- Home
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें… [ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]
छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें… [ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]

▪️
संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा आयोजित त्रैमासिक कशीदाकारी प्रशिक्षण शिविर का समापन…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग के तत्वाधान में, नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य के अंतर्गत, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सीएसआर सेक्टर-5 में, कशीदाकारी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। इस कशीदाकारी प्रशिक्षण शिविर में कुल 30 महिलायें शामिल थी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ, पारिवार के आर्थिक सहयोग में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ाना था। यह प्रशिक्षण 3 महीने तक प्रदान किया गया।

इस शिविर का शुभारंभ 11 दिसम्बर 2023 को तथा समापन 23 मार्च 2024 को हुआ। जिसका समापन समारोह 24 अप्रैल 2024 को आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (पर्सनल-वर्क्स) श्रीमती शीजा मैथ्यू उपस्थित थी। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन नायर, वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) श्री सुशील कामड़े सहित उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री के के वर्मा मौजूद रहे।

श्रीमती शीजा मैथ्यू ने सीएसआर के इस पहल और सभी महिलाओं के कशीदाकारी कार्य की सराहना की। उन्होंने सभी महिलाओं को इस कार्य से रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने अन्य जरूरतमंद महिलाओं को भी प्रशिक्षित करने और अपने कार्य से देश की अर्थव्यवस्था में भागीदार बनने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस शिविर में महिलाओं को प्रशिक्षण देने हेतु प्रशिक्षक श्रीमती निशा गोयल का विशेष योगदान रहा। श्रीमती निशा गोयल छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड द्वारा पंजीकृत प्रशिक्षिका हैं। इस प्रशिक्षण हेतु शहरी क्षेत्र का चुनाव करने का मुख्य कारण, ग्रामीण क्षेत्रों की अपेक्षा शहरी क्षेत्रों में कढ़ाई के प्रति अधिक रुझान है। इस शिविर में विभिन्न कढ़ाई जैसे ज़रदोजी, गोटापट्टी, मिरर, फुलकारी, चिकनकारी, कांथा, कसूती आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने कुशन कवर, बेड शीट, टेबल क्लॉथ, फ्रेम वर्क, दुपट्टा, हुप आर्ट, कुर्ती तथा सूती की साडियों में कढ़ाई करना सिखा। साथ ही विभिन्न राज्यों के स्टिच जैसे कर्नाटका, लखनवी, काथावर्क, चैन, उल्टी बखिया, एप्लिक वर्क आदि सिखाया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं के कौशल का विकास तो होगा ही, साथ ही इनके लिए रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। गृहणी महिलाओं की सुविधा को देखते हुए यह प्रशिक्षण, सुबह और शाम दो शिफ्ट में दिया जाता था।

इस प्रशिक्षण के समापन पर कुछ महिलाओं ने बताया, कि वे इस कौशल विकास से कैसे लाभान्वित हुई हैं। उन्होंने बताया की 30 महिलाओं में से कुछ लोगों को इस कौशल विकास के प्रशिक्षण के दौरान ही रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। महिलाओं ने कहा कि यह प्रशिक्षण निश्चित रूप से भविष्य में भी उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम का संचालन विकास सहायक (सीएसआर) श्रीमती रजनी रजक द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन श्री सुशील कामड़े द्वारा दिया गया।
०००
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा चिकित्सा शिविरों का आयोजन…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के तत्वाधान में निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन अपने आस-पास के परिधीय क्षेत्रों एवं खदान क्षेत्रों में किया जाता है। इसी के तहत 23 अप्रैल 2024 को ग्राम चंगोरी में तथा 24 अप्रैल 2024 को ग्राम अंडा में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

चंगोरी में चिकित्सा शिविर
आदर्श इस्पात ग्राम चंगोरी में आयोजित चिकित्सा शिविर में कुल 42 लोगों की जांच करके उनको दवाई वितरण किया गया। प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुए शिविर में सामान्य जांच, शुगर, बीपी जांच के अतिरिक्त निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की गई।

अंडा में चिकित्सा शिविर
आदर्श इस्पात ग्राम अंडा में आयोजित चिकित्सा शिविर में कुल 52 लोगों की जांच करके दवाई वितरण किया गया। इस शिविर में सीएसआर मेडिकल टीम से चिकित्सक डाॅ एम सरस्वती, फार्मासिस्ट श्री सुसान जैकब, शुगर एवम बीपी परीक्षण के लिए फिरोजा जोसफ, पंजीयनकर्ता श्री मंजूर आली तथा विभाग की ओर से श्री बुधेलाल उपस्थित थे।
भिलाई इस्पात संयंत्र अपने आस-पास के परिधीय क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की निःशुल्क सुविधा काफी लंबे समय से उपलब्ध कराता आ रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए निरन्तर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, संयंत्र के परिधीय क्षेत्रों तथा खनि नगरियों में किया जा रहा है।
इसी क्रम में 27 अप्रैल 2024 को कंचादुर तथा 30 अप्रैल 2024 को ढाबा में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
०००
▪️
बीएसपी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2024 के लिए पंजीयन 10 मई से…

प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा दिनांक 10 मई, 2024 से 09 जून, 2024 तक स्कूली बच्चों हेतु ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित की जा रही है। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के लिये सभी संबंधित ग्राउंड्स/स्टेडियम में खिलाड़ियों का पंजीयन दिनांक 10 मई, 2024 से 15 मई, 2024 के मध्य किया जायेगा।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2024 में शामिल 25 खेलों का विभिन्न खेल परिसरों, शालाओं के हाॅल एवं क्रीड़ागणों में प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। 25 खेलों की सूची निम्न है-एथलेटिक्स, बैडमिन्टन, बाॅल बैडमिन्टन, बास्केटबाॅल, बाॅक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, फुटबाॅल, हैंण्डबाॅल, हाॅकी, कराटे, जूडो, पावर लिफ्टिंग, कबड्डी, टेनिस, टेबल टेनिस, वालीबाॅल, योगा, सायकल पोलो, कराटे, फेंसिंग, जिम्नास्टिक, खो-खो, नेटबाॅल, भारोत्तोल तथा कुश्ती। इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों (कोच) द्वारा प्रशिक्षित किया जाता है।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2024 के 25 खेलों एवं शिविर हेतु विभिन्न खेल परिसरों की सूची निम्नलिखित है। एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जयंती स्टेडियम एवं आईटीआई-खुर्सीपार में, बैडमिन्टन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन इन्डोर स्टेडियम, इंदिरा प्लेस में, बाॅल बैडमिन्टन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बाॅल बैडमिन्टन ग्राउंड, सेक्टर-4 में, बास्केटबाॅल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बास्केटबाॅल कोर्ट, पंत स्टेडियम, सेक्टर-1 में तथा बाॅक्सिंग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर-2 इस्पात क्लब, सेक्टर-8 इस्पात क्लब, इन्डोर स्टेडियम, सेक्टर-1 इस्पात क्लब।
इसी प्रकार शतरंज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सीनियर सेकेण्डरी स्कूल सेक्टर-5 के हाॅल में, क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर-1 इस्पात क्लब एवं बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड, इंदिरा प्लेस में, फुटबाॅल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन पंत स्टेडियम एवं हाॅस्पिटल सेक्टर में, हैंण्डबाॅल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ईएमएमएस, सेक्टर-10 एवं हैंडबाॅल ग्राउण्ड, सेक्टर -4 में, हाॅकी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जयंती स्टेडियम में, जूडो प्रशिक्षण शिविर सेक्टर-4 जूडो हाॅल में, पावर लिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर सेक्टर-6 पावर जिम में, कबड्डी प्रशिक्षण शिविर पंत स्टेडियम एवं खुर्सीपार में, टेनिस प्रशिक्षण शिविर पंत स्टेडियम तथा बीएसपी टेनिस काॅम्पलेक्स, सिविक सेंटर में, टेबल टेनिस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन इन्डोर स्टेडियम, इंदिरा प्लेस, इस्पात क्लब-खुर्सीपार में किया जाएगा।
वालीबाॅल प्रशिक्षण शिविर पंत स्टेडियम, इस्पात क्लब-खुर्सीपार, हुडको एवं सेक्टर-5 में, योगा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन एसएसएस सेक्टर-10 में, सायकल पोलो प्रशिक्षण शिविर का आयोजन एसएसएस, सेक्टर-7 में, कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर-5 इस्पात क्लब, इस्पात क्लब-मरोदा, सेक्टर-1 इस्पात क्लब, फेंसिंग प्रशिक्षण शिविर एसएसएस, सेक्टर-7 में, जिमनास्टिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन खेल परिसर, सेक्टर-4 में, खो-खो प्रशिक्षण शिविर सेक्टर-4 खेल परिसर एवं खुर्सीपार में, नेटबाॅल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ईएमएमएस, सेक्टर-6 में, भारोत्तोलन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर-6 इस्पात क्लब तथा कुश्ती प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बीएसपी अखाड़ा, सेक्टर-3 में किया जाएगा।
प्रतिवर्ष आयोजित इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में बीएसपी व गैर बीएसपी शालाओं के लगभग 3000 छात्र/छात्राएं भाग लेते हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा इन प्रशिक्षण शिविरों की आयोजन की सम्पूर्ण व्यवस्था करवायी जाती है। यह छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर है जो बच्चों की खेल प्रतिभाओं को अवसर देकर उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास कर रहा है।
०००
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)