- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- हवाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी केके श्रीवास्तव को ईडी ने किया गिरफ्तार
हवाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी केके श्रीवास्तव को ईडी ने किया गिरफ्तार
3 hours ago
43
0

रायपुर। शराब घोटाला और मनी लाड्रिंग मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी कृष्ण कुमार (केके) श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। विशेष अदालत में पेशी के बाद उन्हें आठ दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया गया।
ईडी ने नौ दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने सात अगस्त तक पूछताछ की अनुमति दी। केके श्रीवास्तव इससे पहले शराब घोटाला मामले में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में सीएम सचिवालय में उप सचिव रही सौम्या चौरसिया के साथ रायपुर जेल में बंद रहे थे।
मार्च 2026 में हाई कोर्ट से जमानत मिलने और अप्रैल में ईओडब्ल्यू द्वारा चालान पेश किए जाने के बाद दोनों जेल से रिहा हुए थे। अब ईडी की नई कार्रवाई के बाद श्रीवास्तव फिर से गिरफ्त में है।
15 करोड़ की ठगी का है आरोप
केके श्रीवास्तव पर स्मार्ट सिटी और नवा रायपुर परियोजनाओं में करीब 500 करोड़ रुपये के कार्य दिलाने का झांसा देकर 15 करोड़ रुपये की कथित ठगी का भी आरोप है। इस संबंध में रायपुर के तेलीबांधा थाने में एफआइआर दर्ज है। शिकायत के अनुसार, दिल्ली की एक कंपनी से जुड़े कारोबारियों से परियोजनाएं दिलाने के नाम पर रकम ली गई थी।
बैंक खातों में 300 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन की जांच
जांच एजेंसियों के अनुसार, श्रीवास्तव से जुड़े बैंक खातों में करीब 300 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की भी जांच चल रही है। ईडी रिमांड के दौरान कथित हवाला नेटवर्क, धन के स्रोत, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और मनी लाड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर गहन पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि कथित अवैध वित्तीय नेटवर्क कितना व्यापक है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)