- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- नक्सलियों के लगाए प्रेशर बम फिर बने जानलेवा, चपेट में आने से 2 नाबालिग ग्रामीण घायल
नक्सलियों के लगाए प्रेशर बम फिर बने जानलेवा, चपेट में आने से 2 नाबालिग ग्रामीण घायल

बीजापुर: उसूर थाना क्षेत्र के इलाके में नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए प्रेशर आईईडी बम एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। दो अलग-अलग घटनाओं में 13 और 15 साल के दो ग्रामीण बम की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों के दाहिने पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई है।
एक घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया है, वहीं दूसरे को निकालने के लिए भारी बारिश और जलभराव के बीच सुरक्षा बलों का रेस्क्यू अभियान जारी है।
पहली घटना: जलप्रपात घूमने गए थे, बम पर पैर पड़ा
जानकारी के अनुसार सुकमा जिले के थाना चिंतागुफा क्षेत्र के ग्राम करीगुण्डम के 7-8 युवक और बालक नीलम सराई जलप्रपात घूमने आए थे।
जलप्रपात से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर बम पर सोढ़ी देवा उम्र 13 वर्ष पिता हुंगा सोढ़ी का पैर पड़ गया। जोरदार विस्फोट में उसकी दाहिने पैर की एड़ी उड़ गई।
घायल बालक को तुरंत उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय बीजापुर रेफर कर दिया गया है। उसकी स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है।

दूसरी घटना: मवेशी चराने गए तो हुआ धमाका
दूसरी घटना ग्राम नम्बी की है। यहां के दो ग्रामीण मवेशी चराने नम्बी जलधारा की ओर गए थे। जंगल में पहले से दबे प्रेशर आईईड* की चपेट में विनोद कट्टम उम्र 15 वर्ष पिता चन्द्रु कट्टम आ गया। विस्फोट में उसके भी दाहिने पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई है।
रेस्क्यू में आ रही दिक्कत, भारी बारिश बनी बाधा
घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्ते में नाले में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है। इसी वजह से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।
सुरक्षा बल जरूरी सावधानियों के साथ रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। कोशिश है कि घायल विनोद को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा जा सके।
बस्तर में अब भी एक्टिव हैं नक्सलियों के बम
बस्तर के जंगलों में नक्सलियों ने पिछले कई सालों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जगह-जगह प्रेशर बम और आईईडी लगा रखे हैं। बरसात के मौसम में ये बम जंगल और नदी-नालों के किनारे छिपाये गए हैं और आम ग्रामीण इसकी चपेट में आ जाते हैं।
प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि अनजान रास्तों और जंगल में न जाएं। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)