- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
सेल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने कंपनी की 53वीं वार्षिक बैठक में दृढ़ता, परिवर्तन और भविष्य के लिए तत्परता पर किए विचार साझा : सेल के सीएमडी अमरेंदु प्रकाश ने वर्चुअल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित बैठक में शेयरधारकों को संबोधित किया और वैश्विक चुनौतियों के बीच कंपनी के मजबूत प्रदर्शन और भविष्य के विकास के लिए इसके रणनीतिक रोडमैप को रेखांकित किया


नई दिल्ली : 16 सितम्बर, 2025 : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने चिन्मया मिशन, नई दिल्ली में अपनी 53वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) आयोजित की, जहां सेल के सीएमडी श्री अमरेंदु प्रकाश ने वर्चुअल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित बैठक में शेयरधारकों को संबोधित किया और वैश्विक चुनौतियों के बीच कंपनी के मजबूत प्रदर्शन और भविष्य के विकास के लिए इसके रणनीतिक रोडमैप को रेखांकित किया।
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए, श्री प्रकाश ने कहा, “इस्पात को अक्सर आधुनिक सभ्यता की रीढ़ कहा जाता है – मज़बूत, लचीला और टिकाऊ। इस्पात की तरह, हमारी कंपनी भी अग्नि-परीक्षा से गुज़री है, चुनौतियों से आकार लेती रही है और अनुभव से मज़बूत हुई है।” उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सेल 2047 तक विकसित भारत की ओर भारत की विकास यात्रा में एक साक्षी और एक भागीदार, दोनों के रूप में मज़बूती से खड़ा है।
उन्होंने बुनियादी ढाँचा, रेलवे, रक्षा, ऊर्जा आदि सहित विविध क्षेत्रों के लिए इस्पात आपूर्ति करते हुए राष्ट्र निर्माण में सेल की महत्वपूर्ण भूमिका को दोहराया। उन्होंने कहा, “सेल का इस्पात भारत की विकास गाथा के केंद्र में है।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय इस्पात नीति 2017 के मार्गदर्शन में, कंपनी ने अपनी यात्रा के अगले चरण की शुरुआत कर दी है, जहाँ आगामी परियोजनाएँ शुरू से ही हरित प्रौद्योगिकियों, कुशल लॉजिस्टिक्स और ग्राहक-केंद्रित समाधानों को एकीकृत करेंगी। यह यात्रा प्रौद्योगिकी, डिजिटलीकरण, सततता (Sustainability) और सबसे बढ़कर, लोगों पर आधारित होगी।
उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सेल की महत्वपूर्ण भूमिका को दोहराते हुआ कहा सेल ने विभिन्न क्षेत्रों, जैसे अवसंरचना, रेलवे, रक्षा, ऊर्जा सहित अन्य क्षेत्रों के लिए इस्पात की आपूर्ति करता रहा है। उन्होंने कहा, “सेल का इस्पात भारत की विकास गाथा के केंद्र में है।” उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय इस्पात नीति (NSP) 2017 के मार्गदर्शन में कंपनी ने अपनी अगली यात्रा का चरण शुरू कर दिया है, जिसमें आगामी परियोजनाएं शुरुआत से ही हरित तकनीकों, कुशल लॉजिस्टिक्स और ग्राहक-केंद्रित समाधानों को एकीकृत करेंगी। यह यात्रा तकनीक, डिजिटलीकरण, सततता और सबसे महत्वपूर्ण – जनशक्ति – पर आधारित होगी।
कंपनी की सततता (sustainability) के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए, श्री प्रकाश ने साझा किया कि सेल अपने ग्रीन स्टील यात्रा को आगे बढ़ा रहा है—जिसमें हाइड्रोजन आधारित स्टील निर्माण के परीक्षण, कार्बन कैप्चर, उपयोग और भंडारण (CCUS), बायोचार इंजेक्शन तथा नवीकरणीय ऊर्जा पहलों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, “जलवायु परिवर्तन हमारे उद्योग के लिए एक निर्णायक चुनौती है। विश्व एक हरित परिवर्तन के मोड़ पर खड़ा है और सेल इस बदलाव की अगुवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
भविष्य के लिए तैयार संगठन के निर्माण की दिशा में, उन्होंने बताया कि दो परिवर्तनकारी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं – प्रवर्तनम (डिजिटल परिवर्तन) और सेल दर्पण (एचआर परिवर्तन)। इनका उद्देश्य कंपनी के संयंत्रों और खदानों में एक सशक्त, आत्मनिर्भर पारिस्थितिकी तंत्र (ecosystem) का निर्माण करना है।
अपने संबोधन के समापन में श्री प्रकाश ने कहा, “सेल आने वाले कल के लिए तैयार है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि सेल में वह दृढ़ता, क्षमता और दूरदृष्टि है, जिससे यह और अधिक सशक्त बनकर उभरेगा और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.
▪️
बीएसपी की ‘सीएसआर’ पहल के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कात्रो को ‘बैडमिंटन कोर्ट’ सौंपा : इस अवसर पर महाप्रबंधक [सीएसआर] शिवराजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे : कार्यवाहक प्राचार्य सुश्री ममता वैष्णव को उद्घाटन एवं प्रमाणपत्र के साथ ‘बैडमिंटन कोर्ट’ विद्यालय को समर्पित किया


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित समाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा 16 सितम्बर, 2025 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कात्रो में नव निर्मित ‘बैडमिंटन कोर्ट’ सौंपा गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यवाहक प्राचार्य सुश्री ममता वैष्णव को उद्घाटन एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर औपचारिक रूप से ‘बैडमिंटन कोर्ट’ विद्यालय को समर्पित किया।
इस अवसर पर सरपंच (कात्रो) श्री जितेंद्र सोनी, उप सरपंच सुश्री पुष्पा साहू, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) सुश्री अपर्णा चंद्रा, श्री कृष्ण कुमार साहू, श्री वैभव कुमार सिंह (आरईएस), विद्यालय की व्याख्याता सुश्री विजयलक्ष्मी, सुश्री रंजना, सुश्री स्मिता, सुश्री अर्चना, सुश्री सुषमा, सुश्री स्वाति, सुश्री सरला, सहायक (सीएसआर) श्री आशुतोष सोनी तथा कार्यालय सहायक (सीएसआर) श्री बुधेलाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि श्री शिवराजन ने अपने संबोधन में कहा कि बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कात्रो क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए किया गया है, यहाँ खेलों को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। यह कार्य ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कोर्ट विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण संपत्ति है तथा खिलाड़ियों को इसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए। श्री शिवराजन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में सरपंच श्री जितेंद्र सोनी ने कहा कि युवा इस राष्ट्र का भविष्य हैं और यह बैडमिंटन कोर्ट युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मददगार सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा निर्मित इस खेल इंफ्रास्ट्रक्चर से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य सुश्री ममता वैष्णव ने कहा कि यह बैडमिंटन कोर्ट छात्रों के लिए बेहद फायदेमंद है और बीएसपी द्वारा निर्मित इस कोर्ट में अभ्यास करने के बाद छात्र बाहरी टूर्नामेंटों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।


विद्यालय की छात्राएँ वर्षा, प्रीति साहू और तोमेश्वरी साहू ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह बैडमिंटन कोर्ट उन्हें अभ्यास के लिए एक निजी स्थान उपलब्ध कराता है और उनके खेल कौशल को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
▪️
ओजोन परत संरक्षण दिवस पर भिलाई इस्पात संयंत्र में वृक्षारोपण : पौधारोपण का शुभारंभ पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के वैज्ञानिक डॉ. एमटी करूपियाह ने किया : इस अवसर पर राजीव पांडेय, डॉ. एनके जैन, संजय कुमार और सुश्री उमा कोटच भी उपस्थित होकर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश प्रस्तुत किया


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी विभाग एवं पर्यावरण प्रबंधन विभाग द्वारा ओजोन परत संरक्षण दिवस 2025 के अवसर पर भिलाई निवास प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के वैज्ञानिक डॉ. एम. टी. करुपियाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (पावर फैसिलिटी) श्री राजीव पांडेय, महाप्रबंधक (उद्यानिकी विभाग) डॉ. एन. के. जैन, महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) श्री संजय कुमार एवं महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) सुश्री उमा कटोच ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत की सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अपने संबोधन में डॉ. करुपियाह ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी को हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाती है और इसका संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे पौधारोपण, जल संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल आयोजन में उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक श्री मृदुल गुप्ता, श्री संदीप नायडू, श्री शंकर एवं श्री राजेश शर्मा का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि वे ओजोन परत की सुरक्षा के लिए पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को अपने जीवनशैली में अपनाएंगे और भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में योगदान देंगे।
▪️
17 सितम्बर, 2025 को ‘अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन’ : श्री विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर भिलाई निवास के बहुउद्देशीय सभागार में संध्या 7.30 बजे से आयोजित कवि सम्मेलन में अनिल अग्रवंशी [नई दिल्ली], शशिकला सुरेंद्र दुबे [रायपुर], सरिता शर्मा [नई दिल्ली] और सरदार मंजीत सिंह [फरीदाबाद] होंगे : भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा नगर के सुधि श्रोताओं हेतु इस आयोजन में प्रवेश नि:शुल्क है, आप सादर आमंत्रित हैं

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक व नागरिक सुविधाएं एवं राजभाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में श्री विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर भिलाई निवास के बहुउद्देशीय सभागार में दिनांक 17 सितम्बर, 2025 {बुधवार} को अखिल भारतीय हास्य व्यंग्य कवि सम्मेलन का आयोजन संध्या 7:30 बजे से किया जा रहा है| आयोजन में राष्ट्रीय स्तर के चर्चित कविगण अपने हास्य – व्यंग्य की छठा बिखेरेंगे|
इस गौरवशाली कवि सम्मलेन में नई दिल्ली के ख्यातिनाम कवि अनिल अग्रवंशी अपनी रचनाओं से हास्य के नए आयाम व व्यंग्य के नए प्रतिमान रचेंगे| वहीं अपने मुखर गीतों व हास्य की बानगी के लिये चर्चित रायपुर की कवियत्री श्रीमती शशि सुरेन्द्र दुबे इस काव्य संध्या का विशेष आकर्षण रहेंगी|
काव्य को नई दिशा व दशा प्रदान करने नई दिल्ली की बहुचर्चित हास्य व्यंग्य कवि श्रीमती सरिता शर्मा समकालीन परिदृश्यों पर अपने तीखे धारदार व्यंग्य व गुदगुदाते हास्य से कार्यक्रम को आनंदित करेंगी। इस आयोजन को नया आयाम प्रदान करते हुए फरीदाबाद के हास्य व्यंग्य कविवर सरदार मंजीत सिंह अपने निराले अंदाज से जीवन मूल्यों पर आधारित व्यंग्य प्रस्तुत करेंगे|
देश के ये नामचीन कविगण इस संध्या में तत्कालीन घटनाओं के सूक्ष्म आंकलन, भावप्रवणता, संवेदनशीलता, शब्दों का चयन व तथ्यों की मार्मिकता को अपने विशेष अंदाज़ में प्रस्तुत कर प्रेम, भातृत्व तथा मानवीय संबंधों पर अपनी पैनी शैली का परिचय देकर वातावरण को सरस बनायेंगे|
भिलाई इस्पात सयंत्र प्रबंधन द्वारा नगर के सुधि श्रोताओं हेतु इस आयोजन में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है.
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)