गणतंत्र दिवस पर विशेष : महेश राठौर
2 years ago
463
0
🟥
पाओ खूब बुलंदी माता
– महेश राठौर ‘ मलय ‘
[ जांजगीर, छत्तीसगढ़ ]

पाओ खूब बुलंदी माता,
जगमग तेरा भाल रहे।
कोई जन तेरी गोदी का,
कभी नहीं कंगाल रहे।
नयन-युगल में आशाएँ हों,
अधरों पर मुस्कान सजे।
हर्षित, पुलकित श्यामल तन पर,
कंचनमय दिनमान सजे।
कण-कण तेरा रहे सुरक्षित,
शांति चतुर्दिक फैली हो।
तुम पर जन्मे बड़भागों की,
पावन जीवन-शैली हो।
सोना-चाँदी, हीरा-मोती,
मणि-माणिक सब रत्न भरे।
जिनको पाने सब जन के हों
बाजू-बाजू यत्न-भरे।
खेतों में हरियाली होवे,
गलियों में किलकारी हो।
धर्मपरायण और उद्यमी,
हर नर हो, हर नारी हो।
बाल न बाँका शत्रु एक भी,
नहीं तुम्हारा कर पाए।
कभी आपदा का बादल भी,
तेरे ऊपर मत छाए
अमर रहे गणतंत्र हमारा,
यह ही सच्ची पूँजी है।
जय-जय, जय-जय भारतमाता,
दसों दिशा में गूँजी है।
•संपर्क-
•81094 70546
🟥🟥🟥🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)