- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा शासकीय शाला ‘चंगोरी’ में बॉउंड्रीवाल एवं मंच का हस्तांतरण : मुख्य अतिथि कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक [टीए एवं सीएसआर] ए. बी. श्रीनिवास थे


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला, चंगोरी में नव-निर्मित बॉउंड्रीवाल एवं कलामंच का विधिवत हस्तांतरण 20 अगस्त 2025 को आयोजित समारोह में किया गया। इस अवसर के मुख्य अतिथि कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (टीए एवं सीएसआर) श्री ए. बी. श्रीनिवास रहे.


मुख्यअतिथि एबी श्रीनिवास ने अपने उद्बोधन में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) टीम को बधाई दी व कहा की ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र सदैव आपकी मदद करता रहा है एवं आगे भी करेगा।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन, शाला के प्रधानाचार्य श्री पवन गायकवाड़, ग्राम सरपंच श्री हीरामन देशमुख, शिक्षक श्री विजय बेलचंदन, आरईएस प्रतिनिधि श्री रामटेके, उप महाप्रबंधक (टीएसडी) श्री आर. के. गर्ग, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा, उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री के. के. वर्मा, अनुभाग अधिकारी सुश्री के. वी. विजयलक्ष्मी एवं कार्यालय सहायक श्री बुधेलाल सहित सीएसआर विभाग के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे.
▪️
विश्व मच्छर दिवस पर भिलाई इस्पात संयंत्र में जन जागरूकता रैली एवं विशेष प्रशिक्षण : इस अवसर पर महाप्रबंधक [नगर सेवाएं] केके यादव ने उपस्थित दल के सदस्यों को सर्वेक्षण कार्य को और अधिक कारगर बनाने संबंधी सुझाव दिए


विश्व मच्छर दिवस 2025 के अवसर पर 20 अगस्त 2025 को सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जन स्वास्थ्य विभाग व जिला मलेरिया समिति, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में, जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एक वृहद जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मच्छरों से होने वाली बीमारियों एवं उनके बचाव के उपायों के प्रति जनमानस को जागरूक किया गया व आवश्यक जानकारी साझा की गयी।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि मच्छरों से फैलने वाले रोगों की रोकथाम में सामूहिक जन-जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, (नगर सेवाएं) श्री के.के. यादव ने भी उपस्थित दल के सदस्यों को सर्वेक्षण कार्य को और अधिक कारगर बनाने संबंधी सुझाव दिए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास पानी जमा न होने दें तथा सप्ताह में एक दिन “सुखा दिवस” के रूप में मनाकर मच्छरों के प्रजनन को रोकने में योगदान दें।
इसी उद्देश्य से सेक्टर-8 स्थित जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में ब्रिडिंग चेकर्स दल को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सर्वेक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश और व्यवहारिक टिप्स दिए गए।
यह उल्लेखनीय है कि भिलाई में मच्छर जनित रोगों और मच्छरों की वृद्धि के लिए काफी हरियाली और संभावना है। हरियाली के कारण मच्छरों के विनाश के लिए सघन प्रयास करना होता है। इसी कारण संयंत्र प्रबंधन द्वारा जिला मलेरिया विभाग के सहयोग से जून माह के अंतिम सप्ताह से वृहद सर्वेक्षण अभियान प्रारंभ किया गया है, जो डेंगू की संभावनाओं की समाप्ति तक जारी रहेगा.
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 में राजभाषा पखवाड़ा-2025 का शुभारंभ : पखवाड़े का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक [एसएमएस-3] त्रिभुवन बैठा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया : इस अवसर पर उपप्रबंधक [राजभाषा] जितेंद्र दास मानिकपुरी विशेष रूप से उपस्थित थे

भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात गलन शाला-3 में राजभाषा के प्रचार-प्रसार तथा यहाँ कार्यरत नियमित कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों के स्वाभाविक रुझान को देखते हुए राजभाषा पखवाड़ा-2025 का आयोजन प्रारंभ किया गया। पखवाड़े का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप प्रबंधक (राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शुभारंभ अवसर पर इस्पात गलन शाला-3 के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
श्री त्रिभुवन बैठा तथा श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने अपने उद्बोधन में कार्यस्थल पर हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग और संवर्धन पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालकों हेतु जेड.एन.एस. नोट राइटिंग प्रतियोगिता से की गई। पखवाड़े के अंतर्गत पूरे सप्ताह विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें गैर-कार्यपालकों हेतु अंग्रेज़ी से हिंदीरूपांतरण प्रतियोगिता निबंध लेखन प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, स्व-रचित कविता वाचन, तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता तथा क्विज़ प्रतियोगिता प्रमुख हैं।
कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक एवं हिंदी समन्वय अधिकारी, इस्पात गलन शाला-3 श्री उमाशंकर परगनिहा द्वारा किया गया। राजभाषा पखवाड़ा-2025 का समापन दिनांक 23 अगस्त 2025 को होगा.
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र में अंडर-14 एवं अंडर-19 क्रिकेट टीम हेतु पंजीयन प्रारंभ : पंजीकरण की प्रक्रिया 22-23 अगस्त, 2025 को बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड सिविक सेंटर में प्रात: 9.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक होगी

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा,सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा आगामी क्रिकेट सत्र 2026-27 के लिए अंडर-14 एवं अंडर-19 क्रिकेट टीमों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इन टीमों को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
पंजीयन की प्रक्रिया 22 एवं 23 अगस्त 2025 को बी.एस.पी. क्रिकेट ग्राउंड, सिविक सेंटर, भिलाई में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी। इसमें संयंत्र के कर्मचारियों के वार्ड (बच्चों) के साथ-साथ भिलाई परिधीय क्षेत्र के इच्छुक खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे। अंडर-14 आयु वर्ग के लिए जन्म तिथि 01 सितम्बर 2011 से 31 अगस्त 2013 के बीच और अंडर-19 आयु वर्ग के लिए 01 सितम्बर 2007 से निर्धारित सीमा तक जन्म लेने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे।
पंजीयन के समय प्रतिभागियों को पिछले छह वर्षों की अंकसूची, डिजिटल या मैनुअल जन्म प्रमाण पत्र, फोटो सहित पीवीसी आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो (मूल और प्रतिलिपि सहित) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। केवल वही खिलाड़ी चयन प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र होंगे जिन्होंने निर्धारित तिथियों पर पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण की होगी.
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)