- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- 46 साल से सहेजा ओलंपिक गोल्ड ले उड़े चोर, हॉकी दिग्गज के घर से चार अंतरराष्ट्रीय पदक चोरी
46 साल से सहेजा ओलंपिक गोल्ड ले उड़े चोर, हॉकी दिग्गज के घर से चार अंतरराष्ट्रीय पदक चोरी

Crime News: भारतीय हॉकी के पूर्व दिग्गज एम. एम. सोमैया के घर हुई चोरी में उनके खेल जीवन की अनमोल निशानियां भी चली गईं। चोर 1980 के मॉस्को ओलंपिक में जीते गए गोल्ड मेडल समेत चार अंतरराष्ट्रीय पदक, सोने-चांदी का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बुधवार, 4 नवंबर को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, वारदात 28 अक्टूबर को इंदिरानगर थाना क्षेत्र के एचएएल थर्ड स्टेज इलाके में हुई। उस समय 67 वर्षीय सोमैया अपने परिवार के साथ कोडागु गए हुए थे। सुबह पड़ोसी ने घर का दरवाजा खुला देखा तो चोरी की आशंका होने पर उन्हें सूचना दी।
पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तड़के करीब 2:34 बजे दो अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल होते दिखाई दिए। शिकायत के अनुसार, दोनों दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और कीमती सामान चुरा ले गए।
चोरी हुए पदकों में मॉस्को ओलंपिक का स्वर्ण पदक, 1982 के नई दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का कांस्य और 1982 की एम्स्टर्डम चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल है। इसके अलावा सोने के आभूषण, चांदी की वस्तुएं और 30 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए हैं। एफआईआर में चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.53 लाख रुपये दर्ज है।
सोमैया की शिकायत पर इंदिरानगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया है। संदिग्धों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)