- Home
- Chhattisgarh
- दिवाली मिलन : ‘वरिष्ठजन कल्याण महासंघ’ का दिवाली मिलन एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न हुआ
दिवाली मिलन : ‘वरिष्ठजन कल्याण महासंघ’ का दिवाली मिलन एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न हुआ

👉 • सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं का महापर्व है दिवाली- डॉ. महेशचंद्र शर्मा
👉 • दिवाली के पांचों दिनों की विशेष महत्ता और मान्यताएं हैं- डॉ. डीपी देशमुख
👉 • सामाजिक चेतना एवं पारिवारिक जनजागरण का अनूठा ज्योति पर्व है दीपावली- घनश्याम देवांगन
• छत्तीसगढ़ आसपास
• भिलाई-दुर्ग
भिलाई [16 नवम्बर, 2026] : ‘वरिष्ठजन कल्याण महासंघ’ के तत्वावधान में स्किल ज़ोन सभागार नेहरू नगर भिलाई में दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह का रंगारंग आयोजन रविवार को हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। महासंघ के गायकों ने गीत संगीत प्रस्तुत कर समां बांधा जिससे श्रोता झूम उठे। कार्यक्रम में हिंदी एवं संस्कृत के प्रसिद्ध विद्वान आचार्य डॉ महेशचंद्र शर्मा, कला परंपरा के संपादक डॉ डीपी देशमुख, एक्स सीएमओ डॉ एच आर वार्ष्णेय, महासंघ अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन विशेष रूप से उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान, बच्चों में संस्कार, नारी का गौरव, युवाओं में विचार क्रांति और मानवता की सेवा ही भारतीय संस्कृति का आधार है और यह सब दिवाली पर्व में परिलक्षित होता है।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ महेश चंद्र शर्मा ने कहा सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं का महापर्व है दीपावली। हर त्योहार में नारी को देवी के रूप में पूज्य बनाकर श्रेष्ठ स्थान दिया गया है। यही भारतीय संस्कृति की विशिष्टता है।
डॉ डीपी देशमुख ने दिवाली के पांच दिनों में आयोजित होने वाले प्रत्येक उत्सव की विशेषता एवं महत्ता प्रतिपादित की और उसकी मूल अवधारणा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जन-जन से जुड़ा हुआ है दिवाली। कार्यक्रम के आरंभ में आयोजित संगोष्ठी में आधार वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए महासंघ अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने कहा सामाजिक चेतना एवं पारिवारिक जनजागरण का अनूठा पर्व है दीपावली। यह भारतीय संस्कृति का महान पर्व है, जिसकी पौराणिक मान्यता है।
समारोह में दीपावली के अवसर पर “घर-घर बांटें रोशनी एवं और फैलाएं खुशियां अभियान” में जरूरतमंदों की सेवा में सक्रिय योगदान देने वाले सेवादारों एवं महासंघ से जुड़े नये सदस्यों को अंगवस्त्र, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी लोगों ने इस अभियान की तहे दिल से प्रशंसा करते हुए आगे भी ऐसा ही जरूरतमंद लोगों की सेवा अभियान जारी रखने का संकल्प लिया। अभियान में अर्थदान एवं सक्रिय योगदान देने वालों में आचार्य डॉ महेश चंद्र शर्मा, डॉ डीपी देशमुख, डॉ एच आर वार्ष्णेय, दिनेश कुमार गुप्ता, गोपाल प्रसाद तिवारी, संतोष शुक्ला, जोसफ, कृष्णाराम मार्कण्डेय, धानेश्वर निर्मल, श्रीमती शैलजा वार्ष्णेय, छाया विश्वकर्मा, सुरेश जैन, घनश्याम यादव, ओमप्रकाश साहू, धर्मेन्द्र अग्रवाल, हुकुमचंद देवांगन का सम्मान किया गया।



समारोह में गायक जोसफ एवं संतोष शुक्ला ने संगीतमय गीत प्रस्तुत कर समां बांधा। सभी उपस्थित जनों को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं देकर मिठाई एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया। गोपाल प्रसाद तिवारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रीमती सुमन देवांगन, शैलजा वार्ष्णेय, कुमार साहू, भोजराज दास, एम. एल. गोपाल, आदि सहित वरिष्ठजन उपस्थित थे। सभी के चेहरे पर दिवाली मिलन की खुशियां छलक रही थी।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)