- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द: राजनांदगांव में 44 डिग्री का टॉर्चर, रायपुर में आज भी बरसेंगे बदरा!
छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द: राजनांदगांव में 44 डिग्री का टॉर्चर, रायपुर में आज भी बरसेंगे बदरा!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच राहत की बड़ी खबर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। वर्तमान में एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है, जिससे राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।
उबलते राजनांदगांव में शाम को बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सबसे ज्यादा 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कापू, रघुनाथ नगर, लखनपुर, छुरा, बतौली, सरिया और कुसमी में भी 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव 44.0°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 21.4°C रिकॉर्ड किया गया। राजनांदगाव में बुधवार शाम को झमाझम से लोगों ने राहत महसूस की।
अंधड़ की चेतावनी, बारिश का दायरा भी बढ़ेगा
मौसम विभाग ने कल के लिए राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान जताया है। इसके साथ ही, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की पीली चेतावनी जारी की गई है। दो दिनों के बाद वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी तथा राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश का दायरा बढ़ेगा।
रायपुर में आज भी 40 पार कर सकता है पारा
राजधानी रायपुर में 11 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। शहर में वर्षा, गरज-चमक या तेज अंधड़ चलने की प्रबल संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम तापमान 29°C के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)