- Home
- Chhattisgarh
- चर्मणवती साहित्य सम्मेलन एवं अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी : गाजियाबाद के सुप्रसिद्ध रचनाकार नागेंद्र त्रिपाठी को नेपाल-भारत मैत्री सम्मान से सम्मानित किया गया : भारत- नेपाल मैत्री निरंतर कायम रहेगी- न्यायमूर्ति तीर्थराज भट्ट
चर्मणवती साहित्य सम्मेलन एवं अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी : गाजियाबाद के सुप्रसिद्ध रचनाकार नागेंद्र त्रिपाठी को नेपाल-भारत मैत्री सम्मान से सम्मानित किया गया : भारत- नेपाल मैत्री निरंतर कायम रहेगी- न्यायमूर्ति तीर्थराज भट्ट

छत्तीसगढ़ आसपास
08 जुलाई, 2025
नई दिल्ली गाजियाबाद [नागेंद्र त्रिपाठी] : राष्ट्रीयता संरक्षण अभियान नेपाल,बुलंदी अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था भारत तथा डिलाशैनी गांव पालिका बैतड़ी के संयुक्त तत्वावधान में चर्मण्वती साहित्य सम्मेलन व अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया । उक्त साहित्य सम्मेलन में भारत तथा नेपाल के कवियों, लेखकों, साहित्यकारों,कलाकारों व समाजसेवियों ने भाग लिया । सम्मेलन के प्रथम सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला अदालत बैतड़ी के मा० न्यायाधीश तीर्थराज भट्ट ने किया । तत्पश्चात लोक कलाकारों तथा स्थानीय विद्यालय के बच्चों ने अपने नृत्य व गीतों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया ।
इस अवसर पर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि न्यायाधीश तीर्थराज भट्ट ने कहा कि भारत तथा नेपाल सदियों से एक दूसरे के मित्र रहे हैं यह मित्रता भविष्य में भी कायम रहेगी ।
समारोह को संबोधित करते हुए नेपाल संविधान सभा की सदस्य आनंदी पन्त अनम ने कहा कि भारत नेपाल मैत्री के बीच आने वाली हर दीवार गिरा दी जाएगी उन्होंने जोर देकर कहा कि मैं भी भारत में रहकर पढ़ी हूं । भारत भूमि से मेरी बचपन की स्मृतियां जुड़ी हैं ।
इस अवसर पर उपस्थित विशाल जन समुदाय को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित करते हुए भारत के सुप्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार माननीय नागेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि भारत नेपाल का मैत्री सम्बंध त्रेता युग से ही रहा है जब भगवान राम ने जनकपुर नेपाल निवासिनी देवी तुल्य मां सीता से विवाह किया था । आज नेपाल के लाखों लोगों को भारत … . .
रोजगार भी देता है । नेपाल के लोग भारतीय सेना तथा बॉलीवुड की फिल्मों के ही साथ अनेक उद्योग धंधों में भी समायोजित किए गए हैं । इस रोटी और बेटी के संबंध को अक्षुण्ण रखने की महती आवश्यकता है । श्री त्रिपाठी के इस वक्तव्य का समर्थन मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति माननीय तीर्थराज भट्ट जी ने भी अपने वक्तव्य में करते हुए उनकी सराहना की ।
द्वितीय सत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी में उत्कृष्ट काव्य पाठ हेतु भारत के नागेन्द्र त्रिपाठी को नेपाल भारत मैत्री सम्मान से नवाजा गया । भारत और नेपाल के कवियों ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया । डॉक्टर नारायणी भट्ट,आनंदी पन्त, हेम बाबू लेखक,रमेश पंत मीत बन्धु,कविराज भट्ट,जगदीश ओझा,साहिल दर्पण,आशुतोष त्रिपाठी,अमित कुमार शर्मा, खीमानंद बडू,करण तिवारी आदि कवियों को सराहनीय प्रस्तुति के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का सफल संचालन नेपाल के प्रसिद्ध कवि रमेश पंत मीतबंधु ने किया । संतोष प्रकाश जोशी (अध्यक्ष डिलासैनी गांव पालिका बैतड़ी )राजेंद्र जोशी,उत्तम बहादुर साउंद, निंगला सैनी,रेडियो पत्रकार भागीरथ अवस्थी आदि का योगदान भी सराहनीय रहा।

🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)