- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की महाप्रबंधक [ कॉन्ट्रेक्ट सेल- नान-वर्क] सुश्री काकोली रॉय को भारतीय इस्पात संघ [आईएसए] द्वारा जेंडर और डायवर्सिटी श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘विंग्स ऑफ स्टील’ अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट सेल – नॉन-वर्क्स) सुश्री काकोली रॉय को भारतीय इस्पात संघ (आईएसए) द्वारा जेंडर और डायवर्सिटी श्रेणी में प्रतिष्ठित “विंग्स ऑफ स्टील” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 8 सितंबर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित आईएसए स्टील कॉन्क्लेव 2025 के छठे संस्करण में प्रदान किया गया। साथ ही इस कॉनक्लेव में तीसरे आईएसए कोकिंग कोल शिखर सम्मेलन का भी आयोजन किया गया था।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का प्रतिनिधित्व करते हुए सुश्री रॉय को इस्पात क्षेत्र में लैंगिक विविधता को बढ़ावा देने के लिए उनके अभिनव दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें कार्यस्थल पर समावेशी दृष्टिकोण और समान अवसर को बढ़ावा देने में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा की जा रही प्रगति को सराहना प्राप्त हुई।
सेल-बीएसपी समूह ने सुश्री रॉय को उनकी दृढ़ संकल्प और चुनौतियों पर विजय पाने की सोच तथा व्यापक इस्पात समुदाय के लिए एक मिसाल कायम करने के लिए बधाई दी है। “आत्मनिर्भर भारत के लिए इस्पात: स्थिरता और विकास को गति प्रदान करना” विषय पर केंद्रित इस सम्मेलन में नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और वैश्विक विशेषज्ञों ने मिलकर भारत के इस्पात क्षेत्र के भविष्य की रूपरेखा तैयार की।
इस सम्मेलन के दौरान, सुश्री रॉय ने प्रमुख पैनल चर्चाओं में भी सक्रिय रूप से भाग लिया। आईएसए स्टील कॉन्क्लेव 2025 में आयोजित विचार-विमर्श सत्रों में हरित इस्पात प्रौद्योगिकियों, कच्चे माल की सुरक्षा, इस्पात मूल्य श्रृंखला में एआई एकीकरण, वैश्विक व्यापार चुनौतियों और डीकार्बोनाइजेशन रणनीतियों सहित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विशेष सत्र लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए लॉजिस्टिक्स आधुनिकीकरण, डिजिटलीकरण और समावेशी विकास पर केंद्रित थे।
▪️
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में राजभाषा कार्यशाला का आयोजन : जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 में 10 सितम्बर, 2025 को एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन कार्यपालक निदेशक [चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं] डॉ. एम. रविंद्रनाथ के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ और अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी [चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं] डॉ. विनीता द्विवेदी ने की : विशेष रूप से उपस्थित थे- मुख्य चिकित्सा अधिकारी [चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं] डॉ. उदय कुमार और महा प्रबंधक [संपर्क व प्रशासन, जन संपर्क एवं प्रभारी राजभाषा] राजीव कुमार


भिलाई इस्पात संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के अंतर्गत संचालित जवाहर लाल नेहरु चिकित्सालय एवं अनुसन्धान केंद्र, सेक्टर–9 में 10 सितम्बर 2025 को एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. रविन्द्रनाथ एम. के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. विनीता द्विवेदी ने की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. उदय कुमार, महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन, जनसंपर्क एवं प्रभारी राजभाषा) श्री राजीव कुमार विशेष रूप से मंचासीन थे।
मुख्य अतिथि डॉ. रविन्द्रनाथ ने अपने उद्बोधन में बताया कि, गैर-हिंदी भाषी क्षेत्र से होने के बावजूद मैंने रेडियो और टीवी के माध्यम से अपनी हिंदी भाषा में उल्लेखनीय सुधार किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। रोगियों से संवाद और परामर्श देते समय उन्हें यह अनुभव हुआ, कि हिंदी का उपयोग क्यों महत्वपूर्ण है। इससे न केवल संवाद सरल होता है, बल्कि भाषा संबंधी कमियों को भी समझकर उन्हें सुधारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कई ऐसे ऑनलाइन टूल्स उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से हिंदी में कार्य को अधिक सुगम और प्रभावशाली बनाया जा सकता है। डॉ. रविन्द्रनाथ ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया और कहा, कि इससे न केवल कार्य में सरलता आएगी बल्कि संस्कृति से जुड़कर देश की मुख्यधारा से सीधे संपर्क भी स्थापित होगा।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रति रुझान बढ़ाना तथा हिंदी में कार्य करने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना है। ‘क’ क्षेत्र के राज्यों में हिंदी में कार्य करने से सभी को सुविधा और सहजता होती है।
राजभाषा कार्यशाला में महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं – प्रशासन) श्री शाहिद अहमद, महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री प्रशान्त तिवारी एवं महाप्रबंधक श्री संजय दवे, सेक्टर–9 हास्पिटल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित थे।
डॉ. उदय कुमार ने स्वागत उदबोधन प्रस्तुत करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग में हिंदी में किये जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डाला और इस पहल की सराहना की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. विनीता द्विवेदी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि, विश्व के सभी विकसित देश अपनी भाषा में ही संवाद करते हैं और कार्य करते हैं। अंग्रेजी में कार्य करना एक फैशन के रूप में क्रमशः विकसित होता दिखाई पड़ रहा है, ऐसे दौर में हमें हिंदी में अपनी वार्तालाप को शुरू करते हुए बड़ी सहजता से संवाद किया जा सकता है। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में मरीज से संवाद को किये जाने पर जोर देते हुए कई उदाहरण प्रस्तुत किए। महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार ने कहा कि, हिंदी में कार्यालयीन कार्य एवं पत्राचार करना हमारा संवैधानिक दायित्व है, भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित राजभाषा नीति का अनुपालन हमें करना ही है। अनुपालन का निरीक्षण संसदीय राजभाषा समिति द्वारा समय-समय पर किया जाता है, हिंदी में कार्यालयीन कार्य करना देश की प्रगति में सहायक है। उन्होंने उपस्थितजनों को हिंदी में कार्य करने हेतु शपथ दिलाई।
कार्यशाला के दौरान राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी, सामान्य ज्ञान, सुरक्षा एवं पर्यावरण पर आधारित एक रोचक और ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लैब टेक्नीशियन श्री अजय कुमार आर्य, द्वितीय स्थान उप प्रबंधक (प्रशासन) सुश्री अलका तारे और तृतीय स्थान डिप्टी सी.एम.ओ. (पीडियाट्रिक्स) श्री नूतन कुमार वर्मा ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सीनियर कंसल्टेंट सुश्री सीमा वर्मा, ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. मनीषा कांगो तथा नर्सिंग स्टाफ सुश्री प्रमिला मार्टिन प्रोत्साहन पुरस्कार विजेता रहे। विजेताओं को डॉ. विनीता द्विवेदी द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने हिंदी के उपयोग की अनिवार्यता, संवैधानिक बाध्यता तथा अन्य नियमों की जानकारी देते हुए हिंदी में कार्य संपादन को सहज और लाभकारी बताया।


कन्सल्टेंट (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. दीपक दाश मोहापात्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम का संचालन मुख्य परामर्शदाता डॉ. आकांक्षा शर्मा ने किया।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)