- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम, रायपुर में अंधड़ और बारिश का अलर्ट, बिलासपुर तपा
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम, रायपुर में अंधड़ और बारिश का अलर्ट, बिलासपुर तपा
2 hours ago
18
0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान बस्तर में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा करपावंड में 3, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2-2 सेंटीमीटर, जबकि सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बिलासपुर उबला, पेंड्रा शीतलतम
तापमान की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जिसने मैदानी इलाकों में चिलचिलाती गर्मी का अहसास कराया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर देखा गया, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
सक्रिय हुए तीन शक्तिशाली मौसमी सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय क्षेत्र में तीन प्रमुख सिनॉप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं, जो मानसून की प्रगति और प्री-मानसून गतिविधियों को रफ्तार दे रहे हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती पररसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इसी साइक्लोनिक सर्कुलेशन से लेकर पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी विदर्भ और तेलंगाना होते हुए दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश तक, समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) गुजर रही है। इसके अतिरिक्त, झारखंड से सटे बिहार के ऊपर भी समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।
अंधड़ की चेतावनी, बारिश का दायरा बढ़ेगा
विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं या अंधड़ चलने की संभावना है। दो दिनों के बाद मौसम में और बदलाव आएगा और प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश का दायरा बढ़ेगा। रायपुर में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम या रात को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की गतिविधियां सक्रिय
छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में मानसून अमूमन 10 से 15 जून के बीच प्रवेश करता है। वर्तमान मौसमी प्रणालियों (द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण) को देखते हुए यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं। यह नमी और हवाओं का पैटर्न मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रहा है। यदि हवाओं की गति ऐसी ही रही, तो आगामी 3-4 दिनों में मानसून बस्तर के रास्ते छत्तीसगढ़ में आधिकारिक एंट्री कर सकता है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)