- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- महादेव ऐप केस में बड़ा मोड़, रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी की खबर; भारत लाने की कवायद तेज
महादेव ऐप केस में बड़ा मोड़, रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी की खबर; भारत लाने की कवायद तेज

Mahadev App Case: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले के प्रमुख आरोपी और सह-संस्थापक रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि कार्रवाई इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर हुई है। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय उसे भारत लाने के प्रयास कर रहे हैं।
हालांकि, अन्य रिपोर्टों के मुताबिक भारतीय एजेंसियों को गिरफ्तारी की जानकारी अनौपचारिक माध्यमों से मिली है और यूएई की ओर से औपचारिक सूचना मिलने का इंतजार है।
हवाला कारोबार संभालने का आरोप
ईडी के आरोपों के अनुसार, रवि उप्पल महादेव ऐप के कथित वित्तीय नेटवर्क में अहम भूमिका निभाता था। उस पर सैकड़ों करोड़ रुपये के हवाला लेन-देन को संभालने और छत्तीसगढ़ के नेताओं व नौकरशाहों से संपर्क बनाए रखने का आरोप है।
जांच एजेंसी उससे पूछताछ के जरिए कथित अवैध कमाई के लेन-देन और रकम के लाभार्थियों के बारे में जानकारी जुटाना चाहती है।
2023 में भी दुबई में लिया गया था हिरासत में
रिपोर्टों के अनुसार, उप्पल के खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था। इसके बाद दिसंबर में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया, लेकिन करीब 45 दिन बाद रिहा कर दिया गया था। अब दोबारा गिरफ्तारी की खबर के बाद उसके प्रत्यर्पण की कोशिशें तेज हुई हैं।
चंद्राकर को मिली आठ दिन की सीबीआई हिरासत
यह घटनाक्रम महादेव ऐप के दूसरे प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद सामने आया है। रायपुर की विशेष अदालत ने चंद्राकर को आठ दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा है। एजेंसियां कथित बेटिंग नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही हैं।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)