रंगों के जश्न में न खो जाए चेहरे का नूर, अपनाएं ये होली स्किन और हेयर केयर टिप्स

Holi 2026 Beauty Guide: रंगों का त्योहार होली खुशियाँ और उल्लास लेकर आता है, लेकिन इसके साथ आने वाले केमिकल युक्त रंग आपकी त्वचा और बालों के लिए ‘विलेन’ साबित हो सकते हैं। बाजार में मिलने वाले पक्के रंगों से स्किन में रूखापन, खुजली और बालों के झड़ने जैसी समस्याएँ आम हैं।
- सुबह उठकर चेहरे को गुलाब जल या कच्चे दूध से साफ करें। इसके बाद मॉइस्चराइजर की एक अच्छी परत लगाएं, जो रंगों और आपकी त्वचा के बीच एक सुरक्षा कवच का काम करेगी।
- चेहरे, हाथ-पैरों और गर्दन पर नारियल या जैतून का तेल जरूर लगाएं। इससे रंग त्वचा की गहराई तक नहीं जा पाएंगे। नाखूनों को बचाने के लिए डार्क नेल पॉलिश का इस्तेमाल करें।
- होली अक्सर धूप में खेली जाती है। टैनिंग और सनबर्न से बचने के लिए High SPF सनस्क्रीन लगाएं और हर 2-3 घंटे में इसे रिपीट करें।
- बालों को खुला छोड़ने की गलती न करें। गुनगुने तेल से मसाज के बाद चोटी या जूड़ा बना लें। संभव हो तो सिर पर स्कार्फ या टोपी पहनें।
- अंदरूनी निखार के लिए पानी, नारियल पानी या ठंडाई पीते रहें ताकि बॉडी हाइड्रेटेड रहे।
ऐसे लौटाएं खोई हुई चमक
रंग खेलने के बाद त्वचा को वापस सामान्य स्थिति में लाने के लिए इन बातों का ध्यान रखें:
1. जल्दबाजी और रगड़ से बचें: रंग छुड़ाने के लिए स्किन को जोर से न रगड़ें। पहले सूखे रंगों को झाड़ लें, फिर बेसन और दूध का उबटन लगाकर हल्के हाथों से साफ करें।
2. केमिकल वाले साबुन की जगह हर्बल क्लींजर का उपयोग करें। जलन होने पर एलोवेरा जेल या दही-शहद का पैक लगाएं, यह त्वचा को ठंडक देगा।
3. हल्के हर्बल शैम्पू से बाल धोने के बाद कंडीशनर या होममेड हेयर मास्क लगाएं। इससे रंगों के कारण आई ड्राईनेस दूर होगी।
4. आंखों में जलन हो तो खीरे के स्लाइस रखें। होंठों के फटने पर अच्छी क्वालिटी का लिप बाम या नारियल तेल लगाएं।
5 हाथ-पैरों पर लगे गहरे रंगों को हटाने के लिए नींबू का इस्तेमाल करें और बाद में अच्छी हैंड क्रीम लगाएं।
होली खेलने के तुरंत बाद गर्म पानी से नहाने से बचें, क्योंकि इससे रंग और पक्के हो सकते हैं। हमेशा गुनगुने या ताजे पानी का ही चुनाव करें।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)