- Home
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें[ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]
छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें[ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]

भिलाई इस्पात संयंत्र ने अप्रैल से जून तिमाही में दर्ज किया अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने वर्तमान वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में उत्पादन और तकनीकी-अर्थशास्त्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। संयंत्र ने पहली तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ 1.28 मिलियन टन सेलेबल स्टील उत्पादन दर्ज कर, वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दर्ज 1.22 मिलियन टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन को पार किया। संयंत्र ने अप्रैल से जून अवधि में अब तक का सर्वश्रेष्ठ 1.16 मिलियन टन फिनिश्ड स्टील उत्पादन दर्ज किया, जो कि वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दर्ज 1.08 मिलियन टन फिनिश्ड स्टील उत्पादन से अधिक है।

भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपनी स्थापना के बाद से किसी भी पहली तिमाही अवधि के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ कुल 2.91 लाख टन प्राइम रेल उत्पादन दर्ज कर, वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 2.88 लाख टन को पार किया। कुल प्राइम रेल उत्पादन में संयंत्र की यूनिवर्सल रेल मिल से 1.98 लाख टन का सर्वश्रेष्ठ प्राइम रेल उत्पादन शामिल है, जो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दर्ज 1.90 लाख टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन से अधिक है।
संयंत्र ने वित्तीय वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही, अप्रैल से जून अवधि में दर्ज 2.18 लाख टन लांग रेल उत्पादन के पिछले सर्वश्रेष्ठ की तुलना में वर्तमान वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ 2.36 लाख टन लांग रेल उत्पादन किया। इसके अंतर्गत यूनिवर्सल रेल मिल द्वारा उत्पादित 1.90 लाख टन का उच्चतम लांग रेल उत्पादन शामिल है, जो कि वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 1.82 लाख टन से अधिक है। संयंत्र की रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल ने भी 46,654 टन का उच्चतम लांग रेल उत्पादन दर्ज कर, वर्ष 2012-13 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 37,516 टन को पार किया। वर्तमान वित्त वर्ष की अप्रैल से जून अवधि में किसी भी पहली तिमाही अवधि के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ कुल 2.36 लाख टन लांग रेल की लोडिंग की गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 में दर्ज 2.17 लाख टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ लोडिंग से कहीं अधिक है।
स्टील मेल्टिंग शॉप-3 ने किसी भी तिमाही अवधि के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ कास्ट बिलेट उत्पादन 5.77 लाख टन दर्ज करते हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 की इसी अवधि में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 5.38 लाख टन को पीछे छोड़ा। संयंत्र की बार एंड रॉड मिल ने भी पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में दर्ज 2.18 लाख टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन की तुलना में वर्तमान वित्त वर्ष की अप्रैल से जून अवधि में अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 2.41 लाख टन दर्ज किया।

संयंत्र के ओर हैंडलिंग प्लांट ने स्थापना के बाद से किसी भी पहली तिमाही की अवधि के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ 5.78 मिलियन टन कुल मटेरियल हैंडलिंग किया, जो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ 5.54 मिलियन टन से कहीं अधिक है। संयंत्र की मोडेक्स यूनिट, रिफ्रैक्टरी मैटेरियल प्लांट-3 ने पहली तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ 1.58 लाख टन लाइम और कैलसाइंड डोलोमाइट उत्पादन दर्ज करते हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 1.43 लाख टन को पार किया।
वर्तमान वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान संयंत्र ने किसी भी अप्रैल से जून अवधि के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ 1.26 मिलियन टन सेलेबल स्टील लोडिंग दर्ज करते हुए, वित्तीय वर्ष 2023-24 में दर्ज 1.18 मिलियन टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ लोडिंग को पार किया। पहली तिमाही के दौरान संयंत्र द्वारा डायरेक्ट डिस्पैच के लिए 7.16 लाख टन की लोडिंग की गई जो कि किसी भी तिमाही अवधि के लिए अब तक की सर्वश्रेष्ठ लोडिंग रही। संयंत्र ने वित्त वर्ष 2023-24 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ 6.12 लाख टन लोडिंग को पीछे छोड़ा। तकनीकी-अर्थशास्त्र के क्षेत्र में, संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस ने पहली तिमाही में 430 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल (किलोग्राम/टीएचएम) की अब तक की सर्वश्रेष्ठ कोक रेट दर्ज की, जो कि पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की इसी अवधि में दर्ज 449 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल से कम और बेहतर है। इसके साथ ही ब्लास्ट फर्नेस ने अब तक की उच्च कोल डस्ट इंजेक्शन (सीडीआई) दर 131 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल दर्ज कर, वित्त वर्ष 2023-24 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ 118 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल को पार किया।
——————
फोर्ज एवं स्टील स्ट्रक्चरल शॉप में सुरक्षा प्रोत्साहन सप्ताह का आयोजन

भिलाई इस्पात संयंत्र के फोर्ज एवं स्टील स्ट्रक्चरल शॉप में 01 जुलाई से 06 जुलाई 2024 तक सुरक्षा प्रोत्साहन सप्ताह का आयोजन किया गया। सुरक्षा प्रोत्साहन सप्ताह के दौरान सुरक्षा पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम जैसे सुरक्षावार्ता, सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा स्लोगन, नियर मिस केस पर प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया। विभिन्न सुरक्षा विषयक कार्यक्रमों में ठेका श्रमिकों के साथ सुरक्षा संचार मंच, नियर मिस केस, आपातकालीन तैयारी योजना पर चर्चा, अग्निशमन यंत्रों के उचित उपयोग एवं सावधानियां तथा प्राथमिक उपचार पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से आयोजित सुरक्षा प्रोत्साहन सप्ताह के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री एस के अग्रवाल एवं विशेष अतिथि कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (शाॅप्स) श्री एच के सचदेव, महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री एस के महतो ने विभाग द्वारा किये गए आयोजन एवं प्रयासों की सराहना की तथा सुरक्षा सम्बन्धी गतिविधियों में व्यक्तिगत एवं सामूहिक भागीदारी हेतु आव्हान किया। साथ ही उन्होंने भविष्य में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु अपनी शुभकामनाएं भी दी।
इस अवसर पर विभागप्रमुख व महाप्रबंधक (फोर्ज-एसएस शॉप) श्री जितेन्द्र मोटवानी ने सेफ्टी टेक्निकल स्टैंडर्ड, नियर मिस केस एवं अन्य सुरक्षा विषयक पहलुओं पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिया।

विभागीय सुरक्षा अधिकारी व उप प्रबंधक श्री समीर मोहरील ने विभाग का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। फोर्ज एवं स्टील स्ट्रक्चरल शॉप में सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं बेस्ट सेफ्टी मैन, सेफ्टी स्लोगन, नियर मिस केस, कविता एवं पोस्टर आदि के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विभाग के सहायक महाप्रबंधक श्री अधिकारी साहू, वरिष्ठ प्रबंधक श्री एम एस बघेल, उप प्रबंधक श्री जीतेन्द्र गुप्ता तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार विजेता प्रतिभागी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश सिंह ठाकुर ने तथा श्री के विक्रम ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सुरक्षा सप्ताह के सफल आयोजन में श्री अखिलेश उपाध्याय, श्री आर एस यादव, श्री डी पी देवांगन, श्री आशीष चक्रवर्ती, श्री विनय साहू, श्री ज्योतिनाथ, श्री के के वर्मा का विशेष योगदान रहा।
—————-
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ भिलाई द्वारा वृक्षारोपण

भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ भिलाई द्वारा 08 जुलाई 2024 को बीएसपी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई सेक्टर -2 स्थित अपने के प्रांगण में एक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजन किया गया| इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य जिला आयुक्त एवं महाप्रबंधक (शिक्षा-टीएसडी) श्रीमती शिखा दुबे एवं विशिष्ट अतिथि जिला आयुक्त (गाइड्स) श्रीमती सुमीता सरकार एवं जिला आयुक्त (स्काउट्स) श्री विजय सिंह पवार द्वारा ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाकर वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नीम एवं अशोक के 50 पौधे लगाए गए।
वृक्षारोपण के महत्व को समझाते हुए मुख्य अतिथि ने उनके संवर्धन एवं संरक्षण के लिए सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्काउट-गाइड, एन सी सी एवं इको क्लब के छात्र-छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया तथा उन्हें पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर वृक्षों की देखभाल एवं रक्षा की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर आधारित चित्र कला एवं स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। अंत में जागरूकता हेतु आयोजित रैली में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला आयुक्त गाइड्स श्रीमती सुमीता सरकार ने वर्तमान संदर्भ में वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला। जिला आयुक्त स्काउट्स श्री विजय सिंह पवार ने अपने उद्बोधन में बताया कि वृक्ष किस प्रकार हमारे लिए लाभप्रद हैं। भूमि का कटाव रोकने, वातावरण के तापमान को नियंत्रित करने एवं पर्याप्त आक्सीजन उपलब्ध कराने में वृक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
भारत स्काउट- गाइड जिला संघ के डी ओ सी श्री सत्यनारायण साहू एवं श्रीमती कीर्तिलता देशमुख के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा पेड़ लगाने व उसकी रक्षा करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर डीटीसी श्रीमती मीनाक्षी अय्यर, डॉ. शीतलचंद्र शर्मा, शाला के समस्त शिक्षकगण, रेंजर्स व स्काउट-गाइड ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया।

विद्यालय के एन सी सी कैडेट्स ने श्रीमती खामेश्वरी गंजीर के मार्गदर्शन में तथा स्काउट्स एवं गाइड्स ने प्रभारी श्रीमती वंदना रवि सोनवाने एवं श्रवण कुमार साहू के निर्देशन में एवं इको क्लब के छात्रों ने श्रीमती निशि शिवप्पा के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ व्याख्याता श्री देवेन्द्र कुमार साहू श्रीमती सविता धपवाल एवं संगीता मिश्रा का विशेष सहयोग रहा। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में सम्पूर्ण शालेय परिवार का विशेष योगदान रहा।
————–
सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र में नौकरियों की सौगात, कुल 45 पदों पर होगी भर्ती

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु औपचारिक सूचना जारी की गयी है| यह भारत सरकार की प्रतिष्ठित महारत्न कंपनी भिलाई इस्पात संयंत्र में रोजगार प्राप्त कर अपना करियर बनाने का सुनहरा अवसर है| भिलाई इस्पात संयंत्र ने विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु ऑनलाईन माध्यम से आवेदन आमंत्रित किया है| जिसका विवरण इस प्रकार है-
सहायक प्रबन्धक (सर्वे) हेतु 03 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसका ग्रेड ई-01 एवं अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गयी है| सलाहकार (ई3 ग्रेड) तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (ई2 ग्रेड) हेतु कुल 19 पदों पर भर्तियाँ की जाएंगी, जिसके लिए अधिकतम आयु क्रमश: 41 व 38 वर्ष तय की गयी है| इसी प्रकार चिकित्सा अधिकारी (ओ.एच.एस.) हेतु ई-01 ग्रेड में 01 पद पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए अधिकतम आयु सीमा 34 वर्ष निर्धारित की गयी है| माइन्स फोरमेन हेतु 03 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसका ग्रेड एस-03 एवं अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित है| वहीँ खदानों के लिए जूनियर इन्जिनीयरिंग एसोसिएट (विद्युत पर्यवेक्षक) हेतु कुल 14 पदों पर भर्तियाँ की जाएंगी, जिसका ग्रेड एस-03 एवं अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गयी है| साथ ही टेक्निकल एसोसिएट (बॉयलर ऑपरेशन) हेतु 05 पदों पर नियुक्ति की जाएंगी, जिसका ग्रेड एस-01 व अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष निर्धारित की गयी है|
आवेदन कैसे करें :
इच्छुक व पात्र उम्मीदवारों को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की वेबसाइट www.sail.co.in (Careers) के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन करना होगा। किसी अन्य साधन/ माध्यम से भेजे गये आवेदन स्वीकार नही किए जायेंगे। आवेदन करने से पूर्व उम्मीदवार को सुनिश्चित करना होगा कि, वे आवेदन करने वाले पद हेतु वांछित सभी पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं| उम्मीदवार आवेदन करने के लिए उपयुक्त लिंक पर क्लिक कर वांछित जानकारियां प्रविष्ठ कर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं| वेबसाइट में आवेदन प्रविष्ट करने की प्रारंभिक तिथि 09 जुलाई 2024 तथा आवेदन प्रविष्ट करने की अंतिम तिथि 03 अगस्त 2024 निर्धारित है|
विदित हो कि निर्धारित आयु सीमा, ऑनलाइन आवेदन प्रविष्ट करने की अन्तिम तिथि तक मान्य होना अनिवार्य है| अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति उम्मीद्वारों के लिए आयु सीमा में अधिकतम 5 वर्ष एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (नान क्रेमीलेयर) के उम्मीद्वारों हेतु 3 वर्ष की शिथिलता, उनके लिए आरक्षित पदों में दी जायेगी। शारीरिक रूप से निःशक्त उम्मीद्वारों को निःशक्त व्यक्तियों हेतु अनुकूल चिन्हित पद में आयु सीमा में अधिकतम 10 वर्ष की शिथिलता दी जायेगी। ई. एस.एम. उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट सरकारी नियमानुसार प्रदान किये जायेंगे। इसके अलावा विज्ञापन, वेतनमान एवं विस्तृत जानकारी को सेल की वेवसाइट (www.sail.co.in)/ एम्पलायमेन्ट न्यूज/रोजगार समाचार में देखा जा सकता है।
——————-
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)