- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने संयंत्र के विभिन्न विभागों का किया दौरा और कर्मचारियों का बढ़ाया हौसला : भ्रमण में उनके साथ कार्यपालक निदेशक [परियोजनाएं] एस. मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक [सामग्री प्रबंधन] अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक [वित्त एवं लेखा] प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन विभाग] पवन कुमार और कार्यकारी कार्यपालक निदेशक [वकर्स] तापस दासगुप्ता थे



सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने 1 सितम्बर, 2025 को संयंत्र के विभिन्न विभागों का दौरा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने वर्तमान वित्त वर्ष में प्राप्त उत्कृष्ट उत्पादन व उपलब्धियों पर सभी को बधाई दी तथा आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर संयंत्र बिरादरी में उत्साह का संचार हुआ।
1 सितम्बर, 2025 को संयंत्र भ्रमण का प्रारंभ निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने संयंत्र भवन से किया। इस भ्रमण के दौरान श्री महापात्र के साथ कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री एस मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन विभाग) श्री पवन कुमार, तथा कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री तापस दासगुप्ता सहित मानव संसाधन विभाग, परियोजना विभाग, जनसंपर्क विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी सम्मिलित रहे।
संयंत्र भवन के भ्रमण के उपरांत निदेशक प्रभारी सबसे पहले प्लेट मिल पहुँचे, जहाँ उन्होंने विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारियों से भेंट की। श्री महापात्र ने वहाँ उत्कृष्ट उत्पादन की जानकारी ली और हाल में प्राप्त रिकार्डस की सराहना की और मिठाइयाँ बाँटकर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ उत्पादन के लिए यदि किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो प्रबंधन हरसंभव सहयोग करेगा।
सभी कार्यपालक निदेशकों ने भी कर्मचारियों को बधाई दी और आगामी दिनों में और ऊँचे लक्ष्य हासिल करने हेतु प्रेरित किया।
इसके पश्चात निदेशक प्रभारी ने यूनिवर्सल रेल मिल, मर्चेंट मिल तथा बार एंड रॉड मिल का भी दौरा किया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया तथा उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण सुझाव व मार्गदर्शन दिया साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सभी विभाग के विभागाध्यक्ष व वरिष्ठ अधिकारीगण ने निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशकों का स्वागत किया, जिसमें मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री कार्तिकेय बेहरा, महाप्रबंधक प्रभारी (यूआरएम) श्री विशाल गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (मर्चेंट मिल) श्री एम के गोयल, मुख्य महाप्रबंधक (बार एंड रॉड मिल) श्री योगेश शास्त्री शामिल थे।


अंत में श्री चित्तरंजन महापात्र ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की उपलब्धियाँ टीमवर्क और समर्पण की एक मिसाल हैं। उन्होंने संयंत्र बिरादरी को बेहतर उत्पादन, सुरक्षा व गुणवत्ता को प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया और भरोसा जताया कि आने वाले समय में संयंत्र नई ऊँचाइयाँ हासिल करेगा। उन्होंने उत्पादन के साथ सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और दुर्घटना रहित उत्पादन लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु संयंत्र बिरादरी को प्रेरित किया।
▪️
ऑफिसर्स एसोसिएशन भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए चुनाव अधिसूचना जारी : कार्यकाल 2025-2027 के लिए चुनाव 19 सितम्बर, 2025 को होंगे : नामांकन पत्र 03-06 सितम्बर को जमा करना होगा

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ऑफिसर्स एसोसिएशन [ओए] ने 2025-2027 कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी के चुनावों की घोषणा कर दी है। चुनाव शुक्रवार, 19 सितंबर 2025 को होंगे, जिसमें निर्धारित केंद्रों पर मतदान होगा और उसी शाम भिलाई क्लब में मतगणना शुरू होगी।
अधिसूचना के अनुसार, ऑफिसर्स एसोसिएशन के वे सभी सदस्य जिनकी सेवानिवृत्ति 31 अगस्त 2027 को या उससे पहले नहीं होनी है, वे संबंधित क्षेत्रों के अनुसार अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के पदों के लिए चुनाव लड़ने के पात्र होंगे।
नामांकन पत्र 3 सितंबर से 6 सितंबर 2025 तक कार्यालय समय के दौरान, मानव संसाधन विकास केंद्र के कमरा संख्या 13 में उपलब्ध हैं। कुटेश्वर माइंस में कार्यरत सदस्यों के लिए विशेष छूट दी गई है, जो रिटर्निंग ऑफिसर श्री जे. एन. ठाकुर, रिटर्निंग ऑफिसर श्री विकास चंद्रा, या रिटर्निंग ऑफिसर श्री संदीप झा, को उनके आधिकारिक ईमेल पते पर ईमेल भेजकर नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 सितंबर 2025 है। वैध नामांकनों की सूची 8 सितंबर 2025 को शाम 8 बजे तक ओए कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 9 सितंबर 2025 है।
भिलाई क्लब में सुबह 9:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक, सिटीजन क्लब, राजहरा माइंस में सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक और नंदिनी माइंस गेस्ट हाउस में सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक गुप्त मतदान होगा। हिर्री माइंस और कुटेश्वर माइंस में कार्यरत सदस्य डाक मतपत्रों के माध्यम से मतदान करेंगे।
निर्वाचन अधिकारियों ने ऑफिसर्स एसोसिएशन के सभी सदस्यों से मतदान और मतगणना के दौरान बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त, सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने में अपना सहयोग देने की अपील की है।
▪️
एसएमएस-3 में स्टील ज़ोन क्विज का सफल आयोजन : इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक [एसएमएस-2] एसके घोषाल, महाप्रबंधक प्रभारी [एसईडी] एसके अग्रवाल एवं मुख्य महाप्रबंधक [एसएमएस-3] त्रिभुवन बैठा ने प्रतिभागियों को बधाई दी


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में स्टील ज़ोन सेफ्टी क्विज़ का आयोजन एसएमएस-3, वर्क्स बिल्डिंग-5 के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। इस प्रतियोगिता में ठेका श्रमिकों ने अपनी तत्परता और सुरक्षा ज्ञान की उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया। कुछ विभागों से अनस्किल्ड वर्कर श्रेणी की महिला प्रतिभागियों ने भी अपनी प्रतिभागिता दर्ज की।
प्रतियोगिता में सात विभागों एसएमएस-2, एसएमएस-3, एमआरडी-आरएमडी, आरसीएल, ओपी-2, पीएलईएम तथा आरईडी ने भाग लिया। कुल 21 टीमों में से एसएमएस-3 से सुश्री हेमलता देवांगन, श्री गलेन्द्र साहू और श्री ताम्रध्वज की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः एसएमएस-2 से श्री राजेश्वर प्रसाद वर्मा एवं श्री सुमीत द्विवेदी की टीम तथा श्री टी. विजय कुमार एवं श्री रूपेन्द्र कुमार साहू की टीम ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-2) श्री एस.के. घोषाल, महाप्रबंधक प्रभारी (एसईडी) श्री एस.के. अग्रवाल तथा मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें क्विज में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त करने हेतु बधाई दी।
प्रश्नपत्र की तैयारी और मूल्यांकन का कार्य महाप्रबंधक (एसईडी) श्री राजेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। आयोजन का समन्वयन महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (एसएमएस-3) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोज तथा महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (एसएमएस-2) श्री बिनीतोष बाला ने किया।
क्विज़ का संचालन उप प्रबंधक व विभागीय सुरक्षा अधिकारी (एसएमएस-2) श्री सुमित कुमार तथा उप महाप्रबंधक व विभागीय सुरक्षा अधिकारी (एमआरडी) श्री अविनाश दुबे ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री नीमेश गुप्ता, श्री वेंकटपति राजू, श्री भालेकर एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।
▪️
जेसीएसएसआई द्वारा आयोजित राष्ट्र स्तरीय सुरक्षा प्रतियोगिता में बीएसपी कार्मिकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

इस्पात उद्योग में सुरक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जॉइंट कमिटी ऑन सेफ्टी, हेल्थ एंड एनवायरनमेंट इन स्टील इंडस्ट्री (जेसीएसएसआई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार अर्जित किए। इस्पात संयंत्र से कुल 29 प्रतिभागियों ने तीनों श्रेणियों में भाग लिया, जिनमें से 11 कार्मिकों ने पुरस्कार जीत कर बीएसपी का नाम रौशन किया, जिनमें 2 प्रथम, 5 द्वितीय, 3 तृतीय एवं 1 ओवरऑल पुरस्कार शामिल हैं।
प्रतिवर्ष जेसीएसएसआई द्वारा सुरक्षा से सम्बंधित विभिन्न प्रतियोजिताओं सुरक्षा निबंध, कैलेंडर एवं पोस्टर प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाता है। गत वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के इस्पात उद्योगों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता और कौशल के माध्यम से कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता फैलाने के साथ-साथ उद्योग में सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण को सुदृढ़ बनाने में इस्पात उद्योगों की भूमिका को रेखांकित किया।
प्रतियोगिताएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की गई थीं। पुरस्कार विजेताओं में ऑटोमेशन एवं डिजिटाइजेशन विभाग की इंजीनियरिंग एसोसिएट सुश्री रश्मि नायक ने सुरक्षा निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कोक ओवन विभाग के श्री प्रभु चरण जेना ने सुरक्षा पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। इसी प्रकार मार्स-1 के श्री रंजन गोस्वामी ने पोस्टर वर्ग में ‘ओवरऑल बेस्ट’ पुरस्कार जीता।
एसएमएस-2 के उप महाप्रबंधक श्री शिशिर कुमार महापात्रा और टी एंड डी विभाग के श्री हरीश कुमार गोंड़ को कैलेंडर प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार, एसएमएस-2 के श्री रंजीत कुमार और यूआरएम के श्री सतीश कुमार भारद्वाज को पोस्टर प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार तथा एसएमएस-2 की सुश्री प्रियंका राज गुप्ता को निबंध प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीँ यूआरएम के श्री पी.जी.एस. सुंदर मोहन नायक, श्री सौभाग्य रंजन साहू और ब्लास्ट फर्नेस के श्री हेमन्त कुमार वर्मा ने निबंध प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) श्री देबदत्त सतपथी ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1973 में गठित “जॉइंट कमिटी ऑन सेफ्टी, हेल्थ एंड एनवायरनमेंट इन स्टील इंडस्ट्री” (जेसीएसएसआई) इस्पात उद्योग में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाली द्विपक्षीय राष्ट्रीय समिति है। देश के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की 22 इस्पात इकाइयाँ इस समिति का हिस्सा हैं। इसमें सेल के सभी इस्पात संयंत्रों सहित टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू, आरआईएनएल-विशाखापट्टनम जैसी प्रतिष्ठित इस्पात कंपनियां शामिल हैं।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)