- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- TET को लेकर मानी गई शिक्षकों की बड़ी मांग! छत्तीसगढ़ में अब साल में 3 बार होगी परीक्षा
TET को लेकर मानी गई शिक्षकों की बड़ी मांग! छत्तीसगढ़ में अब साल में 3 बार होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के साथ बैठक में शिक्षा मंत्री ने विभागीय TET आयोजित कराने पर सहमति जताई है। सेवारत शिक्षकों के लिए साल में तीन बार विभागीय शिक्षक पात्रता परीक्षा कराने पर सहमति बनी है।
यह परीक्षा सामान्य TET से अलग होगी और शिक्षा विभाग अपने स्तर पर इसका आयोजन करेगा। बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय योग्यता के दायरे में शिक्षकों को लाने के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित कराने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
विभागीय TET में साल में तीन मौके
बैठक में सेवारत शिक्षकों के लिए वर्ष में तीन बार विभागीय TET आयोजित करने पर सहमति बनी। शिक्षक पात्रता परीक्षा अब तक व्यापम के माध्यम से आयोजित होती रही है। प्रस्तावित विभागीय TET का आयोजन शिक्षा विभाग की ओर से अलग से किया जाएगा। परीक्षा केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को बनाए जाने का सुझाव भी दिया गया है। वहीं न्यूनतम उत्तीर्णांक 33 अंक रखने का सुझाव दिया गया है।
शिक्षकों की पदोन्नति और पुरानी पेंशन पर भी चर्चा
बैठक में शिक्षकों की अन्य मांगों पर भी चर्चा हुई। शिक्षक संघ के अनुसार, पूर्व नियमों के आधार पर वेटिंग लिस्ट से प्राचार्य पदोन्नति देने पर सहमति व्यक्त की गई है। इसके अलावा ई-संवर्ग के व्याख्याताओं की पदोन्नति और प्रधान पाठक के पद पर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति का रास्ता निकालने पर भी चर्चा हुई। शिक्षक संघ ने प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग भी रखी। शिक्षक एलबी संवर्ग को सभी प्रकार के देय लाभ देने और शिक्षक संवर्ग में वेतन विसंगति दूर करने की मांग भी बैठक में उठाई गई।
2028 तक TET पास करने का समय
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा अनिवार्य की गई है। शिक्षकों को निर्धारित योग्यता हासिल करने के लिए 2028 तक का समय दिया गया है। इसी के मद्देनजर सीबीएसई ने 6 सितंबर को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा स्थगित कर दी है। अब परीक्षा के लिए दोबारा आवेदन मंगाए जा रहे हैं। नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित की जाएगी। मध्य प्रदेश ने भी शिक्षकों को अधिक अवसर देने के लिए साल में तीन बार TET आयोजित करने का निर्णय लिया है।
25 अगस्त को निकाली थी TET मुक्ति रैली
शिक्षकों ने 25 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में TET मुक्ति रैली निकाली थी। इस दौरान प्रदेशभर के शासकीय विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित रही। अब शिक्षा मंत्री से मिले आश्वासन के बाद शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन और हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया है। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संयोजक संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार अपने आश्वासन को जल्द लागू करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित होना सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक नेताओं के मुताबिक बैठक में संगठन की सभी पांच प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी मांगों को लेकर गंभीर है और जरूरत पड़ने पर आगे भी सरकार और शिक्षा मंत्री के सामने अपनी बात रखेगा।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)