- Home
- Chhattisgarh
- ओणम की उल्लासमयी छटा के बीच रंगतरंग-2026 का भव्य शुभारंभ : भिलाई में कला, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम
ओणम की उल्लासमयी छटा के बीच रंगतरंग-2026 का भव्य शुभारंभ : भिलाई में कला, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम

👉 • 26-30 अगस्त, 2026 रंगतरंग का शुभारंभ महात्मा गाँधी कला मंदिर भिलाई में
• छत्तीसगढ़ आसपास
• भिलाई
भिलाई [26 अगस्त, 2026] : महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में बुधवार को पांच दिवसीय अखिल भारतीय नाट्य , नृत्य, संगीत, ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता सह समारोह ‘रंग तरंग-2026’ का शुभारंभ हुआ। संयोग से यह आयोजन केरल के लोकपर्व ओणम के अवसर पर हुआ, जिसने कार्यक्रम को दोहरा उत्सवी रंग दे दिया.

👉 • रंगकर्मी संतोष झांझी एवं संगीत गुरु दीपेंद्र हालदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया
इस अवसर पर मुख्य अतिथि,विशेष अतिथि द्वय वरिष्ठ रंगकर्मी,कवयित्री,साहित्यकार श्रीमती संतोष झांझी,सुप्रसिद्ध गायक एवं संगीत गुरु श्री दीपेन हालदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ओणम जहां समृद्धि और सामूहिक उल्लास का संदेश देता है, वहीं कला मनुष्यों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है,इसलिए दोनों का संयोग विशेष अर्थ रखता है।
उद्घाटन सत्र में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों की गायन एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें नन्हे प्रतिभागियों ने रंगों और सुरों से वातावरण को जीवंत कर दिया। इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को ‘स्व. कलावती सामंत स्मृति गायन प्रतियोगिता’ भी ‘रंग तरंग-2026’ का प्रमुख आकर्षण है, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभाशाली गायक अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।प्रतियोगिता के लिए ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन प्रतिदिन प्रातः 8बजे से किया जाएगा।
इसके साथ देशभर से आए कलाकारों की विविध प्रस्तुतियों और कला प्रदर्शनी ने दर्शकों को आकर्षित किया। आयोजन में तेहाई डांस अकादमी का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे नृत्य विधा की प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं को विशेष स्वरूप मिल रहा है।
महोत्सव रविन्द्र निकेतन, हुडको कालीबाड़ी और गीता आर्ट्स एक्ट एंड नृत्य एसोसिएशन (GANA) के संयुक्त तत्वावधान में तथा कला साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ (KAVACH) और सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। 30 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन में नृत्य, नाटक, संगीत तथा ड्राइंग एवं पेंटिंग की प्रतियोगिताएं होंगी।


आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य देशभर की कला प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ जरूरतमंद कलाकारों एवं साहित्यकारों के सहयोग के लिए फंड जुटाना भी है। ओणम के उल्लास और कला की विविध रंग-तरंगों के साथ यह महोत्सव भिलाई की बहुसांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध कर रहा है।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)