- Home
- Chhattisgarh
- भिलाई इस्पात संयंत्र : राजभाषा पखवाड़ा-2026 का उद्घाटन समारोह सम्पन्न
भिलाई इस्पात संयंत्र : राजभाषा पखवाड़ा-2026 का उद्घाटन समारोह सम्पन्न

👉 • कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन] सभागार में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने किया. इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रशांत ओझा भी उपस्थित रहे.
• छत्तीसगढ़ आसपास
• भिलाई इस्पात संयंत्र
भिलाई [18 सितम्बर, 2026] : भिलाई इस्पात संयंत्र, राजभाषा विभाग द्वारा 18 सितंबर 2026 को कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) सभागार में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का उद्घाटन समारोह कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री प्रशांत ओझा, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) उपस्थित थे। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशकगण, मुख्य महाप्रबंधकगण, हिंदी समन्वय अधिकारीगण व बड़ी संख्या में संयंत्र कर्मी व हिंदी प्रेमी कार्मिकगण उपस्थित थे।
सर्वप्रथम अतिथिगण ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात विभाग प्रमुख एवं महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क व प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी ने पुस्तक भेंटकर अतिथिगण का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि, हम सभी राजभाषा प्रेमियों के लिए सितंबर माह अत्यंत गौरव और हर्ष का अवसर लेकर आता है। इस अवधि में हम हिंदी दिवस तथा हिंदी पखवाड़ा के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य केवल हिंदी के प्रति अपने स्नेह को अभिव्यक्त करना ही नहीं, अपितु अपना समस्त कार्यालयीन कार्य हिंदी में संपादित करने का संकल्प लेना भी है। ऐसी प्रतियोगिताएँ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करती हैं व हम सभी में नई ऊर्जा, सकारात्मकता व आत्मविश्वास का संचार करती हैं।
उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा विभाग ने सदैव ही हिंदी के प्रगामी प्रयोग को प्रोत्साहन की दिशा में भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के दिशा निर्देशों के अनुरूप परिणामदायक प्रयास किए हैं। हमारा यह वार्षिक आयोजन ‘राजभाषा पखवाड़ा’ इसी क्रम में है। उन्होंने विभाग प्रमुखों से अपने-अपने विभागों एवं अंचलों से प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक प्रतिभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

👉 • सुश्री ग्लोरी एस. पारकर

👉 • ओमवीर करन
इस अवसर पर एक काव्य पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत तीन रचनाधर्मी कार्मिकगण सहायक प्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री अनिल कुमार अग्रवाल, अनुभाग अधिकारी (चिकित्सा) सुश्री ग्लोरी एस. पारकर एवं इंजीनियरिंग एसोसिएट (कोक ओवन) श्री ओमवीर करन ने राष्ट्रप्रेम, हिंदी साहित्य और हिंदी के गौरव पर केन्द्रित अपनी स्वरचित कविताओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया तथा भरपूर सराहना बटोरीं।
हिंदी न केवल हमारे कार्यालयीन कार्यकुशलता एवं समग्र निष्पादन में सहायक है, वरन राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी है। हम सभी अपनी-अपनी मातृभाषा का सम्मान करते हैं। यह हमारे देश की सांस्कृतिक विशेषता है कि हम सभी भाषाओं के प्रति पारस्परिक सम्मान का भाव रखते हैं। हमारी मातृभाषा कोई भी हो, हिंदी के प्रति हम सभी के मन में गहरा सम्मान और आत्मीय लगाव है।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया। पखवाड़े का विवरण प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि, दिनांक 19-09-26 को ‘ऑनलाइन तात्कालिक निबंध लेखन प्रतियोगिता’, दिनांक 21-09-26 को ‘ऑनलाइन तात्कालिक काव्य लेखन प्रतियोगिता’ दिनांक 22-09-26 को ‘ऑनलाइन तात्कालिक चित्र देखें – कहानी लिखें प्रतियोगिता’ दिनांक 23-09-26 को ‘ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता’ तथा दिनांक 24-09-26 को ‘तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं के विषय में इच्छुक प्रतिभागीगण अपने विभागीय राजभाषा समन्वय अधिकारी से विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं। इस संबंध में राजभाषा विभाग से भी सीधे संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में राजहरा खदान समूह के हिंदी समन्वय अधिकारी व सहायक महाप्रबंधक श्री विनीत कुमार सिन्हा ने बताया कि खनि नगरियों राजहरा, नंदिनी, हिर्री तथा कुटेश्वर में हिंदी पखवाड़ा की प्रतियोगिताओं का ई-मेल, मोबाइल मेसेज तथा व्हाट्सअप आदि सभी प्रचलित माध्यमों से प्रचार किया जा रहा है। आशा है कि खनि नगरियों से न केवल समस्त प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभागिता होगी तथा राजभाषा पखवाड़ा में अधिकाधिक प्रतिभागिता रहेगी।

🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)