- Home
- Chhattisgarh
- लेख – “ज़िंदगी है एक पहेली”- साजिद अली सतरंगी
लेख – “ज़िंदगी है एक पहेली”- साजिद अली सतरंगी
▪️
ज़िन्दगी है एक पहेली
– साजिद अली सतरंगी
[ मेरठ- उत्तरप्रदेश ]

जिंदगी
पढ़ने में यह लफ़्ज़ जितना छोटा दिखता है, वाकई यह उतना ही गहरा और दिलचस्प भी है। कोई इसे सफ़र कहता है, कोई संघर्ष, कोई इम्तिहान, तो कोई वरदान। दरअसल, ज़िन्दगी उन सब तजुरबों का नाम है जो हमें पैदाइश से लेकर अदम के सफ़र तक मिलते हैं। इसमें हँसी भी है, ख़ुशी भी है, आँसू भी हैं, जीत भी है, हार भी है; सपने भी हैं, हक़ीक़त भी है। यही विरोधाभास ज़िन्दगी को खूबसूरत एवं और ज़्यादा दिलचस्प बनाते हैं।
बचपन की मासूमियत
ज़िन्दगी की इब्तिदा बचपन से होती है। बचपन वो सुनहरी सुबह की तरह है, जहां सब कुछ नया और ताज़ा लगता है। मिट्टी में खेलना, बारिश की बूंदों में कागज़ की नांव चलाना, हथेलियों में तितलियां पकड़ना, पतंग उड़ाना, और माँ की गोद में चैन की नींद सोना,यही वो बेशकीमती पल हैं। जो ज़िन्दगी की बुनियाद रखते हैं। बचपन हमें सिखाता है कि मासूमियत और ख़्वाहिश इंसान के लिए कितनी ज़रूरी है।
सपनों का आसमान
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, इंसान जवानी में कदम रखता है। यह वह दौर होता है जब सपने बड़े-बड़े होते हैं और हौसले आसमान छूने लगते हैं। दोस्ती, इश्क़, मुहब्बत, करियर और जुनून—सब कुछ इसी वक़्त आकार लेते है। लेकिन यही वो मोड़ भी है जहाँ सैकड़ों चुनौतियाँ हमारे सामने खड़ी होती हैं। एक तरफ़ दुनिया को जीतने की चाहत होती है तो दूसरी तरफ़ हारने का डर। जवानी हमें सिखाती है कि सपने देखने जितने आसान है, उन्हें पूरा करना उतना ही मुश्किल है। मगर मेहनत और लगन से हर मुश्किल आसान हो सकती है।
ज़िन्दगी का असली इम्तिहान
ज़िन्दगी कभी भी सिर्फ़ खुशियों का तोहफ़ा नहीं देती। बल्कि यह हमें मुश्किल रास्तों से भी गुज़ारती है। कभी बेरोज़गारी, कभी इक़्तिसादी संकट, कभी रिश्तों का ग़र्क होना, तो कभी सेहत की दुश्वारियां—ये सब संघर्ष ज़िन्दगी का हिस्सा हैं। लेकिन यही संघर्ष हमें मज़बूत भी बनाते हैं। लोहे को भी आग में तपकर ही मज़बूत किया जाता है, उसी तरह इंसान भी मुश्किलों से गुज़रकर ही असली इंसान बनता है।
रिश्ते ज़िन्दगी का आईना
अगर ज़िन्दगी को अकेले जीना पड़े तो यह बोझ बन जाती है। रिश्ते ही हैं जो इसे हल्का और ख़ूबसूरत बनाते हैं। माँ-बाप का प्यार, दोस्तों की हंसी, भाई-बहनों का साथ और हमसफ़र की मुहब्बत, ये सब ज़िन्दगी को रंगीन, एवं खुशनुमा बनाते हैं। हालाँकि, रिश्तों में भी उतार-चढ़ाव आते हैं। कभी गलतफ़हमियाँ होती हैं,तो कभी दूरियाँ। लेकिन,अगर रिश्तों को निभाने का जज़्बा हो, तो यही रिश्ते इंसान को हर मुश्किलात में सहारा देते हैं।
ज़िन्दगी का सबसे प्यारा अहसास, मुहब्बत
ज़िन्दगी का सबसे नायाब तोहफ़ा है मुहब्बत। मुहब्बत एक ऐसी शय है जो इंसान को इंसान से जोड़ती है, दिल से दिल को मिलाती है। ओर इंसान को बदलने और सँवारने की ताक़त रखती है। मगर मुहब्बत हमेशा आसान नहीं होती। कभी यह मिलन से खिलती है, तो कभी जुदाई में आँसुओं में ढल जाती है। लेकिन मुहब्बत का असली ख़ूबसूरती उसकी बेगरजी में है। यह हमें सिखाती है कि देना ही सबसे बड़ी ख़ुशी है, पाना नहीं।
कामयाबी और नाकामी
हर इंसान चाहता है कि वह कामयाब हो, अपने मुआशरे में नाम कमाए, अपने सपनों को मुकम्मल करे। मगर हर सपना सच नहीं होता। कभी मेहनत रंग लाती है, तो कभी नाकामी गले लगती है। नाकामियों का स्वाद कड़वा ज़रूर होता है, लेकिन यह हमें सब्र और कफ़्फ़ ए नफ़्स का सबक़ देती है। नाकामी ही इंसान को नए रास्ते खोजने, और बेहतर करने का सबक देती है।
तन्हाई और सुकून
ज़िन्दगी की भीड़ में कभी-कभी इंसान तन्हा हो जाता है। तो यह तन्हाई कई बार, ज़ख़्म देती है तो कई बार दर्द देती है, मगर यही तन्हाई इंसान को खुद से मिलाती है। जब इंसान अपने भीतर झाँकता है, तो उसे अपनी असली पहचान मिलती है। सुकून ज़्यादा पाने में नहीं, बल्कि कम में इत्मीनान ढूँढने में है।
बुढ़ापे का तजुर्बा
यह वो दौर होता है, जहां इंसान अपनी तमाम आरजूओं की माला बनाता है,ओर तमाम पहलुओं को बहुत ही खूबसूरती के साथ नज़र गड़ा कर बिल्कुल तन्हा बैठ के देखता रहता है जब इंसान बुढ़ापे में पहुँचता है, तब ज़िन्दगी उसे तजुर्बा और इल्म का खज़ाना देती है। यह वक़्त वो होता है जब इंसान के सपनों की दौड़ धीमी हो जाती है और इंसान अपने गुज़रे हुए कल को याद करके मुस्कुराता है, या पछताता है। बुढ़ापा हमें सिखाता है कि ज़िन्दगी को सिर्फ़ जीना नहीं, बल्कि समझना भी ज़रूरी है। कुछ लोगों को यह आखिर में बोझ लगती है तो कुछ लोग इसे अपने तजुर्बे और सलाहियतों से इस शानदार सफ़र का इख़्तिताम की ओर रूख़ कर रहे होते हैं।
ज़िन्दगी का असली मतलब
ज़िन्दगी का मतलब सिर्फ़ सांसें लेना नहीं, बल्कि उन सांसों में मायने भरना है। यह हमें सिखाती है कि:
*हर गिरावट के बाद उठना है।
*हर अंधेरे के बाद रोशनी आती है।
*हर दर्द हमें कुछ नया सिखाता है।
*और हर पल हमें जीने का नया तरीका देता है।
ज़िन्दगी का नतीजा
ज़िन्दगी एक अनमोल किताब है, जिसमें हर इंसान अपनी कहानी लिखता है। कुछ लोग इसे शिकायतों से भर देते हैं, तो कुछ इसे मुस्कुराहटों और उम्मीदों से सजा देते है। यह तय हमें करना है। अगर हम हर पल को मायूस होकर गुज़ारेंगे तो ज़िन्दगी बोझ लगेगी, लेकिन अगर हम हर लम्हें को क़दर और शुक्र के साथ जिएँगे, तो यही ज़िन्दगी जन्नत बन जाएगी।
आख़िरकार, ज़िन्दगी वही है जो हम इसे बनाते हैं—
कभी एक गीत, कभी एक कहानी, कभी एक इम्तिहान और कभी एक दुआं सी लगती है।
• संपर्क-
• 94575 30339
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)