- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

🟥
इस्पात मंत्रालय की डिप्टी डायरेक्टर जनरल सुश्री संतोष का भिलाई इस्पात संयंत्र दौरा : इस्पात निर्माण प्रक्रिया का किया अवलोकन : निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने सुश्री संतोष का स्वागत इस्पात भवन में किया


इस्पात मंत्रालय भारत सरकार की डिप्टी डायरेक्टर जनरल [डीडीजी] सुश्री संतोष ने 8 अक्टूबर 2025 को सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा किया और इस्पात निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं का निकट से अवलोकन किया। निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) श्री चित्त रंजन महापात्र ने सुश्री संतोष का स्वागत इस्पात भवन में किया। तत्पश्चात उन्होंने संयंत्र भ्रमण का आरंभ में गेट स्थित सेफ्टी एक्सीलेंस सेंटर से किया, जहां उनका स्वागत कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार तथा मुख्य महाप्रबंधक (सेफ्टी एवं फायर सर्विसेज) श्री देबदत्त सत्पथी ने किया। इस अवसर पर सुश्री संतोष को संयंत्र भ्रमण हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी गई।
संयंत्र भ्रमण के दौरान डिप्टी डाईरेक्टर जनरल (इस्पात मंत्रालय-भारत सरकार) सुश्री संतोष के साथ मुख्य महाप्रबंधक (सर्विसेज) श्री तुषार कांत, महाप्रबंधक एवं डीएसओ (एसएमएस-3) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोज़ तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सुश्री संतोष ने मॉडेक्स इकाइयों में विशेष रुचि प्रदर्शित की और ब्लास्ट फर्नेस-8, स्टील मेल्टिंग शॉप-3 तथा यूनिवर्सल रेल मिल के संचालन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेट मिल, कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग तथा रोलिंग मिल प्रयोगशाला का भी भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस-8 में हॉट मेटल का सजीव दृश्य देखा, स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में क्रूड स्टील के उत्पादन की प्रक्रिया को निकट से समझा तथा यूनिवर्सल रेल मिल में विश्व की सबसे लंबी 130 मीटर रेल के रोलिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
🟥
सेल में 15 कार्यपालक निदेशक नियुक्त : भिलाई इस्पात संयंत्र के तीन मुख्य महाप्रबंधक पदोन्नत : अनूप कुमार दत्ता को कार्यपालक निदेशक [ऑपरेशन-बोकारो इस्पात संयंत्र] और अरुण कुमार को कार्यपालक निदेशक [रावघाट] नियुक्त किया गया : राजीव पांडेय को सेल कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन] पद का दायित्व सौंपा गया



स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के विभिन्न इकाइयों में कार्यरत 15 मुख्य महाप्रबंधक, एवं मुख्य महाप्रबंधक-प्रभारी को 07 अक्टूबर 2025 को कार्यपालक निदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को भी कार्यपालक निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने 07 अक्टूबर 2025 की संध्या को इस्पात भवन स्थित निदेशक प्रभारी सभागार में आयोजित समारोह में पदोन्नत अधिकारियों को आदेश सौंपे। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री एस. मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री बी.के. गिरी, तथा कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सेल मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा जारी सूची के अनुसार, सिंटर प्लांट्स-बीएसपी के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी श्री अनुप कुमार दत्ता को कार्यपालक निदेशक (ऑपरेशन – बोकारो इस्पात संयंत्र) के पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं रावघाट परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक श्री अरुण कुमार को कार्यपालक निदेशक (रावघाट), भिलाई इस्पात संयंत्र के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, पावर फेसिलिटीज़ के मुख्य महाप्रबंधक श्री राजीव पांडेय को पदोन्नति देकर सेल कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पद का दायित्व सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री बी.के. गिरी को स्थानांतरित कर कार्यपालक निदेशक (खदान विकास, राउरकेला) के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं सेलम स्टील प्लांट के कार्यपालक निदेशक श्री पी.के. सरकार को भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) के रूप में पदभार ग्रहण करने हेतु नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने सभी पदोन्नत कार्यपालक निदेशकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सेल में निरंतर योगदान के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अतिथियों एवं अधिकारियों ने भी नव-नियुक्त कार्यपालक निदेशकों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व एवं अनुभव से सेल की प्रगति यात्रा और अधिक सशक्त होगी।
🟥
सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र में कॉन्ट्रैक्टरों की बैठक आयोजित


सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 के अंतर्गत चल रही गतिविधियों की श्रृंखला में, भिलाई इस्पात संयंत्र के अनुबंध एवं बजट विभाग (सीबीडी) द्वारा सतर्कता विभाग के सहयोग से कॉन्ट्रैक्टरों की एक संवादात्मक बैठक का आयोजन किया गया। सेवा अनुबंधों पर केंद्रित यह कार्यक्रम 7 अक्टूबर 2025 को मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) के सम्मेलन कक्ष में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी प्रतिभागियों द्वारा सत्यनिष्ठा शपथ ग्रहण से हुआ, जिसमें उन्होंने सभी संविदात्मक लेन-देन में पारदर्शिता, नैतिकता और ईमानदारी को बनाए रखने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंघल ने भिलाई इस्पात संयंत्र में नैतिक शासन को सुदृढ़ करने हेतु सतर्कता विभाग द्वारा आरंभ की गई नई पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सतर्कता विभाग अब ठेका कर्मियों को भी सतर्कता जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल कर रहा है, जिससे सतर्कता के दायरे का विस्तार हो और सभी हितधारकों में नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़े। श्री सिंघल ने संगठनात्मक कार्यों में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने हेतु ठेकेदार समुदाय की सहभागिता को आवश्यक बताया और ईमानदारी की संस्कृति को बढ़ावा देने में सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर बल दिया।
इस अवसर पर सीबीडी टीम द्वारा एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिसमें कॉन्ट्रैक्ट प्रबंधन में सतर्कता के दृष्टिकोण, निविदा प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत सहायक दस्तावेज़ों की सटीक जाँच तथा भिलाई इस्पात संयंत्र में आईएस/आईएसओ 37001:2016 प्रमाणित रिश्वत-रोधी प्रबंधन प्रणाली (एबीएमएस) के प्रभावी कार्यान्वयन जैसे प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का समापन सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री हिमांशु दवे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
▪️▪️▪️
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)