- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र के आरईडी विभाग में कर्म शिरोमणि पुरुस्कार समारोह सम्पन्न : मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक [आरईडी] प्रोसेनजीत दास थे : कर्म शिरोमणि से सम्मानित कार्मिक रहे- डोल कुमार चौहान, टेक सिंह और संतोष कुमार पाल.

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के आरईडी विभाग में 5 सितम्बर, 2025 को कर्म शिरोमणि पुरुस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (आर.ई.डी) श्री प्रोसेनजीत दास रहे।
श्री प्रोसेनजीत दास ने कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह पुरस्कार केवल उत्कृष्ट कार्य के लिए ही नहीं बल्कि सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए भी प्रदान किया जाता है। मुख्य महाप्रबंधक श्री दास ने विजेताओं एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे तथा सुरक्षा को अपनी आदत में शामिल करेंगे और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखेंगे।
इस अवसर पर श्री डोल कुमार चौहान, श्री टेक सिंह एवं श्री संतोष कुमार पाल को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए तथा उन्हें उनके जीवनसाथियों हेतु भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रशंसा पत्र भेंट किया गया।
समारोह में महाप्रबंधक श्री आर. गोपाल कृष्णन, उप महाप्रबंधक श्री इन्द्रदीप चटर्जी, सहायक महाप्रबंधक श्री अमित राय, श्री अनिल पाढ़ी, श्रीमती मालिनी परगनिया, श्री मोहम्मद शाबिर, प्रबंधक श्री पुष्पेन्द्र सिंह एवं उप प्रबंधक श्री सौरभ यादव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेताओं की कार्यशैली एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में और भी उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री शालिनी चौरसिया एवं ऑफिस एसोसिएट सुश्री हर्षिता नाग ने किया।
▪️
बीएसपी भिलाई विद्यालय में शिक्षक अभिनंदन समारोह सम्पन्न : समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी [चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं] डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर और विशिष्ट अतिथि रहे महाप्रबंधक [संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क] अमूल्य प्रियदर्शी.



बीएसपी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-2 भिलाई में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के अवसर पर, पालक-शिक्षक समिति एवं भिलाई विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
छात्राओं तनिष्का, आर्या पांडे, योगिता एवं किरणदीप ने क्रमशः मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्राचार्य श्री विजय सिंह पवार एवं पीटीए अध्यक्ष श्री नारायण सिंह राजपूत का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। समारोह का स्वागत उद्बोधन पालक-शिक्षक समिति के अध्यक्ष ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर ने अपने उद्बोद्धन में कहा कि विद्यालय ही वह स्थान है जहाँ से जीवन की गंगा प्रवाहित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि कार्य ऐसा करना चाहिए, जिसे सदियों तक याद रखा जाए।
विशिष्ट अतिथि श्री अमूल्य प्रियदर्शी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी एक क्षेत्र में स्वयं को पारंगत कर उत्कृष्टता प्राप्त करनी चाहिए। आपको आपका स्किल ही जीवन के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा।
प्राचार्य श्री विजय सिंह पवार ने विद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं पर प्रस्तुति दी। इस अवसर पर चारों सदनों के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस की थीम पर ग्रीटिंग कार्ड भी प्रदर्शित किए।


कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शृंखला में क्वायर ग्रुप द्वारा श्री सतीष मिश्रा एवं श्रीमती रजनी रजक के मार्गदर्शन में स्वागत गान, गुरु वंदना एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। श्रीमती नेहा सिंह के निर्देशन में तनिष्का एवं सहयोगी छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुति दी। श्रीमती वंदना सोनवाने के मार्गदर्शन में रूद्र सिंह एवं सहयोगी छात्रों ने “क्लासरूम एक दिन” पर आधारित नृत्य-नाटिका का प्रदर्शन किया।
छात्रा दिव्या उपाध्याय ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन दर्शन पर भाषण दिया। छात्रा आर्या पांडे ने अंग्रेजी कविता और छात्रा रिया ने हिंदी कविता प्रस्तुत कर गुरुजनों को नमन किया। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित लोकगायिका श्रीमती रजनी रजक ने इस अवसर पर लोकगीत प्रस्तुत किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों द्वारा सभी शिक्षकों का श्रीफल एवं उपहार भेंटकर अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिवार एवं पालक-शिक्षक समिति की ओर से स्मृति चिह्न भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती वंदना सोनवाने एवं श्री एस.के. खोबरागड़े ने किया व धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती सरिता शाक्या ने किया। कार्यक्रम की सफलता में श्री डी.के. साहू, श्री पवन कुमार अग्रवाल, श्रीमती संगीता मिश्रा, श्री परवेज, श्रीमती यास्मीन, श्रीमती अर्पिता, श्रीमती मनीषा, श्री गोवर्धन, श्री राजेश, श्री एम.एम. राव, श्रीमती पद्मावती, श्रीमती विशाखा पांडे सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का सहयोग रहा।
▪️
भिलाई का गौरव : भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हर्ष गोहिया : संघ लोक सेवा आयोग [यूपीएससी] द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेस [सीडीसी] 2 परीक्षा 2023 में सफलता पाकर हर्ष ने ऑल इंडिया रैंक [आईआर] 187 हासिल की : हर्ष के पिता बीएसपी के पी एंड बीएस विभाग के कर्मचारी सत्य कुमार गोहिया एवं मिथिलेश गोहिया और बहन दीक्षा गोहिया एचपी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं

भिलाई के होनहार युवा लेफ्टिनेंट हर्ष गोहिया का भारतीय सेना में कमीशन होना न केवल उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि पूरे भिलाई नगर और सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र बिरादरी के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है। यह “माटी के लाल” की कहानी है, जो दृढ़ संकल्प, अनुशासन और देशभक्ति की उन मूल्यों को जीवंत करती है, जिन पर भारतीय सशस्त्र सेनाओं की पहचान टिकी है।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) 2 परीक्षा 2023 में सफलता पाकर हर्ष ने ऑल इंडिया रैंक (आईआर) 187 हासिल की। इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में प्रवेश मिला, जहां उन्होंने कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया। 6 सितंबर 2025 को वे औपचारिक रूप से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन हुए। यह गौरवशाली क्षण दूरदर्शन (डीडी नैशनल) पर सीधा प्रसारित हुआ, जिसे पूरे देश ने गर्व के साथ देखा।
हर्ष गोहिया की यह उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र की परंपरा और संस्कारों से भी गहराई से जुड़ी है। उनके पिता बीएसपी के पी एंड बीएस विभाग के कर्मचारी श्री. सत्य कुमार गोहिया, माता गृहिणी श्रीमती. मिथिलेश गोहिया, तथा बहन एचपी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर दीक्षा गोहिया उनके संबल रहे हैं। हर्ष की शैक्षिक जड़ें भिलाई इस्पात संयंत्र के शैक्षणिक संस्थानों—बीएसपी स्कूल, सेक्टर-2 और बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-10 से जुड़ी रही हैं, जिन्होंने उनके अनुशासन और प्रतिबद्धता की नींव रखी।
अपने शब्दों में हर्ष ने परिवार, मार्गदर्शकों, शुभचिंतकों और भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि उनका भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन होना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि साहस, अनुशासन और सेवा परमो धर्म के संकल्प का प्रतीक है।
भिलाई और सेल-बीएसपी के लिए यह सफलता औद्योगिक नगरी के उस विकासोन्मुख वातावरण का परिचायक है जो राष्ट्रीय सेवा और उत्कृष्टता की भावना को संवारता है। समग्र बीएसपी बिरादरी ने लेफ्टिनेंट हर्ष गोहिया को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और राष्ट्र-सेवा में उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की है। हर्ष की यह यात्रा भिलाई के उन असंख्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो भारतीय सेना की वर्दी पहनने और मातृभूमि की सेवा करने का सपना देखते हैं।
▪️
संयंत्र के संविदा कार्मियों द्वारा सुरक्षा पर अभिनव नाट्य प्रस्तुति : यह कार्यक्रम संयंत्र के कार्यपालक निदेशक [संकार्य] राकेश कुमार की अनुशंसा एवं मुख्य महाप्रबंधक [सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं] देवदत्त सतपथी के मार्गदर्शन में हुआ


भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन में दिनांक 6 सितंबर, 2025 को मानव संसाधन विकास भवन में सुरक्षा नाट्य समारोह प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार की अनुशंसा पर तथा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) श्री देवदत्त सतपथी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित करना था।
इस कार्यक्रम में ठेका श्रमिक साथियों ने आकर्षक नाट्य और कविता गायन प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, सयंत्र के विभिन्न विभागों के सुरक्षा अधिकारियों, संविदा श्रमिकों एवं आमंत्रित जनों की गरिमामय उपस्थिति रही I
असुरक्षित परिस्थिति और कार्यों को लाएं संज्ञान में
संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने संविदा कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सजगता और सतर्कता से कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। यदि कार्यस्थल पर कोई सुरक्षा उल्लंघन या असुरक्षित परिस्थिति दिखाई दे तो इसे विनम्रतापूर्वक मना कर दीजिए, आप पर कोई दबाव नहीं बना सकता हैं। यदि असुरक्षित स्थिति को समय रहते संज्ञान में लाया जाए तो दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इस वर्ष हुई दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते गैलरी सहित अन्य बातों को संज्ञान में लाया जाता तो यह सब घटनाएं रोकी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि संयंत्र की प्रथम पंक्ति पर कार्यरत ठेका श्रमिकों के सहयोग, जागरूकता और जिम्मेदारी से ही सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित होगी।
दुर्घटना से देर भली
ई.डी. (वर्क्स) श्री राकेश कुमार ने संयंत्र में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण कार्य के दौरान जल्दबाजी करना है। उन्होंने कहा कि “दुर्घटना से देर भली” — यदि कार्य में देरी हो रही हो तो उसे अपने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मान लीजिए, न कि कार्य को हड़बड़ी में कर जोखिम उठाएँ। थोड़ा समय बचाने के लिए की गई जल्दबाजी न केवल दुर्घटना का कारण बनती है, बल्कि संयंत्र और संबंधित व्यक्ति दोनों के लिए गंभीर नुकसान का कारण बन सकती है। श्री राकेश कुमार ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता दें और अपने परिवार की भलाई को सर्वोपरि मानते हुए जिम्मेदारी से कार्य करें।
ऊँचाई पर कार्य और कन्वेयर बेल्ट सुरक्षा पर प्रस्तुति-


ठेका श्रमिकों ने इस नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जहां पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन की टीम ने ऊंचाई पर कार्य उसमें शामिल खतरों पर प्रस्तुति दी वहीं कोक ओवन की टीम ने कन्वेयर बेल्ट सुरक्षा पर आकर्षक नाटिका का मंचन किया। इसके साथ-साथ मर्चेंट मिल के श्री मुरलीधर और पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन के सुलेमान खान ने सुरक्षा गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अंतर्गत 02 टीमों पी. बी. एस. और कोक ओवन और कोल केमिकल डिपार्टमेंट के संविदा श्रमिकों ने इस आयोजन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया वहीं मर्चेंट मिल के साथी ने सुरक्षा गीत प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों को उनकी प्रस्तुति के लिए महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा) श्री एस के अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा) श्री एस के सुनोव द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र मानिकपुरी ने किया। सुरक्षा विभाग के श्री अजय टल्लू, श्री अजय गोने, श्री वेंकटपति राजू एवं श्री अखिल मिश्रा सहायक प्रबंधक ने कार्यक्रम आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई।
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र की महिलाओं के स्वास्थ्य हेतु ‘ मिशन लक्ष्मी’ एक पहल बन रही मिसाल : ‘मिशन लक्ष्मी’ का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक [कार्मिक एवं प्रशासन] पवन कुमार ने किया


जेएलएनएचआरसी [जवाहर लाल नेहरु अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र] द्वारा बीएसपी सीएसआर के सहयोग से ‘मिशन लक्ष्मी’ नामक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 12 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की महिलाओं को स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता से जोड़ना है। मिशन लक्ष्मी के अंतर्गत हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, पैप स्मीयर जैसी बुनियादी जांचों के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। बीएसपी के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग व सीएसआर के संयुक्त तत्वाधान में संचालित यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
08 अप्रैल 2024 को ‘मिशन लक्ष्मी’ का शुभारम्भ, मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) श्री पवन कुमार द्वारा प्रतीक चिन्ह (लोगो) का अनावरण कर किया गया था। ‘मिशन लक्ष्मी’ योजना, जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र तथा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग के संयुक्त तत्वाधान में, महिलाओं के व्यापक स्वास्थ्य से सम्बन्धित योजना है। इस परियोजना के अंतर्गत प्रथम शिविर का आयोजन 1 मई 2024 को बीआईकेसी (भिलाई इस्पात कल्याण चिकित्सालय), सेक्टर-6 में किया गया व अब तक 16 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिसमें 1165 लाभार्थियों का पंजीकरण एवं परीक्षण किया गया है। इन शिविरों से आसपास की वंचित आबादी विशेष रूप से लाभान्वित हो रही है।
भिलाई इस्पात संयंत्र, महिला कर्मचारियों के कल्याणार्थ समय-समय पर विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी देखभाल कार्यक्रमों एवं जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन करता है। ‘मिशन लक्ष्मी’ ऐसे ही पहलों में से एक है। महिलाएं सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है, जिससे घर, परिवार एवं कामकाज में व्यवस्तता के कारण वह स्वयं के स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती हैं। ‘मिशन लक्ष्मी’ महिलाओं के व्यापक स्वास्थ्य की देखभाल पर केन्द्रित है। ‘मिशन लक्ष्मी’ के तहत बालिकाओं, युवतियों एवं महिलाओं का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य संबंधित जानकारी, आयरन, फोलिक एसिड व एलबेंडाजॉल टेबलेट का वितरण तथा रक्त में हीमोग्लोबिन की मात्रा आदि की जाँच शामिल है।
इसी कड़ी में, दिनांक 09 सितम्बर 2025 को मानव संसाधन विभाग में संयंत्र की महिला सफाई कर्मियों हेतु स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष पहल का उद्देश्य महिला कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग करना और नियमित जांच को उनकी दिनचर्या का हिस्सा बनाना है।
▪️
समस्याओं के समाधान के लिए टाटा लाइन, कैम्प क्षेत्र की महिलाओं ने नगर सेवा विभाग को सहयोग का आश्वासन दिया

09 सितम्बर, 2025 को भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग के नगर सेवाएं विभाग के परिसर में कैंप क्षेत्र के टाटा लाइन एरिया से एक दल के साथ बहुत सारी महिलाएं पहुंची और सामूहिक रूप से गंदा पानी और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के लिये ज्ञापन दिया। नगर सेवाएं विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारीगणों ने तत्परता के साथ शिकायत का निराकरण करने हेतु अपनी प्रतिबध्दता प्रदर्शित करते हुए सामने आ रही समस्या से अवगत कराया।
नगर सेवाएं विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में ज्ञापन देने आई महिलाओं ने अवैध कब्जे, सीवरेज लाईन और गंदे पानी की समस्या को दूर करने में नगर सेवाएं विभाग को पूरा सहयोग करने का वादा किया है।
नगर सेवाएं विभाग ने ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वाले लोगों से उनका आवास क्रमांक, पता और मोबाइल नम्बर की जानकारी मांगी गई और कहां-कहां समस्या है इसकी पहचान करने के लिए नागरिकों के सहयोग की अपेक्षा की। नगर सेवाएं विभाग की बात सुनने के बाद सभी महिलाओं ने नगर सेवाएं विभाग को पूरा सहयोग करने का वादा किया।
इसके पूर्व भी 3 सितंबर को कुछ अज्ञात लोगों ने भी ज्ञापन दिया था किन्तु अपने बारे में कोई जानकारी, पता आदि नहीं बताया था। साथ ही ज्ञापन पत्र में हस्ताक्षर करने वाले किसी भी व्यक्ति का कोई विवरण का उल्लेख नहीं था। अज्ञात और अवैध कब्जाधारी लोगों द्वारा, मकान नम्बर, मोबाइल नम्बर का ज्ञापन में उल्लेख नहीं किया गया था। उस वक्त भी बार–बार विनम्रतापूर्वक अनुरोध करने पर भी अज्ञात लोगों द्वारा अपनी पहचान को नही बताया गया ऐसे स्थिति में शिकायत का समाधान कर पाना संभव नहीं है यह नगर सेवाएं विभाग के अधिकारियों द्वारा कहा गया।
कैंप क्षेत्र के टाटा लाइन एरिया में बी.एस.पी. के द्वारा बनाए गए क्वार्टरों के अलावा खाली स्थानों में अवैध रूप से अतिरिक्त आवास बना लिये गये हैं। यह अवैध कब्जे सिवरेज पाईप लाईन, जल आपूर्ति लाईन के उपर किये गये है। कहां से शिकायत आ रही हैं और उसे खोल कर पाईप लाईन को चेक करना अनिवार्य होगा। तभी शिकायत का निवारण संभव हो पायेगा। इस विषय को समझते ही महिलाओं के समूह ने नगर सेवाएं विभाग को सहयोग देने के लिए सहमति दी।
भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग द्वारा शिकायतकर्ताओं और ज्ञापन देने वालों से अनुरोध किया है कि नगर सेवा विभाग को वैध तरीके से कार्यवाही करने हेतु सहयोग करें ताकि वहां की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जा सकें।
इसके साथ ही कैंप क्षेत्र की विद्युत समस्या के निराकरण के लिए प्रयास किये गये है। हाल ही खराब हो गये ट्रांसफार्मर के स्थान पर दूसरा ट्रांसफार्मर भी स्थापित कर दिया गया है। इससे इस क्षेत्र की विद्युत की समस्या में सुधार होगा। इस क्षेत्र में यह देखा जा रहा है कि अवैध कब्जाधारियों द्वारा विद्युत आपूर्ति लाईन से हूकिंग करके चोरी की जा रही है। इससे ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ने से आये दिन नई नई समस्या आने लग रही है। इस संबंध में भी नगर सेवाएं विभाग ने वैध नागरिकों से अनुरोध किया है कि इस दिशा में प्रबंधन का सहयोग करें ताकि वैध आबंटियो को विद्युत आपूर्ति में कोई समस्या का सामना न करना पड़े।
▪️
एसपीएसबी अंतर इस्पात संयंत्र टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेने बीएसपी टीम के गठन हेतु चयन स्पर्धा आयोजित : आयोजन 25-27 सितम्बर को होगा : खिलाड़ीयों का चयन 11 सितम्बर को शाम 6.00 बजे भिलाई क्लब टेबल टेनिस हॉल में किया जाएगा : भाग लेने के लिए उमेश गिरी एवं केके शुक्ल के पास अपना नाम दर्ज करा सकते हैं

दुर्गापुर इस्पात संयंत्र, दुर्गापुर द्वारा एसपीएसबी अंतर इस्पात संयंत्र टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 सितम्बर,2025 तक किया जा रहा हैं, जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम भी भाग ले रही है। इस प्रतियोगिता हेतु भिलाई इस्पात संयंत्र (बी.एस.पी.) की टीम का चयन क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा की जा रही चयन स्पर्धा के माध्यम से किया जाएगा। इस चयन स्पर्धा का आयोजन 11 सितम्बर 2025 को संध्या 06:00 बजे से भिलाई क्लब, टेबल टेनिस हॉल, भिलाई में किया गया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिक खिलाडी, उनके परिवारजन और भिलाई परिधीय क्षेत्र के बेरोजगार युवा खिलाड़ी इस चयन स्पर्धा में भाग ले सकते हैं। चयन स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 11 सितम्बर 2025 को संध्या 06:00 बजे से भिलाई क्लब, टेबल टेनिस हॉल, भिलाई में निम्न चयनकर्ताओं श्री उमेश गिरी गोस्वामी एवं श्री के के शुक्ल के पास अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। इस चयन स्पर्धा के प्रभारी, उप प्रबंधक (की.सा. एवं ना.सु.) श्री अभिजीत भौमिक होंगे।
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘मिशन लक्ष्मी’ स्वास्थ्य शिविर एवं ‘नई चेतना’ संयुक्त कार्यक्रम आयोजित : कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक [एचआर] पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक [एचआर] संदीप माथुर, मुख्य महाप्रबंधक [नगर सेवाएं एवं सीएसआर] उत्पल दत्ता एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी [चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं] डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर के आथिथ्य में हुआ


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के एचआरडी केंद्र में 09 सितम्बर, 2025 को महिला संविदा कर्मचारियों के लिए ‘मिशन लक्ष्मी’ स्त्री रोग स्वास्थ्य पहल के अंतर्गत एकदिवसीय स्वास्थ्य शिविर तथा ‘नई चेतना’ महिला अधिकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन जेएलएन चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, बीएसपी के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग, औद्योगिक संबंध विभाग तथा मानव संसाधन विभाग के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (एचआर) श्री पवन कुमार थे। विशिष्ट अतिथियों में मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) श्री संदीप माथुर, मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) श्री उत्पल दत्ता तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर शामिल रहे। इस अवसर पर जेएलएन चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।
शिविर में कुल 95 महिला कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान 95 रक्त के नमूने तथा 35 पैप स्मीयर टेस्ट किए गए। प्रतिभागियों के बीच क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें 25 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन और ब्लड शुगर की जांच भी की गई।
अपने उद्बोधन में कार्यपालक निदेशक (एचआर) श्री पवन कुमार ने महिलाओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और निवारक देखभाल पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर परामर्श ही स्वस्थ और गरिमापूर्ण जीवन जीने का आधार है। साथ ही उन्होंने सभी महिलाओं से अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया और कहा कि “शिक्षा के जरिए ही आपके बच्चे अपने सपनों की उड़ान भर पाएंगे।”
शिविर के दौरान संविदा महिला कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। डॉ. शुभस्मिता ने बाल स्वास्थ्य एवं टीकाकरण पर, डॉ. निशा ठाकुर ने प्रजनन स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर तथा सुश्री पारोमिता दासगुप्ता ने संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली पर व्याख्यान दिया।


‘नई चेतना’ पहल के अंतर्गत महिला कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकारों, समय पर वेतन भुगतान, वैधानिक प्रावधानों, कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, तथा सुरक्षित और गरिमापूर्ण कार्य वातावरण की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) सुश्री लता मिश्रा ने किया। स्वागत भाषण महाप्रबंधक (एचआर, एनडब्ल्यू एंड ईएस) श्री जेएन ठाकुर और सहायक प्रबंधक (ओबीजी) सुश्री शशि सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन उप-महाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा ने किया।
इस पहल को वरिष्ठ अधिकारियों का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इनमें कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. रविन्द्रनाथ एम., मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीनीता द्विवेदी, डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, डॉ. एस. मुखर्जी, डॉ. उदय कुमार, तथा अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकार (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. मनीषा कांगो शामिल रहीं। इसके साथ ही महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन नायर, महाप्रबंधक (एचआर, एनडब्ल्यू एंड ईएस) श्री जेएन ठाकुर, महाप्रबंधक (एचआर-आईआर एंड सीएलसी) श्री विकास चंद्रा और उप-महाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा का योगदान रहा।
शिविर के सफल आयोजन में श्री बुधेलाल, सुश्री गुंजन, सुश्री अनुकृति (टेक्नोलॉजिस्ट) तथा श्रीमती सपना (असिस्टेंट) का भी विशेष सहयोग रहा।
▪️
आईआईटी भिलाई में छात्र अध्याय एवं सुरक्षा कार्यशाला सम्पन्न : मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक [संकार्य] भिलाई इस्पात संयंत्र एवं मानद अध्यक्ष आईआईएम-भिलाई चैप्टर राकेश कुमार और अध्यक्षता निदेशक आईआईटी भिलाई राजीव प्रकाश एवं विशेष अतिथि मुख्य महाप्रबंधक [लौह] तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी [एम एंड यू] बीके बेहरा थे : इस अवसर पर ‘औद्योगिक सुरक्षा अभियांत्रिकी’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया


आईआईटी भिलाई एवं भारतीय धातु संस्थान [आईआईएम] भिलाई चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में 06 सितम्बर 2025 को आईआईटी भिलाई परिसर में आईआईएम छात्र सहयोगी अध्याय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (संकार्य), भिलाई इस्पात संयंत्र एवं मानद अध्यक्ष, आईआईएम-भिलाई चैप्टर श्री राकेश कुमार रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक, (आईआईटी भिलाई) श्री राजीव प्रकाश ने की। विशेष अतिथि के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र से मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) श्री तापस दासगुप्ता तथा मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) श्री बी.के. बेहरा उपस्थित थे। इस अवसर पर “औद्योगिक सुरक्षा अभियांत्रिकी” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी एवं अग्नि सेवा विभाग के विशेषज्ञों ने छात्रों, प्राध्यापकों एवं सुरक्षा कर्मियों को संबोधित किया।
मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र एवं आईआईएम-भिलाई चैप्टर को आईआईटी भिलाई से जुड़कर गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने उत्कृष्ट आयोजन के लिए संतोष व्यक्त किया और कहा कि नवगठित छात्र अध्याय विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के लिए प्रेरणादायक मंच बनेगा।
स्वागत भाषण में निदेशक श्री राजीव प्रकाश ने छात्र अध्याय की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को आईआईएम जैसी प्रतिष्ठित संस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा और उन्हें बहुआयामी लाभ होंगे।
छात्र अध्याय के भव्य उद्घाटन के पश्चात सुरक्षा अभियांत्रिकी के विभिन्न पहलुओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें उप महाप्रबंधक (एसईडी) श्री अनुराग पाठक द्वारा कारखाना अधिनियम 1948 की जानकारी, सहायक प्रबंधक (एसईडी) श्री सुरज कुमार द्वारा पीपीई प्रबंधन, सहायक प्रबंधक एवं डीएसओ (एसएमएस-2) श्री सुमित कुमार द्वारा इंजीनियरिंग उद्योग में सुरक्षा, तथा फायर ऑफिसर (सीएफएस) श्री विशेष राठी एवं उनके टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा विषयक व्याख्यान एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण शामिल रहे।
सत्रों में आईआईटी भिलाई के छात्र, प्राध्यापक एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) श्री तापस दासगुप्ता द्वारा प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र से महाप्रबंधक (गुणवत्ता) एवं मानद सचिव, आईआईएम-भिलाई चैप्टर श्री के.वी. शंकर, पूर्व महाप्रबंधक (गुणवत्ता) एवं मानद कोषाध्यक्ष श्री एस.एस.आर.सी. मूर्ति, उप महाप्रबंधक (एम एंड यू) एवं मानद संयुक्त सचिव श्री उदय भानु तिवारी तथा आईआईएम-भिलाई चैप्टर की कार्यकारिणी सदस्य महाप्रबंधक एवं डीएसओ (एसएमएस-3) सुश्री पुष्पा एम्ब्रोज एवं प्रबंधक (आरसीएल) सुश्री मनीषा नंदी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की पहल महाप्रबंधक (गुणवत्ता) श्री के.वी. शंकर ने की, जबकि आईआईटी भिलाई की ओर से सहयोगी प्राध्यापक प्रो. सौम्य गंगोपाध्याय ने समन्वय करते हुए प्राध्यापकों एवं छात्रों की टीम के साथ सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कीं।


कार्यक्रम के समापन भाषण में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) श्री तापस दासगुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए आईआईटी भिलाई एवं भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम को बधाई दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र एवं आईआईएम-भिलाई चैप्टर भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय सहयोग प्रदान करते रहेंगे।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)