- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल पड़ी तेज, रायपुर और बस्तर संभाग में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल पड़ी तेज, रायपुर और बस्तर संभाग में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बीते तीन दिनों से जारी हल्की से मध्यम बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ओडिशा सीमा से सटे अंदरूनी इलाकों और छत्तीसगढ़ के ऊपर बने डिप्रेशन सिस्टम के असर से रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है।
मौसम में आए इस बड़े बदलाव की मुख्य वजह एक डीप डिप्रेशन एरिया है, जो अब डिप्रेशन में तब्दील होकर अंदरूनी ओडिशा और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय है। इस प्रभाव से बुधवार को पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां चरम पर हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भी रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में जोरदार बौछारें पड़ी हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि गुरुवार से मानसूनी गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी, जिसके बाद अगले 48 घंटों तक तापमान स्थिर रहने और उसके बाद 1 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
इस मानसून सीजन में बारिश के आंकड़े और जिलों की क्या है स्थिति?
1 जून से 29 जुलाई 2026 तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में औसत 544.6 मिलीमीटर बारिश की तुलना में अब तक 470.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मान रहा है। बालोद, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कबीरधाम, कोरबा और रायगढ़ समेत 18 जिलों में अब तक सामान्य बारिश हुई है। वहीं बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जैसे जिलों में सामान्य से अधिक पानी गिरा है। इसके उलट सरगुजा, सुकमा, बस्तर, जशपुर, कांकेर और बीजापुर समेत 11 जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
क्या है मौसम विभाग का अनुमान ?
मौसम पिछले दो दिनों से जो डीप डिप्रेशन एरिया बना हुआ था, वह अब डिप्रेशन के रूप में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अंदरूनी हिस्सों पर केंद्रित है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों तक रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद मानसूनी गतिविधियों की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)