- Home
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ [दुर्ग-भिलाई] के अनुराग दानी एवं रोहित पटेल ने फोब्बर्स 30 अंडर 30 एशिया 2026 में बनाई जगह
छत्तीसगढ़ [दुर्ग-भिलाई] के अनुराग दानी एवं रोहित पटेल ने फोब्बर्स 30 अंडर 30 एशिया 2026 में बनाई जगह

👉 • उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की सूची में एशिया के विभिन्न देशों से कुल 300 युवा प्रतिभाओं को स्थान दिया गया है. इनमें 78 भारतीय प्रतिभाओं का चयन हुआ है, जो इस सूची में भारतीय युवाओं के बढ़ते प्रभाव और वर्चस्व को दर्शाता है. अनुराग दानी और रोहित पटेल का चयन न केवल दुर्ग-भिलाई, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है.
• छत्तीसगढ़ आसपास
• दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ की धरती प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार की समृद्ध परंपरा के लिए सदैव जानी जाती रही है। प्रदेश के युवाओं ने समय-समय पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का परिचय देकर राज्य का मान बढ़ाया है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दुर्ग के युवा उद्यमी अनुराग दानी एवं भिलाई के युवा उद्यमी रोहित पटेल ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा छत्तीसगढ़ गर्व कर रहा है। दोनों युवा उद्यमियों का चयन विश्व की प्रतिष्ठित सूची “फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया – 2026” में हुआ है, जो एशिया के सबसे प्रभावशाली और नवाचारी युवा उद्यमियों, वैज्ञानिकों, कलाकारों एवं परिवर्तनकारी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने वाली अंतरराष्ट्रीय सूची मानी जाती है।
यह उपलब्धि केवल दो व्यक्तियों की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा, संकल्प और उद्यमशीलता की वैश्विक पहचान का प्रतीक है। छोटे शहरों से निकलकर विश्व स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करना इस बात का प्रमाण है कि यदि सपने बड़े हों, दृष्टि स्पष्ट हो और परिश्रम निरंतर हो, तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती।

👉 • डॉ. संजय दानी एवं डॉ. ममता दानी के सुपुत्र हैं अनुराग दानी

👉 • राजेंद्र पटेल एवं हेमा पटेल के सुपुत्र हैं रोहित पटेल
अनुराग दानी दुर्ग के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. संजय दानी तथा प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता दानी के सुपुत्र हैं। वहीं रोहित पटेल भिलाई के विख्यात आर्किटेक्ट राजेंद्र पटेल एवं प्रसिद्ध इंटीरियर डेकोरेटर श्रीमती हेमा पटेल के सुपुत्र हैं। दोनों परिवार शिक्षा, संस्कार, सामाजिक योगदान और उत्कृष्टता की परंपरा के लिए जाने जाते हैं।
अनुराग और रोहित की मित्रता और प्रतिभा का सफर विद्यालयीन दिनों से ही प्रारंभ हुआ। दोनों ने वर्ष 2014 तक डी.पी.एस. भिलाई से अपनी स्कूली शिक्षा साथ-साथ पूर्ण की। इसके बाद वर्ष 2014 से 2018 तक देश के सर्वोच्च तकनीकी संस्थानों में से एक आईआईटी दिल्ली से बी-टेक की शिक्षा प्राप्त की। अध्ययन काल में ही दोनों के मन में तकनीक के माध्यम से समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करने का विचार आकार लेने लगा। यही विचार आगे चलकर एक सफल स्टार्टअप की नींव बना।
आईआईटी से शिक्षा पूर्ण करने के बाद दोनों युवाओं ने फिटनेस एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार का मार्ग चुना। उन्होंने मिलकर “होम जिम” मशीनों के निर्माण और विकास की दिशा में कार्य प्रारंभ किया तथा बेंगलुरु में अपनी स्टार्टअप कंपनी “एरोलिप” (Aroleap) की स्थापना की। कंपनी ने अत्याधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित फिटनेस समाधान और उपयोगकर्ता-केंद्रित उत्पादों के माध्यम से कम समय में अपनी विशिष्ट पहचान बना ली। आज एरोलिप केवल एक व्यावसायिक संस्था नहीं, बल्कि भारतीय युवाओं की नवाचारी सोच, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की क्षमता का प्रतीक बन चुकी है।
उनकी कंपनी की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक सराहना प्राप्त हुई। लगभग दो वर्ष पूर्व उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय की टीम द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित उत्पाद प्रदर्शनी में अपने नवाचारों के प्रदर्शन हेतु आमंत्रित किया गया था। किसी भी उभरते हुए स्टार्टअप के लिए यह अत्यंत सम्मानजनक अवसर माना जाता है, जो उनके कार्य की गुणवत्ता और उपयोगिता को प्रमाणित करता है।
इतना ही नहीं, अनुराग दानी, रोहित पटेल और उनकी टीम को देश के लोकप्रिय उद्यमिता मंच “शार्क टैंक इंडिया” में भी अपने उत्पाद और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस मंच ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनाया।
अब उनकी उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। विश्वप्रसिद्ध व्यावसायिक पत्रिका फोर्ब्स द्वारा जारी “फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया 2026” सूची में स्थान प्राप्त करना किसी भी युवा उद्यमी के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की सूची में एशिया के विभिन्न देशों से कुल 300 युवा प्रतिभाओं को स्थान दिया गया है। इनमें 78 भारतीय प्रतिभाओं का चयन हुआ है, जो इस सूची में भारतीय युवाओं के बढ़ते प्रभाव और वर्चस्व को दर्शाता है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर अनुराग दानी और रोहित पटेल का चयन न केवल दुर्ग-भिलाई, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि जब परिवार से संस्कार, शिक्षा से दृष्टि, तकनीक से नवाचार और स्वयं से अथक परिश्रम जुड़ जाए, तो वैश्विक स्तर पर भी असाधारण उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। अनुराग और रोहित ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी महानगर की मोहताज नहीं होती; यदि अवसरों को पहचानकर सही दिशा में प्रयास किया जाए तो छोटे शहरों के युवा भी विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
आज दुर्ग, भिलाई सहित समूचे छत्तीसगढ़ में उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष और गर्व का वातावरण है। चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य, उद्योग, व्यापार, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों ने दोनों युवा उद्यमियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
अनुराग दानी और रोहित पटेल की यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी तथा आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
• प्रस्तुति- कैलाश जैन बरमेचा
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)