- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ पर मंडराया ‘डीप डिप्रेशन’! अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ पर मंडराया ‘डीप डिप्रेशन’! अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

Chhattisgarh Weather: बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में मौसम बदल गया है। रायपुर में मंगलवार रात हल्की बारिश के बाद भी उमस बनी हुई है, लेकिन जगदलपुर और आसपास के इलाकों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी का डिप्रेशन अब ‘डीप डिप्रेशन’ में बदलने की संभावना है। यह सिस्टम 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करेगा। इसके असर से बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजनांदगांव में दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान, कवर्धा में हुई सर्वाधिक बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 33.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के आंकड़ों में कवर्धा में सबसे अधिक 4 सेमी, जबकि राजपुर और कोटा में 3-3 सेमी बारिश हुई। चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2 सेमी, वहीं जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1-1 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में बादल छाए रहने और बौछारें पड़ने के आसार
राजधानी रायपुर में बुधवार 23 सितंबर को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सुकमा और बस्तर समेत कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कई जिलों में सुबह 10 बजे तक के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव के लिए तेज हवा, वज्रपात और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)