- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
अपशिष्ट से संपदा तक-एमआरडी ने स्लैग प्रेषण में रचा नया कीर्तिमान : मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी [सेवाएं] तुषार कांत ने एमआरडी तथा सीआईएसएफ कर्मियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मटेरियल रिकवरी विभाग (एमआरडी) ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए स्लैग प्रेषण में नया कीर्तिमान स्थापित किया। 18 अगस्त 2025 को एमआरडी ने एक ही दिन में सर्वाधिक 75 ट्रिप्स में कुल 2345.30 टन अन प्रोसेस्ड एलडी स्लैग का प्रेषण कर इतिहास रचा। इससे पहले 16 अगस्त 2025 को 72 ट्रिप्स और 2267.50 टन का कीर्तिमान दर्ज हुआ था, जिसे इस बार पीछे छोड़ दिया गया।
बीओएफ (एलडी) स्लैग का कुशल एवं समयबद्ध निपटान संयंत्र में निर्बाध उत्पादन प्रवाह बनाए रखने और पर्यावरणीय प्रभावों को कम करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस उपलब्धि से एमआरडी विभाग ने भिलाई इस्पात संयंत्र की परिचालन दक्षता, सतत संसाधन प्रबंधन और पर्यावरण-अनुकूल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस सफलता के पीछे एमआरडी सामूहिक के अथक प्रयास और विपणन विभाग, सीआईएसएफ तथा अन्य सहायक इकाइयों का घनिष्ठ सहयोग रहा। इस संयुक्त भागीदारी ने न केवल स्लैग के सुचारू परिवहन और समयबद्ध प्रेषण को सुनिश्चित किया, बल्कि संभावित अपशिष्ट को मूल्यवान संसाधन में बदलने की दिशा में भी ठोस कदम रखा।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएँ) श्री तुषार कांत ने एमआरडी टीम तथा सीआईएसएफ कर्मियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी इसी गति को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं मुख्य महाप्रबंधक (एमआरडी) श्री सुशील कुमार ने विपणन विभाग की सक्रिय भागीदारी और एमआरडी समूह की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
यह उपलब्धि महाप्रबंधक (संचालन) श्री आलोक माथुर के मार्गदर्शन में संभव हुई, जबकि वरिष्ठ प्रबंधक (एमआरडी) श्री प्रशांत यादव ने जमीनी स्तर पर टीम का नेतृत्व करते हुए कार्य के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
▪️
35वीं सीआईआई पूर्वी क्षेत्र कार्य कौशल प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारी को शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए 35 वीं सीआईआई कार्य कौशल प्रतियोगिता (पूर्वी क्षेत्र) में कई पुरस्कार जीतकर संयंत्र का नाम रोशन किया। 2024 में नई दिल्ली में आयोजित 35 वीं सीआईआई कार्य कौशल प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 19 अगस्त, 2025 को कोलकाता में आयोजित किया गया। कोलकाता में आज के ही दिन 36 वीं सी आई आई पूर्वी क्षेत्र कार्य कौशल प्रतियोगिता का उद्घाटन भी किया गया है। इसी समारोह में संयंत्र कर्मी सम्मानित किये गये है।
इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के इंजीनियरिंग एसोसिएट्स श्री पीला राम वर्मा एवं श्री शिव शंकर टंडन ने कारपेंटर ट्रेड में पुरस्कार प्राप्त किया। इसी क्रम में श्री अर्पित सिंह को कोपा ट्रेड, श्री प्रकाश को मिलर ट्रेड तथा श्री निथियानंथन एन. को पीएलसी ट्रेड में सम्मानित किया गया। इन उपलब्धियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र की क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा को और अधिक ऊँचाई प्रदान की।
इसी दिन 36 वीं सीआईआई पूर्वी क्षेत्र कार्य कौशल प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह भी सम्पन्न हुआ। इसमें भिलाई इस्पात संयंत्र के 27 प्रतिभागियों का मजबूत दल 20 से 22 अगस्त, 2025 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 9 विभिन्न ट्रेडों में प्रतिस्पर्धा में भाग लेगा।
भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन – ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग तथा सेल-भिलाई सामूहिक ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी तथा 36 वीं प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की क्षमता पर विश्वास व्यक्त करते हुए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)