- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- बिजली दरों में बढ़ोतरी पर छत्तीसगढ़ में सियासी रार: कांग्रेस ने घेरे दफ्तर, भाजपा ने बताया राजनीतिक नौटंकी
बिजली दरों में बढ़ोतरी पर छत्तीसगढ़ में सियासी रार: कांग्रेस ने घेरे दफ्तर, भाजपा ने बताया राजनीतिक नौटंकी

रायपुर। कांग्रेस ने प्रदेश में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में सभी जिलों में प्रदर्शन किया। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर व अन्य जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन भी किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ी हुई बिजली दरों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
नगाड़ा बजाकर और बिजली मीटर लेकर प्रदर्शन
रायपुर के डंगनिया में कांग्रेस ने नगाड़ा बजाकर और हाथों में बिजली मीटर लेकर विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष कुमार मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता को लूटने का काम कर रही है। हर मोर्चे पर जनता को राहत देने में विफल साबित हुई है। स्मार्ट मीटर के नाम पर भी जनता को परेशान किया जा रहा है। पार्टी जनता की आवाज बनकर इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे,पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे आदि जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
कांग्रेस का प्रदर्शन राजनीतिक नौटंकी: ठोकने
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने बिजली दरों को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि बिजली बिल हाफ के नाम पर बढ़ा बिजली बिल वसूलने वाले घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। वे जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि नए टैरिफ संशोधन का प्रदेश के कुल 51 लाख घरेलू उपभोक्ताओं में से 41 लाख पर केवल आंशिक प्रभाव पड़ेगा। इन उपभोक्ताओं पर विद्युत दर संशोधन का प्रभाव शून्य से 3.65 प्रतिशत तक ही सीमित रहेगा।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)