- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
‘नराकास’ भिलाई-दुर्ग की 61 वीं छमाही बैठक एवं वार्षिक पुरुस्कार समारोह संपन्न : कार्यक्रम की अध्यक्षता भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति [भिलाई-दुर्ग] के अध्यक्ष चित्तरंजन महापात्र ने की : इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन] पवन कुमार भी उपस्थित थे


‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति : भिलाई-दुर्ग’ की 61वीं छमाही बैठक 28 अगस्त 2025 को सिविक सेन्टर स्थित ‘भिलाई निवास’ के ‘बहुउद्देशीय सभागार’ में श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा, उप निदेशक, (कार्यान्वयन) एवं कार्यालयाध्यक्ष, भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (मध्य) भोपाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी एवं अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग श्री चित्त रंजन महापात्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार उपस्थित थे।
सर्वप्रथम अतिथिगण ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी एवं महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन, जनसंपर्क एवं प्रभारी राजभाषा) तथा सचिव, नराकास, भिलाई-दुर्ग श्री राजीव कुमार ने शॉल, श्रीफल एवं पुस्तक भेंटकर अतिथिगण का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा ने नराकास, भिलाई-दुर्ग की सराहना करते हुए कहा कि नराकास, भिलाई-दुर्ग ने आरंभ से ही लगातार प्रशंसनीय कार्य किये हैं। उन्होंने नराकास, भिलाई-दुर्ग को वर्ष 2023-24 के लिए प्राप्त मध्य क्षेत्र का ‘नराकास राजभाषा सम्मान, प्रथम पुरस्कार’ हेतु बधाई दी तथा भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नराकास, भिलाई-दुर्ग को पूर्व में भी अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्कृष्टता का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नराकास स्तर पर आयोजित होने वाली समस्त प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों को हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए अत्यंत लाभकारी व उपयोगी निरूपित किया। श्री मेहरा ने नराकास, भिलाई-दुर्ग के विभिन्न सदस्य कार्यालयों में हिंदी में कार्यालयीन कामकाज बढाने तथा हिंदी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने नराकास, भिलाई-दुर्ग के पुरस्कार विजेता संस्थानों को बधाई देते हुए कहा कि राजभाषा हिंदी में समस्त कार्यालयीन कार्य करना हम सबका राष्ट्रीय कर्तव्य है। सभी संस्थान प्रमुखगण इस दिशा में प्रयासरत हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आने वाले समय में ‘नराकास, भिलाई-दुर्ग’ हिंदी के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ एवं ऊँचाइयाँ अर्जित करने में अवश्य ही सफल होगा।
विशिष्ट अतिथि कार्यपालक निदेशक श्री पवन कुमार ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हम सभी हिंदी के प्रति अपने अनुराग को हिंदी में सभी कार्यालयीन कार्य करके प्रदर्शित करें। जब भी कलम उठाएँ या की-बोर्ड पर लिखें देवनागरी लिपि में लिखें यही आज की आवश्यकता है।
स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार ने कहा कि नराकास, भिलाई-दुर्ग के सदस्य संस्थानों ने राजभाषा नीतियों के कार्यान्वयन एवं क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय से प्राप्त दिशानिर्देशों के अनुपालन में सदैव रचनात्मक सहयोग किया है। नराकास, भिलाई-दुर्ग परिवार हिंदी में समस्त कार्यालयीन कामकाज सहित अपने समस्त कार्यों में श्रेष्ठ निष्पादन करें तथा निरंतर नए शिखरों को स्पर्श करे, हमारा यही प्रयास है।
बैठक की कार्यवाही में सर्वप्रथम विगत बैठक का अनुपालन प्रतिवेदन एवं आगत तिमाही के लिए कार्यसूची का वाचन किया गया, जिसके अनुमोदन के उपरांत विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई व महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन उप मण्डल अभियंता, भारत संचार निगम लिमिटेड, मण्डल कार्यालय, दुर्ग सुश्री अनुराधा धनांक ने किया।


बैठक में भिलाई-दुर्ग स्थित केन्द्र सरकार के उपक्रमों, प्रतिष्ठानों, विभागों, बैंक एवं बीमा कंपनियों सहित ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ के 50 सदस्य संस्थानों के संस्थान प्रमुखगण एवं उनके हिंदी अधिकारीगण तथा इन संस्थानों के ‘राजभाषा विशिष्ट सेवा पुरस्कार’ विजेता कर्मचारी व अधिकारीगण उपस्थित थे।
▪️
बीएसपी क्रिकेट टीम अंडर-16, अंडर-23 एवं सीनियर वर्ग के गठन हेतु पंजीयन प्रारंभ

छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा सत्र 2025-26 के लिए आयोजित अंडर-16, अंडर-23 एवं सीनियर वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम भी भाग ले रही है। बीएसपी टीम के गठन हेतु भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा पंजीयन प्रारंभ कर दिया गया है। चयन स्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों का पंजीयन 28 एवं 29 अगस्त 2025 को बी.एस.पी. क्रिकेट ग्राउंड, सिविक सेंटर, भिलाई में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जा रहा है।
अंडर-16 (बालक) आयु वर्ग में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की जन्मतिथि 01 सितम्बर 2010 से 31 अगस्त 2012 के मध्य और अंडर-23 (बालक) आयु वर्ग के लिए 01 सितम्बर 2003 से 31 अगस्त 2007 के मध्य जन्म लेने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे।
अतः संयंत्रकर्मियों के बच्चे तथा भिलाई परिधीय क्षेत्र के प्रतिभागी जो इस चयन स्पर्धा में भाग लेना चाहते हैं, वे बी.एस.पी. क्रिकेट ग्राउंड, सिविक सेंटर, भिलाई में आवश्यक दस्तावेजों के साथ निम्न चयनकर्ताओं श्री के राजगोपालन (मो.न- 9131433662) तथा श्री देवेश बनर्जी (मो.न- 9407984944) के पास अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
पंजीयन व चयन स्पर्धा में भाग लेने प्रतिभागियों को पिछले छह वर्षों की अंकसूची (स्कुल), डिजिटल या मैनुअल जन्म प्रमाण पत्र, फोटो सहित पीवीसी आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो (मूल और प्रतिलिपि सहित) लाना अनिवार्य है।
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र में यांत्रिकी सेवाएं विभाग द्वारा सुरक्षा सप्ताह का सफल आयोजन : शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक [यांत्रिकी] प्रमोद कुमार ने किया


भिलाई इस्पात संयंत्र के यांत्रिकी सेवाएँ विभाग द्वारा 19 से 23 अगस्त 2025 तक सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ 19 अगस्त को टूल्स एवं टैकल्स वर्कशॉप में मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) श्री प्रमोद कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। समारोह में यांत्रिकी सेवाएँ विभाग के सभी अनुभाग—ई.बी.एस.आई., क्रेन इंजीनियरिंग, स्नेहन अभियंत्रिकी, बेयरिंग अभियंत्रिकी, हाइड्रोलिक्स एवं न्यूमेटिक तथा कंडीशन बेस मॉनिटरिंग सिस्टम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री प्रमोद कुमार ने विभिन्न कार्यों में निहित संभावित जोखिमों के बारे में जानकारी दी और उनसे सुरक्षित रहने हेतु उपायों पर प्रकाश डाला।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान सुरक्षा सम्बन्धित विभिन्न गतिविधियाँ, विशेषज्ञ वार्ता तथा सेफ्टी क्विज का आयोजन किया गया। इन्हीं गतिविधियों के तहत अग्निशमन विभाग द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर का प्रदर्शन, ओ.एच.एस. विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण, वरिष्ठ प्रबंधक (यांत्रिकी सेवाएँ) श्री हिमांशु वर्मा द्वारा नियर मिस केस, टी.बी.टी. एवं सेफ्टी गवर्नेंस पर सत्र तथा ई.एम.डी. विभाग द्वारा गैस सुरक्षा पर व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। सुरक्षा नारा लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों में विशेष रूप से भाग लिया।
23 अगस्त 2025 को आयोजित सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह में कर्मचारियों ने सुरक्षा गीतों और कविताओं के माध्यम से सुरक्षा के संदेश दिए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियंत्रिकी विभाग) श्री जे. तुसलीदासन ने सप्ताह भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के सराहना की। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा के संबंध में जीरो टॉलरेंस नीति तथा वर्तमान परिदृश्य में इसके महत्व पर विशेष बल दिया।
विभागीय सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक महाप्रबंधक श्री अरविंद कुमार चौबे ने सुरक्षा सम्बन्धी विभागीय गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए यह उल्लेख किया कि विभाग ने पिछले कई वर्षों से शून्य दुर्घटना का रिकॉर्ड कायम रखा है। उन्होंने शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने और इस रिकॉर्ड को बनाये रखने में कर्मचारियों के अनवरत प्रयासों की सराहना की।
समापन समारोह के अवसर पर सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं स्लोगन, कविता, पोस्टर आदि के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया एवं बेस्ट सेफ्टी मैन श्रेणी में भी विजेताओं को सम्मानित किया गया।
सुरक्षा सप्ताह का सफल आयोजन महाप्रबंधक प्रभारी (यांत्रिकी सेवाएँ) श्री आशीष घोष एवं श्री एम.एस. भोगल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ प्रबंधक (टूल्स एवं टैकल्स) श्री यतीन्द्र पुरंग ने किया।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)