- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
सेवानिवृत्त पर बीएसपी प्रबंधन ने दी भावभीनी विदाई : मई 2025 माह में कुल-124 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए : 21 कार्यपालक और 103 गैर-कार्यपालक को संयंत्र के कार्यपालक निदेशक [परियोजनाएं] एस. मुखोपाध्याय और कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन] पवन कुमार ने विदाई दी




सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से मई 2025 माह में कुल 124 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिसमें खदान बिरादरी के सदस्यों सहित 21 कार्यपालक व 103 गैर-कार्यपालक शामिल हैं।
मई 2025 में सेवानिवृत्त हो रहे कार्यपालकों हेतु विदाई समारोह का आयोजन इस्पात भवन स्थित निदेशक प्रभारी सभागार में किया गया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री एस मुखोपाध्याय तथा कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने कार्यपालकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
उल्लेखनीय है कि महाप्रबंधक (यूटिलिटीज़) श्री ए.के. जोशी भी दिनांक 31 मई 2025 को सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री एस. मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए.के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार, तथा कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. रवींद्रनाथ एम., ने श्री ए.के. जोशी को सेवानिवृत्ति आदेश और सेवा प्रमाण-पत्र सौंपे।
उपस्थित कार्यपालक निदेशकों ने बीएसपी स्टील परिवार के श्री ए.के. जोशी व सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों को विदाई दी तथा उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सराहना भी की। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सेल में अपने सेवा अनुभव साझा किए और सेवानिवृत्ति के पश्चात जीवन के आगामी योजनाओं के बारे में भी बताया।
31 मई 2025 को भिलाई निवास में आयोजित समारोह में संयंत्र के गैर-कार्यपालकों को भावभीनी विदाई दी गई। भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (पावर फैसिलिटिस) श्री राजीव पाण्डेय, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर और उप महाप्रबंधक (एचआर – क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) श्री राजेंद्र प्रसाद ने कार्मिकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया। संयंत्र प्रबंधन ने विदा होने वाले इस्पात बिरादरी के सदस्यों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।
▪️
बीएसपी ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 32 बंगला से आवास अवैध कब्जाधारियों से खाली कराया



सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग (टीएसडी) के अन्तर्गत प्रवर्तन अनुभाग ने 31 मई 2025 को महत्त्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 32 बंगला, सेक्टर-8, भिलाई स्थित बीएसपी आवासीय क्वार्टर क्रमांक 0010, स्ट्रीट एसटीए को अवैध कब्जाधारियों से खाली कराया।
यह कार्रवाई माननीय संपदा न्यायालय द्वारा एसीबी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध पारित आदेश के आधार पर की गई, जो उक्त क्वार्टर पर अनाधिकृत रूप से काबिज पाए गए थे।
प्रवर्तन अभियान की यह प्रक्रिया दोपहर 1:00 बजे कार्यपालक मजिस्ट्रेट (संपदा न्यायालय) श्री नरसिंह साहू की निगरानी में संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस थाना के पुलिसकर्मी, जनसंपर्क विभाग, तथा नगर सेवाएं विभाग सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री नरसिंह साहू की उपस्थिति में क्वार्टर को पूरी तरह खाली कराया गया और उसे विधिवत रूप से सील कर दिया गया।
कार्यवाही की पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में विस्तृत पंचनामा रिपोर्ट तैयार की गई तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान पूर्व कब्जाधारियों की कोई भी सामग्री जब्त नहीं की गई।
इस कार्यवाही में लगभग 100 कर्मियों की एक व्यापक टीम शामिल रही, जिसमें सहायक महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) श्री यशवंत कुमार साहू, तथा लोक स्वास्थ्य विभाग, सिविल इंजीनियरिंग विभाग, टीएसडी – प्रवर्तन अनुभाग, जनसंपर्क विभाग, महिला एवं पुरुष प्राइवेट सुरक्षा गार्ड, तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधि सम्मिलित थे। कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने हेतु ट्रैक्टर, ट्रॉली, जीप, माल वाहक वाहन तथा आवश्यक उपकरणों का उपयोग भी किया गया।
भिलाई इस्पात संयंत्र का उद्देश्य अपनी आवासीय एवं गैर-आवासीय परिसंपत्तियों पर वैध स्वामित्व को सुरक्षित बनाए रखना है तथा अनधिकृत कब्जों के विरुद्ध प्रभावशाली कार्रवाई करते हुए संपदा नियमों को प्रभावी रूप से लागू करना है। पिछले कुछ दिनों में भी ऐसे कई प्रवर्तन कार्यवाहियाँ संपन्न किए जा चुके हैं और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
▪️
शिरोमणी पुरुस्कार : कोक-ओवन के कर्मचारी ‘शिरोमणी पुरुस्कार’ से हुए सम्मानित : महाप्रबंधक [कोक-ओवन एवं कोल केमिकल विभाग] के तुलाराम बेहेरा के मुख्य आतिथ्य में कर्मशिरोमणी पुरुस्कार का वितरण किया गया

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में शिरोमणी पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट तथा अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए शिरोमणि पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसी के तहत संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में 29 मई 2025 को मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) श्री तुलाराम बेहेरा के मुख्य आतिथ्य में कर्म शिरोमणि पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य महाप्रबंधक श्री तुलाराम बेहेरा ने फरवरी 2025 के लिए जूनियर इंजीनियर (सी.एस.पी.) श्री प्रह्लाद एवं इंजिनियरिंग एसोसिएट (सी.एच.पी.) श्री विजय कुमार कसेर को तथा मार्च 2025 के लिए जूनियर इंजीनियर (मैक.मेंटेनेंस) श्री राजेश कुमार बेसरा एवं जूनियर इंजीनियर (सी.एच.पी.) श्री अकील उल्ला खान को कर्म शिरोमणि पुरस्कार का स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र तथा जीवनसाथी के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि श्री तुलाराम बेहेरा ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता देकर आगे भी इसी प्रकार लगन से कार्य करते रहने तथा अपने अधीनस्थ कार्मिकों को भी कार्य में निपुण करने के लिए सभी पुरस्कार विजेताओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के महाप्रबंधकगण श्री एस. रायचौधरी, श्री झगर सिंग, श्री एम.एस.नायक श्री एस.बी.पाटिल, श्री ए.आर. साहू, श्री बी.सी.मंडल तथा श्री टी. उमाशंकर, उप महाप्रबंधक श्री दुष्यंत दाऊ, सहायक महाप्रबंधक श्री एस.एस.मेश्राम, वरिष्ट प्रबंधक श्री अशोक कुमार नायक ने सभी पुरस्कार विजेताओं के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और बेहतर कार्यशैली को सतत बनाये रखकर सुरक्षा के साथ उत्पादन कार्य में, इसी तरह अपना सहयोग करते रहने की सलाह दी |
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री एम.एम. श्रीवास्तव ने किया एवं अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी, श्री प्रवीण शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
▪️▪️▪️
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)