छत्तीसगढ़ में 8,720 पदों पर होगी भर्ती, 10वीं पास भी कर सकेंगे अप्लाई, जानिए पूरी प्रक्रिया

Raipur Job fair: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। रायपुर के बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर इस मेले की तारीख और स्थान की पुष्टि की गई है।
पदों में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, गुणवत्ता निरीक्षक, बिक्री कार्यकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, ग्राहक सेवा कार्यकारी, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, चालक, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस जैसे पद शामिल हैं।
10वीं से पोस्ट ग्रेजुएशन तक के युवा कर सकेंगे आवेदन
रोजगार मेले में अलग-अलग योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध हैं। 10वीं और 12वीं पास के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवा अपनी योग्यता के अनुसार रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। कुछ उपलब्ध पदों में 10वीं पास से लेकर स्नातक और तकनीकी योग्यता वाले अभ्यर्थियों की पात्रता दिखाई गई है।
तकनीकी क्षेत्र में सबसे ज्यादा अवसर
उपलब्ध रिक्तियों में तकनीकी और विनिर्माण क्षेत्र में करीब 4,800 पद बताए गए हैं। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स और परिवहन क्षेत्र में करीब 1,600, सुरक्षा क्षेत्र में करीब 650 और स्वास्थ्य सेवा एवं देखभाल क्षेत्र में करीब 580 पद हैं। अलग-अलग कंपनियों की ओर से पद, योग्यता, आयु सीमा और वेतनमान अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं।
रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट समेत कई कंपनियों की रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
चयनित युवाओं को मिल सकता है ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी प्रस्तावित है।
ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने से पहले छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर ‘रोजगार इच्छुक लॉगिन’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आधिकारिक पोर्टल के अनुसार अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ अपनी पसंद की रिक्तियों का चयन करना अनिवार्य है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थी को निर्धारित तारीख और समय पर रोजगार मेले में साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा। रोजगार विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है। किसी भी नियोक्ता या व्यक्ति को नौकरी, प्रशिक्षण, आवास या अन्य किसी कारण से पैसे नहीं देने चाहिए।
युवाओं से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं से अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध पदों के लिए आवेदन करने की अपील की है। विभाग की ओर से अन्य उद्योगों और नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि रोजगार मेले में अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर अपनी प्रोफाइल अपडेट कर सकते हैं। इसके बाद राज्यस्तरीय रोजगार मेले की उपलब्ध रिक्तियों में अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार पद का चयन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग के अनुसार नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकते हैं।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)