- Home
- Chhattisgarh
- पीएम मोदी और उनकी मां पर अभद्र भाषा का विरोध – गरियाबंद में भाजपाइयों का गुस्सा फूटा, राहुल गांधी का पुतला दहन
पीएम मोदी और उनकी मां पर अभद्र भाषा का विरोध – गरियाबंद में भाजपाइयों का गुस्सा फूटा, राहुल गांधी का पुतला दहन
गरियाबंद। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अमर्यादित भाषा व गाली-गलौज किए जाने की घटना ने पूरे देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं को आक्रोशित कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित तिरंगा चौक पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार ने किया। भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिरंगा चौक पर जुटे और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपाइयों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी माता जी पर अभद्र शब्दों का प्रयोग केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान है।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर “निचली राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी का मकसद देश की जनता को भ्रमित करना और नेताओं का व्यक्तिगत अपमान करना मात्र रह गया है।
अनिल चंद्रकार ने कहा कि –
“वोटर अधिकार यात्रा के बहाने कांग्रेस बार-बार प्रधानमंत्री का अपमान कर रही है। लेकिन इस बार उनकी माता जी को गाली देना कांग्रेस की गिरती हुई राजनीति का सबसे शर्मनाक चेहरा है। राहुल गांधी का पुतला जलाकर हमनें कांग्रेस को चेतावनी दी है कि इस तरह की ओछी हरकतें अब देशवासी कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा ने कहा –
“प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहना न केवल एक महिला का बल्कि पूरे देश की आधी आबादी यानी माताओं-बहनों का अपमान है। कांग्रेस को इस पर माफी मांगनी ही होगी, वरना जनता जवाब देना जानती है।”
वहीं भाजपा नेता योगीराज माखन कश्यप ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा –
“यह सब कांग्रेस नेतृत्व की शह पर हो रहा है। प्रधानमंत्री को गाली देना सिर्फ भाजपा नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान है। राहुल गांधी को देश के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।”
पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ कहा कि नरेंद्र मोदी पर हमला करने वाले दरअसल भारत की गरिमा पर हमला कर रहे हैं। भाजपा ने कांग्रेस से तत्काल माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसे अमर्यादित बयान दोहराए गए तो पूरे प्रदेश में और भी उग्र विरोध प्रदर्शन होंगे।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)