भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को बड़ा बूस्ट PM मोदी ने किया सेमीकॉन India 2026 का उद्घाटन

नई दिल्ली। भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर को नई दिशा देने वाले सेमीकॉन इंडिया 2026 का गुरुवार को यशोभूमि में शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय इस आयोजन में दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इस बार सम्मेलन में 52 देशों की 600 से ज्यादा कंपनियां शामिल हो रही हैं। कार्यक्रम का फोकस भारत में सेमीकंडक्टर का मजबूत और आत्मनिर्भर इकोसिस्टम तैयार करने के साथ-साथ वैश्विक कंपनियों के लिए निवेश और साझेदारी के अवसर बढ़ाने पर है।
उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत के प्लांट से चिप निकलकर अब दुनिया तक पहुंचना शुरू हो गया है। पीएम ने इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गजों को भारत की विकास यात्रा का साझेदार बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारत की प्रतिभा, तकनीक अपनाने की क्षमता और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर को सेमीकंडक्टर सेक्टर की बड़ी ताकत बताया।
पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर मिशन के निवेश लक्ष्य में हुई बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मिशन के पहले चरण में करीब 8 अरब डॉलर के निवेश का लक्ष्य रखा गया था, जिसे दूसरे चरण में बढ़ाकर 30.5 अरब डॉलर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत में चिप डिजाइन, फैब्रिकेशन और सिलिकॉन फोटोनिक्स जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। पीएम ने भारत को चिप कंपनियों के लिए बड़े अवसरों वाला बाजार बताते हुए इसे ‘गोल्डमाइन’ करार दिया।
17 से 19 सितंबर तक आयोजित होने वाले सेमीकॉन इंडिया 2026 का थीम ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ है। सम्मेलन में चिप मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड पैकेजिंग, चिप डिजाइन, सप्लाई चेन और स्किल डेवलपमेंट जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
सेमीकॉन इंडिया 2026 में ‘Sand to Silicon to Systems’ नाम से विशेष वैल्यू-चेन एक्सपीरियंस तैयार किया गया है। इसमें आगंतुकों को कच्चे माल से लेकर सिलिकॉन, चिप निर्माण, एडवांस्ड पैकेजिंग और अंतिम इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम तक की पूरी प्रक्रिया को समझने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में स्टार्टअप पिच, छात्र हैकाथॉन और इनोवेशन शोकेस भी आयोजित होंगे। इसके जरिए नए आइडिया और तकनीकी समाधानों को उद्योग के सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के साथ डिजाइन, रिसर्च, स्किल और सप्लाई चेन का व्यापक इकोसिस्टम विकसित करना है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)