- Home
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें [ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]
छत्तीसगढ़ आसपास, संयंत्र की खबरें [ हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल ]

▪️
ब्लास्ट फर्नेस विभाग के कर्मचारी, पाली व कर्म शिरोमणि पुरुस्कार से सम्मानित

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस विभाग में 16 मई 2024 को पाली एवं कर्म शिरोमणि पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘जनवरी से मार्च‘ 2024 तिमाही के लिए प्रबन्धक श्री मयंक वर्मा को पाली शिरोमणि पुरस्कार तथा मार्च 2024 के लिए श्री सुनाराम टुडु एवं राजकुमार त्यागी एवं अप्रैल 2024 के लिए श्री बिसर्जन पटेल व श्री मुन्नाराम ध्रुव को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कृत कार्मिकों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं उनके जीवन साथी के लिए एक प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री सौम्य तोकदार ने विषम परिस्थितियों में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने हुए विभाग में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने के लिए सभी पुरस्कृत कार्मिकों को बधाई दी एवं भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य करने तथा अपने सहकर्मियों को भी प्रोत्साहित करने का आव्हान किया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में सहायक महाप्रबंधक (कार्मिक) श्री बीजू जॉर्ज ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई दी एवं शिरोमणि पुरस्कार योजना के बारे में बताते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य, अपने कार्य स्थल में सुरक्षा के मानक मापदंडो के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं संगठन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करना है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत अब तक ब्लास्ट फर्नेस विभाग के 22 अधिकारियों को पाली शिरोमणि तथा 128 कार्मिकों को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
समारोह में महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस-प्रचालन) श्री राजेश गायकवाड़, महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस-विद्युत) श्री गुज्जू श्रीनिवास, महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस-8) श्री आर आनंद, वरिष्ठ प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री अभिजीत चौधरी, वरिष्ठ प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री राकेश शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री विनोद दास, प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री मुकेश शर्मा तथा अन्य विभागीय कर्मचारीगण उपस्थित थे। उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारीगणों ने भी अपने-अपने सम्बोधन में सभी पुरस्कार विजेताओं के द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उनके साथ अपने कार्यानुभवों को साझा किया और उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ अधिकारी (कार्मिक) श्री मदन मोहन श्रीवास्तव के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अतिरिक्त श्रमकल्याण अधिकारी श्री सोहील अहमद तथा श्रीमती ममता एवं श्रीमती दिव्यांका का विशेष योगदान रहा।
०००
▪️
इस्पात नगरी के सौंदर्यकरण हेतु प्रमुख स्थलों का कायाकल्प

भिलाई इस्पात संयंत्र इस्पात नगरी के सौंदर्य के लिए इन दिनों कई परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इन परियोजनाओं के तहत सड़कों की मरम्मत, चौकों का जीर्णोद्धार के साथ-साथ विभिन्न पार्को के उन्नयन का भी कार्य किया जा रहा है।
दुर्ग कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला यातायात सुरक्षा समिति के सुझाव पर, नगर सेवाएं विभाग द्वारा फाॅरेस्ट एवेन्यू स्थित उतई चौक में रोटरी का निर्माण किया जा रहा है। उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में इस चौक के निर्माण का कार्य चल रहा है जहां इसके मध्य में 10 मीटर व्यास की एक रोटरी एवं तीन ट्रैफिक आइलैंड निर्मित किये जा रहे हैं। इससे इस व्यस्ततम सड़क पर यातायात सुगम हो पाएगा एवं दुर्घटना की आशंकाएं भी कम हो जाएंगी। लंबे समय से इस चौक के निर्माण की आवश्यकता को ध्यान में रखकर इसे किया जा रहा है।
इसी क्रम में इस्पात नगरी के मुख्य चिकित्सालय के समक्ष पं. रविशंकर शुक्ल चौक, सेक्टर-8 चौक, मरोदा चौक, रेल चौक, सीईजेड चौक और 25 मिलियन टन सेक्टर-4 चौक के मरम्मत, अनुरक्षण और नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसमें सेक्टर-9 पं. रविशंकर शुक्ल चौक और सेक्टर-8 के चौक का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। सेक्टर-8 में रोटरी क्लब जैसी अंतर्राष्ट्रीय संगठन के साथ मिलकर सेल रोटरी चौक का निर्माण किया है।
सड़क दुर्घटना की आशंकाओं और पूर्व के अनुभवों के आधार पर और जिला पुलिस प्रशासन के मार्गदर्शन में प्रमुख चौक की घेरे को कम किया गया है और घेरे में लगे हुए लोहे की जाली को निकाल दिया गया है।
फ्लाइट ऑफ स्टील कलाकृति की पुर्नस्थापना
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा एफएसएनएल आॅफिस के समीप इक्विपमेंट चौक पर पूर्व में स्थापित फ्लाइट ऑफ स्टील कलाकृति, फ्लाईओवर के निर्माण क्षेत्र में आने के कारण इसका स्थान परिवर्तन कर आकर्षक रंग-रोगन के साथ भिलाई टाउनशिप के हृदय स्थल जयंती स्टेडियम के समीप इसका पुर्नस्थापना किया जा रहा है।
इस कलाकृति की पुर्नस्थापना का कार्य नगर सेवाएं विभाग द्वारा पद्मविभूषण से सम्मानित श्री जतीनदास के निर्देशन में सम्पन्न किया जा रहा है। इस कलाकृति की स्थापना के साथ-साथ कलाकृति के चारों ओर लगभग 60 मीटर वर्गाकार क्षेत्र में चेनलिंक फेन्सिंग की गयी है एवं फेन्सिंग के अंदर चारों तरफ आकर्षक पौधे रोपण तथा उससे लगे हुए स्थान पर लोगों के विचरण हेतु पेवर ब्लाॅक एवं फूलों की क्यारी सजाई जा रही है। मुख्य कलाकृति के ठीक नीचे ग्रेनाइट टाइल्स का आधार एवं उसने लगे हुए स्थान पर घनाकार क्षेत्र को पेवर ब्लाक से आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। बाकी के बचे स्थान पर ग्रीन टाइल्स लगाये जाने की योजना है।
सड़कों की मरम्मत
शहर के सौंदर्यीकरण और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखकर डैमेज हो चुकी सड़कों की मरम्मत और रिकारपेटिंग का कार्य वृहद पैमाने पर किया जा रहा है। इसके तहत इस्पात नगरी की सभी मुख्य सड़कों में रिकारपेटिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में संयंत्र के मेन गेट से इक्विपमेंट चौक से लेकर पं. रविशंकर शुक्ल मार्ग (सेंट्रल एवेन्यु) का कार्य इन दिनों तेजी से किया जा रहा है। ग्रीष्म ऋतु में डामरीकरण किये जाने से सड़के अच्छे से व्यवस्थित हो जाती है। इस कार्य की सम्पन्नता से सिविक सेंटर, जयंती स्टेडियम के समीप का स्थान सुन्दर एवं आर्कषक हो जायेगा।
उद्यानों का कालाकल्प
सेक्टर-8 में स्थित सुनीति उद्यान सुबह की सैर और पारिवारिक पिकनिक के लिए भिलाईवासियों की पसंदीदा जगह है। यहां दिन भर लोगों की भीड़ लगी रहती है। धीरे-धीरे उद्यान में बने फुटपाथ और फूलों की क्यारियाँ टूटने लगीं थी, जिन्हें मरम्मत कर दुरूस्त किया गया। इनकी सुंदरता बढ़ाने के लिए नगर सेवाएं विभाग द्वारा आवश्यक रंग-रोगन किया गया। इसके मुख्य द्वार पर की गई विशेष पेंटिंग ने इसके स्वरूप को अनोखा बना दिया है। इस कायाकल्प के फलस्वरूप उद्यान में आने वाले लोगों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।


बस स्टॉप का रंग-रोगन
संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग ने हाल ही में चुनाव के पूर्व इस्पात नगरी की सेंट्रल एवेन्यु स्थित सभी बस स्टाॅपों का रंग-रोगन और मरम्मत का कार्य किया है। साथ ही इन बस स्टाॅपों की नियमित रूप से साफ-सफाई किये जाने की भी व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र अपनी टाउनशिप को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए निरन्तर प्रयास करता रहता है। सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों की नियमित रूप से साफ-सफाई की जाती है और डोर-टू-डोर कचरा (गारबेज) का संग्रहण किया जाता है। संग्रहित कचरे की एसएलआरएम सेंटर में छटाई और कचरे से खाद निर्माण किया जाता है।
०००
▪️
नेहरू आर्ट गैलरी में चुमकी साहा एवं स्व. सुब्रत देव बर्मन द्वारा संग्रहित डाक टिकट की युगल प्रदर्शनी का आयोजन

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में, श्रीमती चुमकी साहा एवं स्वर्गीय श्री सुब्रत देव बर्मन द्वारा संग्रहित डाक टिकट की युगल प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 20 मई 2024 को संध्याकाल मुख्य अतिथि, मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री तपन कुमार द्वारा किया जायेगा।
श्रीमती चुमकी साहा भिलाई की रहने वाली हैं और इनके माता-पिता दोनों बीएसपी में ही कार्यरत थे। अपने माता-पिता से ही इन्हें टिकट संग्रह का शौक विरासत में मिला। 50 देशों के 5000 से अधिक टिकटों के संग्रह के साथ, उन्होंने एक विविध और व्यापक वर्ग तैयार किया है। इनमें 1000 से अधिक टिकटों के साथ भारत एक विशेष स्थान पर है, उसके बाद जर्मनी और यूएसएसआर का स्थान आता है।
फिलैटली (डाक टिकट के संग्रह) के प्रति उनके उत्साह ने श्रीमती चुमकी साहा को अपने स्कूल और कॉलेज के दौरान प्रदर्शनियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इन वर्षों में, वह सिविक सेंटर में डाकघर द्वारा आयोजित प्रदर्शनियों में भाग लेते हुए, डाक टिकट संग्रहकर्ता समुदाय के साथ जुड़ी रहीं। एक शिक्षिका के रूप में, श्रीमती चुमकी हमेशा इस शौक की प्रबल समर्थक रही हैं और अपने विद्यार्थियों को टिकट संग्रह के लिए प्रोत्साहित करती रही हैं।
श्रीमती चुमकी लंबे समय के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र के सहयोग से एक बार फिर अपने संग्रह को प्रदर्शित करने का अवसर पाकर अभिभूत हैं। अपने मूल्यवान संग्रह के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने रीजनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, भोपाल में फिलाटेलिक प्रदर्शनियों का आयोजन किया। साथ ही कोलकाता और दिल्ली में प्रतिष्ठित फिलाटेलिक कार्यशालाओं में भाग लिया। वर्ष 1988-1999 तक वेस्टर्न कोल फील्ड्स, छिंदवाड़ा डाक टिकट प्रदर्शनियों के तत्वावधान में उनकी प्रदर्शनियों को खूब सराहना मिली। इस बार, श्रीमती चुमकी अपनी संग्रहित डाक टिकट प्रदर्शनी को स्वर्गीय श्री सुब्रत देवबर्मन को सपर्पित किया है। श्री सुब्रत देवबर्मन ने समान रुचि साझा करते हुए वर्षों पहले इनके साथ टिकटों का आदान-प्रदान किया था।
यह तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी 20 मई से 22 मई 2024 तक प्रतिदिन संध्या 5.30 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक आम जनता के दर्शनार्थ खुली रहेगी।
०००
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)