- Home
- Chhattisgarh
- मास्टर स्ट्रोक [व्यंग्य] : राजशेखर चौबे
मास्टर स्ट्रोक [व्यंग्य] : राजशेखर चौबे

गांधी के चेले
– राजशेखर चौबे
[ छत्तीसगढ़, रायपुर ]
गांधी जी ने कहा है – ” पाप से घृणा करो पापी से नहीं ।” हम शायद पाप से घृणा करते होंगे पर हम पापियों से प्यार करते हैं यदि वह हमारे समुदाय का हो । ऐसे ही पापी और सिरफिरे नेता उलजुलूल बयान देने के लिए जाने जाते हैं । पहले इस तरह के बयान की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था । इस अमृत काल में सब कुछ जायज है । अब नाजायज़ ही जायज़ हो चला है । इट्स न्यू नॉर्मल ! नॉर्मल लोग नॉर्मली मॉर्निंग वॉक करते हैं । शर्मा जी भी करते हैं । वे सीनियर सिटीजन हैं पर व्हाट्सएप अंकिल नहीं हैं।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से वे खुश हैं लेकिन उसके प्रोपेगेंडा से दुखी हैं। उन्हें रास्ते में एक भक्त मिल गए । आजकल एक खोजो कई मिल जाते हैं । मिलते ही वे चहके। भक्त – ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की बधाई । हमारे यशस्वी नेता ही ऐसा कारनामा कर सकते थे ।
शर्मा जी – आपको भी बधाई , लेकिन इस तरह का प्रचार प्रसार सही नहीं है । – एवरीथिंग इज़ फेयर इन लव एंड वॉर !- लेकिन अब तो सैम अंकिल ने युद्ध विराम करवा दिया है । – (हंसकर) आज आप कुछ भी बोलिए पर मैं उत्तेजित नहीं होऊंगा।- तब भी नहीं जब एक मंत्री हमारे फौज के अफसर को आतंकवादियों की बहन बताए ।
-यह मामला कोर्ट में है और एस आई टी गठित कर दी गई है। वैसे उन्होंने माफी भी मांग ली है।- आपके एक और मंत्री ने हमारी फौज को लोकप्रिय नेता के सामने नतमस्तक कर दिया है । – उनकी जुबान फिसल गई होगी । – एक और सांसद ने बयान दिया है कि पहलगाम में जिन बहनों की सिंदूर उजाड़ी गई वे अहिल्याबाई होलकर की तरह वीरांगनाएं नहीं थीं। उन्हें न तो अहिल्याबाई होलकर का इतिहास पता है और न ही किसी आतंकवादी घटना की समझ है ।
-गुस्सा करने का हक हम लोगों का है। आप क्यों गुस्सा कर रहे हैं । देर
सबेर इन पर पार्टी जरूर कारवाई करेगी । – आपकी पार्टी के सिरफिरे नेता उलजुलूल बयान दे रहे हैं फिर भी आपके बड़े नेता कुछ नहीं बोलते हैं । आप भी कुछ नहीं बोलते! ऐसा क्यों ? – हम लोग गांधी जी के चेले हैं ।बापू ने कहा है – बुरा मत देखो ,बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो।- इसमें मैं एक चीज और जोड़ देता हूँ। – वह क्या ? बशर्ते वह नेता अपने दल का हो । भक्त – (हंसकर) आज आप पूरे फॉर्म में हैं । शर्मा – आपके एक धाकड़ नेता ने तो पूरे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं । उन्होंने आधी रात को नेशनल हाइवे में ही ब्लू फिल्म बना डाली ! – वैसे हमारे नेता ने ही हाइवे में सी सी टी वी लगवाया था जिससे यह घटना उजागर हुई । – वह गांधी जी का पक्का चेला निकला । – कैसे ? गांधी जी ने कहा है – बुरा मत देखो ,बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो। उन्होंने यह नहीं कहा था कि बुरा मत करो !

• राजशेखर चौबे
• संपर्क : 94255 96643
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)