- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र ने तीन आवासों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया, सख्त कार्यवाही जारी : संबंधित मकान- सेक्टर-1 में सड़क- 31/3 जी और सड़क- 32/2 ई एवं सेक्टर-2 में क्रॉस सड़क- 2


भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग द्वारा 23 मई 2025 को प्रवर्तन अभियान चलाकर तीन बीएसपी आवासों को अवैध कब्जाधारियों से खाली कराया गया। इसमें एक लाइसेंसी आवास भी शामिल है। संबंधित क्वार्टरों—3जी/31/01, 2ई/32/01 और 3जी, क्रॉस स्ट्रीट-02, सेक्टर-2 को खाली कराकर मेंटेनेंस ऑफिस को सौंप दिया गया।
नगर सेवाएं विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रवर्तन अनुभाग टीम ने यह कार्यवाही करते हुए यह सुनिश्चित किया कि लाइसेंसी आवासों पर अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों को बाहर निकाला जाए। इस क्रम में कुछ अन्य परिसरों के निवासियों को भी तत्काल आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने जनता से अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि बीएसपी अपने आवासों को किराए पर नहीं देता है और न ही किसी आवंटी को बीएसपी आवास को किराए पर देने का अधिकार है। इसके बावजूद कुछ लोग बीएसपी के आवासों को अपनी संपत्ति बताकर अवैध रूप से किराए पर चढ़ा देते हैं और इससे आर्थिक वसूली करते हैं।
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने आगाह किया है कि ऐसे फर्जीवाड़े का शिकार हुए लोगों को नजदीकी पुलिस थाने और नगर सेवाएं विभाग को तुरंत सूचित करना चाहिए। बीएसपी प्रबंधन ऐसे अवांछनीय लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर रहा है और यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।
प्रबंधन द्वारा सभी अनधिकृत निवासियों को तत्काल स्वेच्छा से आवास खाली करने की सलाह दी गई है। अनुपालन न करने की स्थिति में अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध जबरन बेदखली तथा विधिक कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त, बीएसपी प्रबंधन ने यह भी घोषणा की है कि यदि कोई व्यक्ति बिजली चोरी, अनधिकृत व्यवसाय संचालन, अथवा टाउनशिप क्षेत्र में अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी, जिसमें एफआईआर दर्ज करना भी शामिल है।
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन उसके आवासीय परिसरों की सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में समय समय पर ऐसे ठोस कदम उठता रहा है।
▪️
दल्ली राजहरा में भिलाई इस्पात संयंत्र का ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण : शिविर- 2025 का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक [माइंस] आर.बी.गहरवार ने किया


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विभाग, लौह अयस्क समूह, दल्ली राजहरा द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर–2025 का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (माइन्स) श्री आर. बी. गहरवार ने सिटीजन क्लब, राजहरा में 22 मई 2025 को किया। यह प्रशिक्षण शिविर 22 मई 2025 से 10 जून 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर का उद्देश्य 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में छिपी खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस वर्ष शिविर में 12 खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें क्रिकेट, फुटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, जूडो, कराटे, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और तीरंदाजी शामिल हैं। इन सभी खेलों में सैकड़ों बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में महाप्रबंधक प्रभारी (दल्ली खदान) श्री विपिन कुमार, महाप्रबंधक (महामाया-दुलकी-कलवर खदान) श्री अरुण कुमार, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं सेवाएं) श्री एन. के. साहू, सहायक महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) श्री अतुल कॉलेश, सहायक महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) श्री रमेश हेडाऊ, सहायक महाप्रबंधक (सचिवालय) श्री नितेश छत्री, श्री लखन लाल चौधरी, श्री तिलक मानकर एवं श्री श्रीनिवासुलू सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि श्री आर. बी. गहरवार ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और बीएसपी द्वारा खेल गतिविधियों को दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाप्रबंधक (राजहरा माइन्स) श्री जयप्रकाश ने मानव संसाधन विभाग की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को प्रेरित किया कि वे इस प्रशिक्षण का भरपूर लाभ लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र, राजहरा माइन्स, राज्य और देश का नाम रौशन करें।
शिविर में प्रशिक्षण देने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों में श्री बालमुकुंद सिंह, श्री सुदर्शन कुमार सिंह, सुश्री दामिनी सिंह, सुश्री तेजेश्वरी साहू, श्री कृष्णमूर्ति, सुश्री अनीता शिंदे, सुश्री तामिन साहू एवं श्री कुशाल रजक प्रमुख रूप से शामिल हैं। ये सभी पूर्व में राष्ट्रीय मंच पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम गौरवान्वित कर चुके हैं।
खेल आयोजन समिति के प्रमुख सलाहकार श्री एस. के. व्यास ने अपने वक्तव्य में मुख्य महाप्रबंधक द्वारा विभिन्न खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए आभार जताया तथा खेल क्लबों की वर्तमान स्थिति और आवश्यकताओं से प्रबंधन को अवगत कराया।
कार्यक्रम में मानव संसाधन विभाग की ओर से उप प्रबंधक श्री गिरीश मढ़रिया ने स्वागत भाषण में शिविर की रूपरेखा, उद्देश्य तथा आयोजन में सहयोग हेतु मुख्य अतिथि और सभी विभागों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने यह भी बताया कि यह शिविर वर्ष 1971 से निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री रतीश मिश्रा द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता में मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों, सहायक प्रबंधक श्री के. शशांक राव, श्री आनंद कुमार, अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री संतराम साहू, श्री घनश्याम पारकर तथा सहयोगियों श्री हरकराम, श्री भोजराम एवं श्री महेश कुमार का विशेष योगदान रहा।
🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)