- Home
- Chhattisgarh
- भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा पखवाड़े का आयोजन 18 सितम्बर से 4 अक्टूबर तक
भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा पखवाड़े का आयोजन 18 सितम्बर से 4 अक्टूबर तक

• छत्तीसगढ़ आसपास
• भिलाई इस्पात संयंत्र
भिलाई [13 सितम्बर, 2026] : भिलाई इस्पात संयंत्र, राजभाषा विभाग द्वारा दिनांक 18 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 के मध्य राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान प्रतिवर्ष की भांति राजभाषा विभाग द्वारा कार्मिकों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा पखवाड़ा के समापन के अवसर पर संयंत्र स्तरीय वार्षिक हिंदी पुरस्कारों के वितरण के साथ ही पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिवर्ष देश के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों केन्द्र सरकार के प्रतिष्ठानों, विभागों, बैंकों एवं बीमा कंपनियों आदि में सितंबर माह राजभाषा हिंदी को समर्पित किया जाता है। इस दौरान इन संस्थानों द्वारा हिंदी माह, पखवाड़ा, सप्ताह आदि का आयोजन किया जाता है, जिसके अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। उद्देश्य यही होता है, कि इन आयोजनों के माध्यम से केन्द्र सरकार के उपक्रमों, प्रतिष्ठानों, विभागों, बैंकों एवं बीमा कंपनियों आदि में कार्यरत कार्मिकों को समस्त कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए ताकि कार्मिकों के हृदय में राजभाषा हिंदी भाषा के प्रति अनुराग जागृत हो।
वर्ष 2021 से भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष ‘अखिल भारतीय हिंदी दिवस एअवं राजभाषा सम्मेलन’ का आयोजन किया जाता है, जिसकी अध्यक्षता केन्द्रीय गृह मंत्री, श्री अमित शाह करते हैं। इस वर्ष यह आयोजन सिडको प्रदर्शनी केन्द्र, नवी मुंबई, महाराष्ट्र में दिनांक 14 एवं 15 सितंबर को किया जा रहा है। तदनुसार देश भर में स्थित केन्द्र सरकार के कार्यालयों में 14 सितंबर के बाद राजभाषा की विभिन्न गतिविधियों का आरंभ किया जाएगा। इसी के अनुरूप भिलाई इस्पात संयंत्र में दिनांक 18 सितंबर को राजभाषा पखवाड़ा का शुभारंभ किया जाएगा और 4 अक्टूबर तक विभिन्न आयोजन किए जाएंगे, उसके पश्चात पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा संयंत्र स्तरीय वार्षिक हिंदी पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा।
भिलाई इस्पात संयंत्र, राजभाषा विभाग द्वारा पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की कार्मिकों से अपील की गई है। उल्लेखनीय है कि पखवाड़े के दौरान ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता, तात्कालिक काव्य लेखन प्रतियोगिता, तात्कालिक ‘चित्र देखें-कहानी लिखें’ प्रतियोगिता, तात्कालिक निबंध प्रतियोगिता तथा तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)