- Home
- Chhattisgarh
- डॉ. नंदिता राजश्री की एकल चित्रकला प्रदर्शनी समकालीन पेंटिंग ‘कथा’ का उद्घाटन : तीन दिवसीय प्रदर्शनी [13-15 अक्टूबर, 2025] का उद्घाटन भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया
डॉ. नंदिता राजश्री की एकल चित्रकला प्रदर्शनी समकालीन पेंटिंग ‘कथा’ का उद्घाटन : तीन दिवसीय प्रदर्शनी [13-15 अक्टूबर, 2025] का उद्घाटन भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया

👉 • भिलाई इस्पात संयंत्र [मानव संसाधन] के कार्यपालक निदेशक पवन कुमार द्वारा डॉ. नंदिता राजश्री की एकल चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए
भिलाई [छत्तीसगढ़ आसपास]
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरु ऑर्ट गैलरी [इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर] में डॉ. नंदिता राजश्री की समकालीन पेंटिंग्स की एकल प्रदर्शनी ‘कथा’ का आयोजन 13-15 अक्टूबर, 2025 तक किया जा रहा है. इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन 13 अक्टूबर को किया गया.

एकल चित्रकला प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक [सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क] अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक [जनसम्पर्क] प्रशांत तिवारी, महाप्रबंधक [पीपी एंड ई] श्रीमती बोन्या मुखर्जी, महाप्रबंधक [मानव संसाधन-सचिवालय] सौमिक डे, महाप्रबंधक [एचआर-एल एंड डी] मुकुल सहारिया, सहायक महाप्रबंधक [जनसम्पर्क] जवाहर बाजपेयी और उप प्रबंधक [जनसम्पर्क] सुश्री शालिनी चौरसिया उपस्थित थे.

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात पवन कुमार ने कहा कि-
डॉ. नंदिता राजश्री के चित्रों में गहराई, विविधता और आध्यात्मिक संवेदनाओं का सुंदर समन्वय झलकता है. उनके चित्रों में उत्कृष्ट भावनात्मक अभिव्यक्ति और सौंदर्यबोध का उदाहरण दिखता है. उनकी कलात्मक निष्ठा और सफलता की प्रशंसा की और इस सृजनात्मक अनुभव से जुड़ने का अवसर प्रदान करने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र जनसम्पर्क के प्रति आभार व्यक्त किया.

डॉ. नंदिता राजश्री मूलत: एक कवयित्री हैं एवं समकालीन कला के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. उन्होंने अपने चित्रों में शब्दों और रंगों के माध्यम से भावनाओं को जीवंत रूप दिया है. उनकी चित्रकला में लोकचित्रों का समावेश और विशेषकर मिथिला व मधुबनी शैली का प्रभाव प्रचुरता से देखा जा सकता है. पूर्व में भी डॉ. नंदिता राजश्री की नेहरू ऑर्ट गैलरी में संयुक्त प्रदर्शनी आयोजित की जा चुकी है. इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में डॉ. नंदिता राजश्री की एक्रेलिक पेंटिंग्स के साथ उनकी प्रतिभाशाली पुत्री सुश्री देवलीना प्रियदर्शी ‘धरा’ द्वारा बनाई गई चुनिंदा पेंटिंग्स को भी प्रदर्शित किया गया है. दिल्ली पब्लिक स्कूल भिलाई के कक्षा-छठवीं में अध्ययनरत सुश्री देवलीना ने पेंटिंग विधा में विद्यालयीन एवं अन्य स्तरों पर कई पुरुस्कार प्राप्त की है. देवलीना के पिता अमूल्य प्रियदर्शी भिलाई इस्पात संयंत्र में महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क के पद पर कार्यरत हैं.


उद्घाटन के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी व कर्मचारी सहित आर्ट्स क्लब के सदस्य, इस्पात नगरी के वरिष्ठ कलाकार, चित्रकला प्रेमी, ‘कृति बहुमत’ एवं ‘कृति वसुंधरा’ के संपादक विनोद मिश्र, अंतर्राष्ट्रीय शायर मुमताज, प्रगतिशील कवि शरद कोकास और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे.
इस चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन आप 15 अक्टूबर, 2025 को संध्या 5.30 से रात्रि 8.30 बजे तक कर सकते हैं.
चित्रकला प्रदर्शनी अवलोकनार्थ नि:शुल्क खुली है, आप सादर आमंत्रित हैं.
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)