।।
अगम अगोचर ब्रह्म निरंजन कष्ट विभंजन राम लला।
गुणनिधि हे गुणवान गुणागर रावण गंजन राम लला।।
इह भव व्यंजक दानव भंजक क्षीरधि रंजन राम लला।।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।
मुनि प्रिय हे अवधेश सियावर कौमुदकी धर राम लला।
अवध लला जगदीश सुधाकर कौस्तुभ श्री धर राम लला।।
कपि प्रिय कल्प नियामक हे कपिलेश कलाधर राम लला।
जय जय हे हरि राघव राजन रत्न विरोचन राम लला।।
[ •पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर अनंत पुरोहित ‘ अनंत ‘ ड्रोलिया इलेक्ट्रोस्टील्स प्रा.लि.के पॉवर प्लांट में विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. •अनंत पुरोहित ‘ अनंत ‘ की एक काव्यसंग्रह ‘ राम घर में आ रहे हैं ‘ में रचनाएँ प्रकाशित. •’ छत्तीसगढ़ आसपास ‘ में ‘ अनंत ‘ की ये पहली कविता प्रकाशित हुई है.- संपादक ]
▪️▪️▪️▪️▪️▪️▪️▪️▪️▪️
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)