- Home
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें [ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]
छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें [ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]

▪️
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 144 वीं तिमाही समीक्षा [ई] बैठक सम्पन्न

भिलाई इस्पात संयंत्र राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 144वीं तिमाही समीक्षा (ई) बैठक, 24 मई 2024 को मुख्य महाप्रबंधक (लर्निंग एण्ड डेवलपमेंट एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता), सुश्री निशा सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समस्त कार्यपालक निदेशकगण तथा संयंत्र के सभी विभाग प्रमुखगण, सदस्य के रूप में ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (लर्निंग एण्ड डेवलपमेंट एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता) सुश्री निशा सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी में कार्य करना हमारा संवैधानिक कर्तव्य है। अपने सहकर्मियों के साथ हिंदी में वार्तालाप करना, कार्य को समझने में सहायता करने के साथ ही साथ उन्हें अपनेपन की अनुभूति देता है। अतः हम सबका अधिक से अधिक प्रयास होना चाहिए कि हम हिंदी में ही समस्त कार्य करें और विशेषकर जब लिखने की बारी आए तो हिंदी में ही लिखें। उन्होंने कहा कि हमारा संयंत्र हिंदी में कामकाज करने के लिए अधिसूचित संस्थान है। हमारे संयंत्र को 100 प्रतिशत कामकाज हिंदी में करने के लिए निर्देशित किया गया है। हमें इसके अनुपालन की दिशा में हर संभव प्रयास करना है।
वर्तमान समय में कंप्यूटर पर यूनिकोड गूगल ऑनलाइन वॉइस टाइपिंग के द्वारा आसानी से हिंदी में टाइप करने की सुविधा है। राजभाषा विभाग द्वारा विभिन्न विभागों में आयोजित होने वाली प्रत्येक कार्यशाला में गूगल ऑनलाइन वॉइस टाइपिंग का प्रदर्शन करके प्रशिक्षण दिया जाता है। इसकी सहायता से ऑनलाइन नोटशीट सिस्टम सैप में भी हिंदी में नोटशीट बनाए जा रहे हैं, हमें इसका अधिकाधिक प्रसार करना है।
सहायक महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन) श्री सुभाष भाई पटेल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए हिंदी के प्रगामी प्रयोग को प्रोत्साहन करने हेतु समस्त विभाग प्रमुखगण का आभार व्यक्त किया और कहा कि हमारे हिंदी के आयोजनों में विभिन्न विभागों के कार्मिकों की प्रतिभागिता रहती है, यह आप सबके हिंदी के प्रति प्रेम व समर्पण को प्रमाणित करता है। आप सबके प्रयासों के फलस्वरूप हमने हिंदी में कार्यव्यवहार में लगातार प्रगति की है, हमें यह क्रम जारी रखते हुए पूर्णतः शत-प्रतिशत हिंदी में कार्यव्यवहार का लक्ष्य प्राप्त करना है।
उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने विगत बैठक की कार्यसूची का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, तत्पश्चात शत-प्रतिशत हिंदी में पत्राचार करने वाले विभागों का उल्लेख कर आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन किया तथा आभार प्रदर्शन किया।
०००
▪️
ग्रीष्मकालीन शिविर : 25 खेलों में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर जारी : शिविर 10 मई- 10 जून तक चलेगा : सुबह- शाम सैकड़ों बच्चे भाग ले रहे हैं


प्रतिवर्ष भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा, स्कूली बच्चों हेतु ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजन किया जाता है। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के तहत भिलाई टाउनशिप और आसपास के बीएसपी और गैर-बीएसपी स्कूलों के कई बच्चों तथा युवा बालक और बालिकाओं को भिलाई के 41 खेल परिसरों, स्कूल हॉल और खेल मैदानों में विशेषज्ञ खेल प्रशिक्षकों द्वारा 25 खेलों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। 10 मई 2024 से 10 जून 2024 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2024 में 100 से अधिक विशेषज्ञ कोच और प्रशिक्षकों द्वारा महीने भर से खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जो क्रीडा, सांस्कृतिक और नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा शिक्षा विभाग तथा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में 120 विशेषज्ञ कोच और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में 728 बालिकाओं सहित 2,580 बच्चों ने भाग लिया था। इस वर्ष एक महीने तक चलने वाले ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के तहत वर्तमान में 169 बच्चे फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिसमें पंत स्टेडियम के फुटबॉल कॉम्प्लेक्स में 74 लड़के और फुटबॉल ग्राउंड, सेक्टर-9 में 95 बच्चे (90 बालक और 05 बालिका) शामिल हैं। वॉलीबॉल प्रशिक्षण वर्ग में 51 बालक और 39 बालिकाओं सहित कुल 90 बच्चे वॉलीबॉल ग्राउंड, इस्पात क्लब-खुर्सीपार में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, तथा 19 बच्चे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-4 में खो-खो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस प्रशिक्षण शिविर के तहत कुल 40 बच्चे विभिन्न स्थानों पर बॉक्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, तथा 28 बच्चे सेक्टर-4 स्थित जूडो क्लब में जूडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं। पंत स्टेडियम और खुर्सीपार के कबड्डी ट्रेनिंग कैम्प में 57 बच्चों तथा बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स, सिविक सेंटर, भिलाई में 45 बच्चों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
महीने भर चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में शामिल 25 खेलों में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉल बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, कराटे, जूडो, टेनिस, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, योगा, खो-खो, कबड्डी, पावरलिफ्टिंग, साइकिल पोलो, जिम्नास्टिक, फेंसिंग, नेटबॉल, भारोत्तोलन और कुश्ती में बच्चों को प्रशिक्षित किया जाएगा।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पौष्टिक भोजन जैसे गुड़, भुना चना आदि भी प्रदान किया जाता है और प्रशिक्षुओं को खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए जाते हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र एकमात्र ऐसा संगठन है जो खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने इस तरह का विशाल खेल प्रशिक्षण सुविधा का विगत 50 वर्षों से आयोजन करता आ रहा है।
०००
▪️
बीएसपी-सीएसआर द्वारा ‘पऊ वारा’ में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन : शिविर का उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा का लाभ मिले

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा ग्राम पऊवारा में दिनांक 25 मई, 2024 को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुए शिविर में सामान्य जांच, शुगर, बीपी के अतिरिक्त निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की गई। इस शिविर में कुल 44 लोगों की जांच करके उनको दवाई वितरण किया गया। ग्राम पंचायत भवन में ही शिविर का आयोजन किया गया।
ग्राम पऊवारा आयोजित चिकित्सा शिविर में सीएसआर मेडिकल टीम की ओर से डॉ सरस्वती, बीपी व शुगर परीक्षण हेतु श्री शुसन, फार्मासिस्ट श्री ए एस गौर, पंजीकरण हेतु श्री शंभू तथा सीएसआर विभाग की ओर से श्री महारा राम उपस्थित थे।
इस शिविर में सामान्य जांच के साथ मुफ्त दवा का वितरण भी किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र अपने आस-पास के परिधीय क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की निःशुल्क सुविधा काफी लंबे समय से उपलब्ध कराता आ रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

उल्लेखनीय है कि सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का निरन्तर आयोजन किया जा रहा है। बीएसपी द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर का उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा का लाभ पहुंचाना है। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन संयंत्र के परिधीय क्षेत्रों तथा खनि नगरियों में किया जा रहा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने रोजगार मूलक प्रशिक्षण कार्यक्रम, अंचल में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने विभिन्न कार्यक्रम, ग्रामीण विकास के कार्यों में आर्थिक सहयोग तथा लोक कलाकारों को मंच देने ग्रामीण लोक कला उत्सव सहित आदि अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करता हैं|
०००
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)