- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2025



सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2025 को उत्साहपूर्वक और व्यापक भागीदारी के साथ मनाया गया। संयंत्र के ओर हैंडलिंग प्लांट (ओएचपी), सिंटर प्लांट-3, सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग (एसईडी), ब्लास्ट फर्नेस-8, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, स्टील मेल्टिंग शॉप-3, राजहरा खदान, डीएवी स्कूल राजहरा तथा रावघाट माइंस सहित विविध विभागों, शॉपस, स्कूलों, कार्यालयों और खदानों में योग सत्रों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के तहत व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पर्यावरणीय संतुलन के अंतर्संबंध को रेखांकित किया गया।
भिलाई निवास में मुख्य समारोह
मुख्य समारोह भिलाई निवास के बहुद्देश्यीय सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें निदेशक (तकनीकी, परियोजनाएं एवं कच्चा माल) तथा निदेशक प्रभारी-अतिरिक्त प्रभार (भिलाई इस्पात संयंत्र) श्री मनीष राज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री एस. मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री बिपिन कुमार गिरी, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. एम. रविंद्रनाथ, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार तथा अध्यक्ष (सेफी एवं ओए) श्री एन. के. बंछोर, महासचिव (ओए) श्री परविंदर सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में योग गुरुओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई, जिसके पश्चात अनुभवी योग प्रशिक्षकों श्री रणवेश सरकार एवं श्री जी. पी. सिंह के निर्देशन में सुव्यवस्थित योग सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने विभिन्न आसनों और प्राणायामों का प्रदर्शन करते हुए योग की मूलभूत विधियों को समझाया।
मुख्य अतिथि श्री मनीष राज गुप्ता ने सत्र के समापन में योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने योग को दैनिक जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया और इसे मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य बताया। अंत में प्रतिभागियों द्वारा योग को जीवनशैली में अपनाने की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सुरक्षा अभियंत्रण विभाग की प्रातःकालीन पहल
सुरक्षा अभियंत्रण विभाग (एसईडी) द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रातः 7:00 बजे रोज गार्डन में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 60 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को उजागर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी, ने की।
इस सत्र का आयोजन महाप्रबंधक (एसईडी) श्री एस. आर. शेंडे, द्वारा किया गया, जिन्होंने स्वयं योगाभ्यास का नेतृत्व करते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया।
सिंटर प्लांट-3 में मंदिर परिसर में योग
सिंटर संयंत्र-3 में चंद्रमौलेश्वर मंदिर परिसर में प्रातः योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सिंटर प्लांट्स) श्री अनुप कुमार दत्त सहित सिंटर संयंत्र-2 व 3 के अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक श्री रामचंद्र वर्मा एवं श्री जितेंद्र शुक्ला ने सत्र का मार्गदर्शन किया।
दोपहर में महिला कर्मचारियों और महिला संविदा कर्मियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। तत्पश्चात सायं सत्र में योग पार्क में योग से संबंधित विस्तृत परिचर्चा आयोजित की गई और कार्यक्रम का समापन अंजनाद्री परिसर में प्रतीकात्मक वृक्षारोपण के साथ हुआ।
स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) में योग उत्सव
स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में स्थित सुरक्षा मंदिर प्रांगण में योग दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा ने योग को मानवीय शरीर के लिए “रखरखाव की प्रक्रिया” बताते हुए नियमित योग को जीवन का अंग बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री यू. एस. परगनिहा के समन्वय में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसे श्री नरेंद्र पटेल (ब्लास्ट फर्नेस), श्री आर. सी. वर्मा (ओएचपी) एवं श्री जितेंद्र शुक्ला (बीआरएम) ने संचालित किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न आसनों व प्राणायाम का अभ्यास करते हुए मन:शांति और ताजगी का अनुभव साझा किया।
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने इस अवसर पर अपने व्यापक औद्योगिक, खनन एवं प्रशासनिक परिसरों में योग को केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नहीं, बल्कि एक एकीकृत सांस्कृतिक अनुशासन के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
▪️
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के खदानों, विद्यालयों और अस्पतालों में व्यापक भागीदारी के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया



सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा 21 जून 2025 को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह एवं सक्रिय भागीदारी के साथ संयंत्र की खदान इकाइयों, विद्यालयों तथा अस्पतालों में मनाया गया। इस वर्ष का विषय “एक धरती, एक स्वास्थ्य के लिये योग” रहा, जो भारत की जी-20 थीम “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” के अनुरूप संपूर्ण स्वास्थ्य और पर्यावरणीय समरसता का संदेश देता है।
इस्पात नगरी में बीएसएफ, सीआईएसएफ सहित विभिन्न सुरक्षा संगठनों के परिसर और सामाजिक संगठनों में तथा सेक्टर-10 स्थित ज्ञान दर्शन योगाश्रम में इस्पात नगरी के नागरिकों ने भाग लिया।
रावघाट खदान में विशेष योग शिविर
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के रावघाट खदान क्षेत्र के खोड़गांव स्वास्थ्य केंद्र में विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। उप महाप्रबंधक (रावघाट खदान) श्री अमित मिश्रा तथा खदान प्रबंधक श्री के. के. गुप्ता ने शिविर में भाग लिया। बीएसएफ खोड़गांव इकाई के निरीक्षक शैलेश नेगी, कैम्प कमांडर अपनी टीम के साथ शिविर में सम्मिलित हुए।
प्रसिद्ध योग प्रशिक्षकों श्री प्रशांत यादव एवं श्री परिक्षित कुमार द्वारा योग सत्र का संचालन किया गया, जिसमें उन्होंने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के व्यावहारिक उपायों के साथ विभिन्न योग मुद्राओं एवं श्वसन तकनीकों का अभ्यास करवाया। रावघाट खदान के कर्मचारी एवं खोड़गांव स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा कर्मी पूरे उत्साह के साथ सत्र में शामिल हुए और योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
बीएसपी के विद्यालयों में उत्साहपूर्वक योग दिवस आयोजन
भिलाई टाउनशिप स्थित बीएसपी के विद्यालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग सत्रों का आयोजन कर छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग से जोड़ा गया।
जिन विद्यालयों में यह आयोजन हुआ उनमें ईएमएमएस सेक्टर 1, 6, 7, 9, रूआबांधा; सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 7 एवं 10; भिलाई विद्यालय सेक्टर 2; जीएचएसएस सेक्टर 11 तथा एचएसएस हिर्री खदान शामिल रहे। साथ ही संयंत्र के दल्ली राजहरा व नंदिनी खदान समूहों में भी राजहरा व नंदिनी स्थित डीएवही स्कुलों में सामूहिक योगाभ्यास सत्रों के साथ योग दिवस मनाया गया। विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण, शिक्षकों एवं छात्रों ने पूर्ण उत्साह से सहभागिता निभाई।
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में सामूहिक योगाभ्यास
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर 9 में योग दिवस पर चिकित्सालय के ओपीडी ब्लॉक में सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. एम. रविंद्रनाथ की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सत्र में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. उदय कुमार, चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक, डीएनबी डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरा-मेडिकल कर्मियों ने भाग लिया।
योग प्रशिक्षिकाओं श्रीमती बबीता सिंह एवं सुश्री निष्ठा द्वारा मूलभूत आसनों एवं प्राणायाम की शृंखला का अभ्यास कराया गया, जिनकी चिकित्सीय उपयोगिता पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती लता मिश्रा ने किया, जबकि श्रीमती अनुजा ने आभार प्रदर्शन किया।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)