- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में अब तक 85% बारिश दर्ज: मैदानी इलाकों में झमाझम बरसे बदरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा; बस्तर-सरगुजा में सूखा सा हाल
छत्तीसगढ़ में अब तक 85% बारिश दर्ज: मैदानी इलाकों में झमाझम बरसे बदरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा; बस्तर-सरगुजा में सूखा सा हाल

MANSOON: छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में बारिश का असमान वितरण देखने को मिल रहा है। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 27 जुलाई की स्थिति में जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 1 जून से अब तक औसतन 421 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। यह बीते 10 वर्षों की औसत बारिश (494 मि.मी.) का 85.2 प्रतिशत है।
औसत आंकड़ों के लिहाज से स्थिति सामान्य के करीब नजर आ रही है, लेकिन जिलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मध्य छत्तीसगढ़ यानी मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई है, जबकि बस्तर और सरगुजा संभाग के अधिकांश जिलों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है।
मैदानी जिलों में रिकॉर्ड बारिश, नदी-नाले उफान पर
इस मानसून में अब तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रिकॉर्ड तोड़ 181.5 फीसदी (694.3 मि.मी.) वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा कई अन्य मैदानी जिलों में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है:
महासमुंद: 123.2%
बलरामपुर: 125.5%
जांजगीर-चांपा: 117.6%
बलौदाबाजार: 114.0%
सक्ती: 113.7%
रायपुर: 111.1%
वहीं बिलासपुर (102.5%), दुर्ग (105.1%) और मुंगेली (100.6%) में भी वर्षा का कोटा पूरा हो चुका है, जिससे खेती-किसानी की गतिविधियों में तेजी आई है।
बस्तर और सरगुजा संभाग में बारिश का टोटा
दूसरी ओर, बस्तर संभाग का बीजापुर जिला राज्य में सबसे पीछे है, जहाँ अब तक महज 42.9 प्रतिशत (387.5 मि.मी.) बारिश ही हो पाई है। कमोबेश यही स्थिति अन्य वनांचल जिलों की भी है:
सुकमा: 45.0%
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: 51.8%
कांकेर: 54.0%
कोण्डागांव: 54.4%
बस्तर: 54.5%
सरगुजा: 69.0%
बीते 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों में प्रदेश में औसतन 7.6 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। इस दौरान महासमुंद में सर्वाधिक 37.4 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 34.4 मि.मी. और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 33.4 मि.मी. वर्षा हुई। वहीं बलरामपुर, कोरिया, बस्तर, कोण्डागांव, नारायणपुर और दंतेवाड़ा समेत कई जिलों में बीते 24 घंटों में बारिश नहीं हुई है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)