- Home
- Chhattisgarh
- उपन्यास देस बिराना : आजादी के सपनों की त्रासदी : लेखक- सहीराम, समीक्षा- कामेश्वर
उपन्यास देस बिराना : आजादी के सपनों की त्रासदी : लेखक- सहीराम, समीक्षा- कामेश्वर

भारत की स्वतंत्रता का इतिहास केवल विदेशी शासन से मुक्ति के लिए लड़े गए सघंर्षों का इतिहास नहीं है। वह उन सामाजिक मूल्यों, मानवीय संबंधों और लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का इतिहास भी है, जिनके सहारे एक स्वतंत्र और न्यायपूर्ण समाज बनाने का सपना देखा गया था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान विकसि त हुए इन मूल्यों का स्वतंत्र भारत में क्या हुआ, इस प्रश्न से हिंदी साहित्य बार-बार टकराता रहा है। सहीराम का उपन्यास ‘देस बिराना’ इसी प्रश्न को केंद्र में रखता है। वह स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा सुनाने के बजाय उन परिस्थितियों की पड़ताल करता है, जिनमें आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देने वाले लोग स्वतंत्र भारत में ही पराये हो जाते हैं। उनके आदर्शों का उपहास किया जाता है, उनके सघंर्षों को भूला दिया जाता है और उनके द्वारा अर्जित मूल्यों की जगह ऐसे स्वार्थपरक मूल्य ले लेते हैं, जिनमें मनुष्य, समाज और इतिहास की चिंता के लिए कोई जगह नहीं बचती।
इस अर्थ में ‘देस बिराना’ स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का पुनर्पाठ तो है ही, स्वतंत्रता के बाद भारतीय समाज के नैतिक और वैचारिक अधःपतन की कथा भी है। इसकी सबसे बड़ी विशषेता यह है कि लेखक इस अधःपतन को किसी अमूर्त वैचारिक विमर्श के रूप में प्रस्ततु नहीं करता, बल्कि उसे अपने पात्रों के जीवन, उनके व्यवहार, उनकी विडबंनाओं और उनकी नियति में मूर्त करता है। स्वतंत्रता सेनानी कर्मवीर की त्रासद जीवन-कथा और उनके समकालीन समाज का चित्रण मिलकर आजादी के सपनों और उनकी परिणति के बीच एक गहरी खाई उजागर करते हैं।
स्वतंत्रता की वर्षगांठ और नौकरशाही का तमाशा
उपन्यास का आरंभ स्वतंत्रता की साठवीं वर्षगांठ मनाने के सिलसिले में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक बैठक से होता है। इस बैठक में मुख्यमंत्री बजरंगलाल बिसारिया और प्रदेश के आला अफसरों की बातचीत से ही स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति सत्ता-प्रतिष्ठान के दृष्टि कोण का परिचय मिल जाता है। आजादी की वर्षगांठ उनके लिए राष्ट्रीय स्मृति को जीवित करने अथवा स्वतत्रंता सेनानियों के योगदान को समझने का अवसर नहीं, बल्कि राजनीति में अपनी हैसियत चमकाने और नौकरशाही में अपनी-अपनी स्थिति मजबतू करने का एक और मौका है।
मुख्यमंत्री बजरंगलाल बिसारिया का व्यक्तित्व समकालीन राजनीति की विडबंनाओं को समेटे हुए है। वे आमतौर पर डिजाइनर कपड़े पहनते हैं, लेकिन विशेष अवसरों पर धोती-कुरता धारण कर लेते हैं। धोती की लाँग सँभालने में उन्हें परेशानी होती है, लेकिन अपनी कुर्सी सँभालने में वे पूरी तरह दक्ष हैं। यह छोटा-सा विवरण लेखक की व्यंग्य-दृष्टि का परिचायक है। कपड़ों का चुनाव यहाँ केवल पहनावे का मामला नहीं रह जाता ; वह राजनीति के अवसरवाद और प्रतीकात्मक भारतीयता का रूपक बन जाता है। परंपरा का प्रदर्शन किया जा सकता है, बशर्ते उससे सत्ता की कुर्सी को कोई खतरा न हो।
बैठक में मुख्यमंत्री स्वतंत्रता सेनानी संगठन के अध्यक्ष संसार चंद को समारोह का संरक्षक बनाने को कहते हैं। मुख्य सचिव का मानना है कि समारोह का संयोजक किसी अफसर को ही बनाया जाना उचित होगा, ताकि संसाधन जुटाने में सुविधा रहे। इस तरह, संसारचंद को संरक्षक बनाने और संयोजक का दायित्व किसी अफसर को सौंपने की बात होती है। लेकिन स्वतंत्रता आंदोलन के प्रतिनिधि के रूप में संसारचंद की उपस्थिति से किसी को विशेष सरोकार नहीं है। बैठक समाप्त होते ही मुख्यमंत्री अपनी दूसरी बैठकों के लिए निकल जाते हैं और संसारचंद को लगभग भूल ही जाते हैं। इसके बाद अफसरों की पार्टी शुरू होती है। यहाँ उनके बीच की ईर्ष्या, प्रतिस्पर्धा, चाटुकारिता और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की प्रवृत्ति खुलकर सामने आती है। मुख्य सचिव रणबीर मल्होत्रा और उनसे वरिष्ठ घनश्याम अग्रवाल के बीच की प्रतिद्वंद्विता इसका उदाहरण है। पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के लिए चलने वाले इस सघंर्ष में स्वतंत्रता सेनानी संसारचंद की भूमिका नगण्य है।
जब के. के. कपूर उर्फ ट्रिपल के को समारोह का संयोजक बनाने की बात तय होती है, तो घनश्याम अग्रवाल उन्हें बधाई देते हुए कहते हैं, ‘सठियाई आजादी मुबारक हो कपूर!’ इस एक वाक्य में व्यंग्य की कई परतें हैं। एक ओर उम्रदराज अफसर का अपने प्रतिद्वंद्वी पर कटाक्ष है, दूसरी ओर आजादी को ही सठिया चुकी मानने का भाव भी। आजादी की वर्षगांठ मनाने वाले इन अफसरों के लिए स्वतंत्रता का इतिहास एक औपचारिकता है, जिसका इस्तेमाल वे अपने निजी हितों के लिए कर सकते हैं। आजादी ने उन्हें सत्ता और सुविधा का अधिकार दिया, उसी आजादी के सघंर्ष को वे उपहास की वस्तु बना देते हैं।
अफसरों की पार्टी में संसारचदं की उपेक्षा इस विडबंना को और तीखा कर देती है। वे एक कोने में अकेले बैठे रहते हैं। कोई उनकी सधु नहीं लेता। मदन कुकरेजा उनके पास जाकर विनम्रता का दिखावा करते हुए ड्रिंक पेश करता है। इस प्रसंग में विनम्रता भी उपहास का माध्यम है। संसारचंद की उपस्थिति पार्टी की रंगीन दुनिया में एक अवांछित व्यवधान की तरह है। वे उन मूल्यों के प्रतिनिधि हैं, जिनके लिए इस दुनिया में कोई सम्मान शेष नहीं बचा।
जब मुख्यमंत्री को अचानक संसारचंद की याद आती है और उनकी खोज शुरू होती है, तो अफसरों के चेहरों पर हवाइयाँ उड़ने लगती हैं। उन्हें लॉन में बेंच पर लेटे हुए पाकर सभी उनकी आवभगत में लग जाते हैं। कुछ देर पहले तक जिनकी उपस्थिति का कोई अर्थ नहीं था, वे अचानक महत्वपूर्ण हो उठते हैं। यह सम्मान संसारचंद के प्रति नहीं, मुख्यमंत्री की नाराजगी के भय के प्रति है। सत्ता के संकेत से पैदा होने वाला यह सम्मान दरअसल अपमान का ही दूसरा रूप है।
लेखक ने इस पूरे प्रसंग में नौकरशाही के चरित्र को उसके रोजमर्रा के व्यवहार के माध्यम से उजागर किया है। अफसरों की टुच्ची प्रतिस्पर्धा, चाटुकारिता और अवसरवाद पर टिप्पणी करते हुए वे कहीं भी भारी-भरकम उपदेश का सहारा नहीं लेते। पात्रों की बातचीत, उनके हावभाव और उनकी छोटी-छोटी हरकतें ही उनके चरित्र का उदघाटन कर देती हैं।
स्वतंत्रता सेनानी की खोज और व्यवस्था का चरित्र
उपन्यास में नारायणपुर के जिलाधिकारी अक्षय जैन का प्रसंग स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से वर्तमान के संबंध को एक अलग कोण से सामने लाता है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उसे स्वतंत्रता की साठवीं वर्षगांठ के आयोजन को सफल बनाना है। उसके सामने दूसरी समस्या यह है कि उसके जिले में कोई स्वतत्रंता सेनानी दिखाई नहीं देता। उसके मार्गदर्शक के. के. कपूर की सलाह है कि जैसे पुलिस आतंकवादी क्रिएट कर लेती है, वैसे ही वह भी कोई स्वतंत्रता सेनानी क्रिएट कर ले। कपूर का कथन है, ‘सब फेक हैं साले!’
यह कथन केवल एक अफसर का भद्दा मजाक नहीं है। यह उस मानसिकता का परिचायक है, जिसमें ऐतिहासिक सच्चाई का कोई स्वतंत्र मूल्य नहीं रह जाता। इतिहास को जानने और उसके प्रति जिम्मेदारी निभाने के बजाय उसे अपनी सुविधा के अनुसार गढ़ने की प्रवृत्ति विकसित हो गई है। यदि समारोह के लिए स्वतंत्रता सेनानी चाहिए, तो उसे खोजने की जगह क्रिएट कर लिया जाए। उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन को याद करना नहीं, आयोजन की औपचारिकता पूरी करना है।
अक्षय जैन को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का कोई विशेष ज्ञान नहीं है। उसकी राष्ट्रीय चेतना का दायरा ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ तक सीमित है। इस चरित्र के माध्यम से लेखक यह दिखाता है कि प्रशासनिक पदों पर बैठे लोगों के लिए इतिहास की जानकारी और उसके प्रति संवेदनशीलता कितनी गैर-जरूरी हो गई है। विडबंना यह है कि इन्हीं लोगों को स्वतंत्रता की वर्षगांठ मनानेकी जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
यहाँ उपन्यास का व्यंग्य एक व्यापक प्रश्न उठाता है। क्या किसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति को केवल समारोहों, भाषणों और सरकारी आयोजनों के सहारे जीवित रखा जा सकता है? यदि उस घटना से अर्जित मूल्यों के प्रति समाज में सम्मान नहीं है, तो स्मरणोत्सव का वास्तविक अर्थ क्या रह जाता है?
अक्षय जैन की तलाश अंततः कर्मवीर तक पहुँचती है। एक निजी विद्यालय के संचालक संजय सोमाणी और रजनी सोमाणी अपने स्कूल के स्वतंत्रता की वर्षगांठ समारोह में उन्हें मुख्य अतिथि बनने का अनुरोध करने के लिए उनसे मिलने जाते हैं। वे बताते हैं कि उनके क्षेत्र में एक स्वतंत्रता सेनानी रहते हैं, जिन्हें समारोह में सम्मानित किया जाना है। इस सूचना सेअक्षय को लगता है कि उसकी समस्या हल हो गई है। लेकिन कर्मवीर की वास्तविकता की पुष्टि किए बिना वह कोई कदम नहीं उठाना चाहता। उसके मन में अपने मार्गदर्शक ट्रिपल के की बात लगातार गँजूती रहती है — ‘सब फेक हैं साले!’
कर्मवीर के वास्तविक स्वतंत्रता सेनानी होने की पुष्टि हो जाने के बाद भी उनके सम्मान का प्रश्न सहजता से हल नहीं होता। स्थानीय सांसद रामनारायण खाँडा, विधायक लछमन खाँडा और उनसे जुड़े बिल्डरों की नज़र कर्मवीर के घर और जमीन पर है। उनके निजी स्वार्थ के सामने स्वतंत्रता सेनानी का सम्मान और स्वतत्रंता आंदोलन का इतिहास बाधा बनकर खड़ा है।
इस प्रकार, उपन्यास में स्वतंत्रता सेनानी की खोज केवल किसी पात्र की तलाश नहीं रह जाती। वह उस समाज की खोज बन जाती है, जिसमें स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों के लिए अब भी कोई जगह बची है या नहीं।
कर्मवीर : इतिहास के नायक से वर्तमान के उपेक्षित नागरिक तक
कर्मवीर उपन्यास के केंद्रीय पात्र हैं। उनका जीवन स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियों, सामाजिक संघर्षों और स्वतंत्र भारत में अर्जित निराशाओं का ऐसा संगम है, जिसमें एक व्यक्ति की त्रासदी पूरे समय की त्रासदी बन जाती है।
बचपन से ही वे मेधावी विद्यार्थी थे। मैट्रिक की परीक्षा में जिले में प्रथम आने के बाद उनके सामने व्यक्तिगत उन्नति के अनेक रास्ते खुल सकते थे। लेकिन गाँधीजी की प्रेरणा से वे स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़ते हैं। गाँधी और नेहरू सेउनकी भेंट होती है। नेहरू उन्हें एक कलम भेंट करते हैं। वे ‘आवाम की आवाज’ नाम से अखबार निकालते हैंऔर गाँव-गाँव घूमकर लोगों को संगठित करते हैं।
उनके लिए स्वतंत्रता केवल अंग्रेजी शासन से मुक्ति नहीं थी। वे सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध भी संघर्ष करते हैं। हरिजन बस्तियों में जाकर उनके साथ भोजन करना उस समय सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देने वाला कदम था। इसके कारण उन्हें अपने परिवार और समाज की नाराजगी झेलनी पड़ती है। यहाँ लेखक स्वतत्रंता आंदोलन की उस सामाजिक अंतर्वस्तु को सामने लाता है, जिसे केवल राजनीतिक नेतृत्व और राष्ट्रीय घटनाओंके विवरण से नहीं समझा जा सकता।
कर्मवीर के साथी हरिजन भगवाना, दलपत सिंह उर्फ दलिया और मकबलू इस संघर्ष के सामाजिक विस्तार का प्रतिनिधित्व करते हैं। भगवाना की बहन लाखी और सरला जैसी स्त्रियां भी आंदोलन में भाग लेती हैं। इन पात्रों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम किसी एक जाति, वर्ग या समदुाय का आंदोलन न रहकर विभिन्न सामाजिक समूहों की साझी आकांक्षा के रूप में उभरता है।
कर्मवीर की निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी है। उनका वैवाहिक जीवन सुखद नहीं रहता। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद वे सरला से विवाह करते हैं, लेकिन उनके चारों बच्चे जीवित नहीं रह पाते। उनकी माँ ने घर की देखभाल के लिए भतीजे रविशंकर और उसकी पत्नी चंद्रकला को बुलाया था, लेकिन धीरे-धीरे वे ही घर पर अपना अधिकार जमाने लगते हैं। कर्मवीर अपने ही घर में उपेक्षित हो जाते हैं।
उनका भतीजा रविशंकर पुरोहिती करता हैऔर अपने बेटे को भी उसी पेशे में लगाना चाहता है। लेकिन अगली पीढ़ी की आकांक्षाएँ और आचरण अलग हैं। कर्मवीर का नाती पंकज भी उनके आदर्शों के प्रति सम्मान नहीं रखता। वह उनके माध्यम से पत्रकार दीपक सिंह उर्फ दीपू से संपर्क स्थापित कराने के बदले कुछ लाभ चाहता है। अंततः वह गोल्ड फ्लेक सिगरेट ही मँगवा लेता है। यह छोटा-सा प्रसंग उस पीढ़ीगत बदलाव को व्यंग्यात्मक ढंग से सामने लाता है, जिसमें स्वतत्रंता सेनानी की प्रतिष्ठा भी निजी लाभ का साधन बन सकती है।
कर्मवीर की त्रासदी केवल इतनी नहीं कि उनके परिवार के लोग उनकी उपेक्षा करते हैं। उनकी त्रासदी यह है कि जिस समाज को बेहतर बनानेके लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, उसी समाज के मूल्य बदल गए हैं। उनके संघर्षों की स्मृति अब नई पीढ़ी के जीवन को दिशा नहीं देती। उनके आदर्शों के लिए घर में भी जगह नहीं बची और सार्वजनिक जीवन में भी नहीं।
यहीं कर्मवीर का चरित्र अपनी व्यापक अर्थवत्ता प्राप्त करता है। वे केवल एक उपेक्षित वृद्ध नहीं, उस ऐतिहासिक चेतना के प्रतिनिधि हैं, जिसे वर्तमान समाज अपने लिए अनुपयोगी समझने लगा है।
स्वतंत्रता आंदोलन का सामाजिक आधार
‘देस बिराना’ की एक उल्लेखनीय विशेषता यह है कि स्वतंत्रता आंदोलन को वह केवल बड़े नेताओ, ऐतिहासिक सभाओं और राजनीतिक निर्णयों के माध्यम से नहीं देखता। वह यह भी बताता है कि गाँवों और कस्बों में इस आंदोलन को जनाधार कैसे मिला, किन सामाजिक समूहों ने इसमें भाग लिया और इसके लिए उन्हें किस प्रकार की कीमत चुकानी पड़ी।
कांग्रेस के नेता सभा और जुलूसों के लिए समाज के निचले तबकों — मोचियों, लुहारों और ठठेरों — के बीच से समर्थक जुटाते थे, जबकि सवर्णों का एक बड़ा हिस्सा उनसे दूर रहता था। यह विवरण स्वतंत्रता आंदोलन की सामाजिक संरचना पर विचार करने का अवसर देता है। राजनीतिक स्वतंत्रता की आकांक्षा अनेक बार उन लोगों के बीच अधिक गहरी थी, जिनके पास खोने के लिए सामाजिक विशेषाधिकार कम और हासिल करने के लिए बराबरी की संभावनाएँ अधिक थीं।
डिंगली गाँव में अछूत भोज का आयोजन कराने के कारण कर्मवीर का समाज मेंअपमानित होना इस संघर्ष की कठिनाइयों को स्पष्ट करता है। इस प्रसंग से मुझे छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा का स्मरण हो आता है, जिन्हें उनके समदुाय के लोग आज भी ‘चमरा बाम्हन’ कहकर याद करते हैं। इससे पता चलता है कि स्वतंत्रता आंदोलन के भीतर राष्ट्रीय मुक्ति और सामाजिक मुक्ति के प्रश्न किस तरह एक-दूसरे से जुड़ते थे। अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ना और अपने समाज की जातिगत रूढ़ियों को चुनौती देना दो अलग-अलग काम नहीं थे।
इसी क्रम में झंडे तैयार करने का प्रसंग उल्लेखनीय है। आंदोलन के लिए पुरुषों की धोतियों, महिलाओं की चुनरियों, पिताओं के साफों, मंदिरों और पीरों की मजारों के ध्वजों तथा पवित्र पुस्तकों के आवरणों तक का उपयोग किया जाता है। लाखी झंडे सिलती है और आंदोलन में भाग लेती है। यह दृश्य राष्ट्रीय आंदोलन की सामूहिकता को एक मूर्त रूप देता है। स्वतंत्रता का झंडा किसी एक वर्ग की सम्पत्ति नहीं है ; वह अनेक लोगों के जीवन, श्रम, विश्वास और त्याग से निर्मित होता है।
यहाँ राष्ट्रीयता का एक ऐसा रूप सामने आता है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक विविधताओं को अपने भीतर समाहित करता है। मंदिर और मजार, पुरूषों के वस्त्र और महिलाओं की चनुरियाँ, विभिन्न सामाजि क समहूों के श्रम और संसाधन —सब मिलकर आंदोलन की सामग्री बनते हैं। यह एक ऐसे राष्ट्र की कल्पना है, जिसकी एकता किसी एक धार्मिक पहचान पर नहीं, साझा संघर्ष और साझे भविष्य की आकांक्षा पर आधारित है।
मकबूल का बलिदान इस विचार को और गहरा करता है। कचहरी परिसर में यूनियन जैक की जगह तिरंगा फहराते हुए वह पुलिस की गोली का शिकार होता है। एक मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानी का यह बलिदान राष्ट्रीय आंदोलन के उस धर्मनिरपेक्ष चरित्र की याद दि लाता है, जिसमें देश की आजादी के लिए लड़ना किसी एक समदुाय का दायित्व नहीं था।
मकबूल की शहादत बाद में लोकाख्यानों और लोकगीतों में ढलकर गाँव-देहात तक पहुँचती है। इस प्रसंग में इतिहास केवल सरकारी दस्तावेजों में दर्ज घटना नहीं रह जाता, बल्कि लोकस्मृति का हिस्सा बन जाता है। जनता अपने नायकों को अपनी भाषा और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से याद रखती है।
मकबलू कर्मवीर का घनिष्ठ मित्र है। वे दोनों साथ बैठकर खाना खाते हैं। मकबलू ‘आवाम की आवाज’ का पीर भिश्ती, बावर्ची और खर है। उसके नाम पर पुस्तकालय बनवाने की कर्मवीर की आकांक्षा का विशेष अर्थ है। वह पुस्तकालय एक शहीद की स्मृति को सुरक्षित रखने के साथ उस साझी संस्कृति का प्रतीक भी है, जिसके लिए कर्मवीर और उनके साथी लड़े थे।
इतिहास से विच्छिन्न होता वर्तमान
उपन्यास का एक महत्वपूर्ण वैचारिक पक्ष इतिहास के प्रति बदलते सामाजिक दृष्टिकोण की पड़ताल है। इसमें इतिहास को चारों ओर से उपेक्षा और अवमानना का शिकार होते दिखाया गया है। शिक्षा में इतिहास की उपयोगिता पर प्रश्न उठाए जा रहे हैं, राजनीति में इतिहास को अपनी सुविधा के अनुसार इस्तेमाल किया जा रहा है और मीडिया के लिए भी इतिहास का महत्व कम होता जा रहा है। उसकी जगह मिथकों और पौराणिक आख्यानों को इस तरह प्रतिष्ठित किया जा रहा है कि ऐतिहासिक विवेक के लिए स्थान सिकुड़ता जा रहा है।
उपन्यास में यह विचार व्यक्त होता है कि इतिहास अब ऐसी चीज हो गया है, जिसे हर तरफ से लात पड़ रही है। यह कथन अपने भीतर एक गहरी चिंता समेटे हुए है। इतिहास का महत्त्व केवल अतीत की घटनाओं को जानने तक सीमित नहीं होता। वह वर्तमान को समझने और भविष्य के लिए निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करता है। इतिहास से विच्छिन्न समाज अपनी उपलब्धियों और विफलताओं, दोनों से सीखने की क्षमता खो सकता है।
स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों के प्रति उपेक्षा इसी संकट का एक रूप है। जब कर्मवीर जैसे लोग अपने ही समाज में अविश्वसनीय समझे जाने लगते हैं, तो समस्या केवल किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा की नहीं रहती। वह उस ऐतिहासिक चेतना के क्षरण की समस्या बन जाती है, जिसने नागरिकों को स्वतंत्रता, समानता और न्याय के लिए संघर्ष करना सिखाया था।
यहाँ उपन्यास का व्यंग्य समकालीन राजनीति और प्रशासन से आगे जाकर शिक्षा तथा सांस्कृतिक जीवन तक पहुँचता है। यदि समाज अपने अतीत के संघर्षों को समझने की क्षमता खो देता है, तो स्वतंत्रता का अर्थ भी धीरे-धीरे केवल राष्ट्रीय प्रतीकों और औपचारिक आयोजनों तक सिमट सकता है।
धर्म, संस्कृति और राजनीति का गठजोड़
उपन्यास धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक परंपरा के राजनीतिक इस्तेमाल पर भी प्रश्न उठाता है। एक प्रसंग में स्थानीय सांसद मित्रपाल सिंह प्रेमी युगल की हत्या के संदर्भ में प्रेम विवाह को धर्म-संस्कृति के अनुरूप न होने की बात कहते हैं। आलोचना होने पर वे अपने बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्ततु किए जाने की शिकायत करते हैं और संस्कृति के सम्मान की दुहाई देते हैं। अंततः जाति पंचायत उनका सम्मान करती है।
इस प्रसंग में संस्कृति का प्रश्न व्यक्ति की स्वतंत्रता, जातिगत वर्चस्व और राजनीतिक स्वार्थ से जुड़ जाता है। संस्कृति का अर्थ यहाँ किसी समदुाय की जीवतं परंपराओं और मानवीय उपलब्धियों से नहीं, बल्कि सामाजिक नियंत्रण के ऐसे तंत्र से बनने लगता है, जिसके माध्यम से व्यक्तिगत स्वतंत्रता को दबाया जा सके।
धर्म के संदर्भ में उपन्यास का एक दूसरा कथन भी उल्लेखनीय है। सभी धर्मों के धर्माधिकारी पहले अपने अनुयायियों को लानत-मलामत करके उनमें हीन भावना पैदा करते हैं और फिर उन्हें गर्व तथा शहादत का हथियार थमा देते हैं। इस टिप्पणी का आशय धार्मिक संस्थाओं की उस प्रवृत्ति पर प्रश्न उठाना है, जिसमें असुरक्षा और आत्महीनता की भावना को सामूहिक गर्व और संघर्ष की भाषा में बदलकर लोगों को प्रभावित किया जाता है।
इन प्रसंगों के माध्यम से लेखक धर्म और संस्कृति के नाम पर किए जाने वाले राजनीतिक हस्तक्षेपों की आलोचना करता है। वह उस सांप्रदायिक और जातिवादी मानसिकता के बरक्स स्वतंत्रता आंदोलन की साझा संस्कृति को रखता है, जिसमें मकबूल जैसे मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानी का बलिदान और मंदिर-मजारों से आए झंडे एक ही राष्ट्रीय संघर्ष के हिस्से थे। इस विरोधाभास में उपन्यास की समकालीन प्रासंगिकता निहित है। स्वतंत्रता आंदोलन ने जिस बहुलतावादी समाज की संभावना जगाई थी, उसके सामने ऐसी राजनीति एक गंभीर चुनौती है, जो नागरिकता की साझा पहचान को संकुचित करके धार्मिक या जातिगत पहचान को सर्वोपरि बनाना चाहती है।
बाजार, ज़मीन और सार्वजनिक स्मृति
‘देस बिराना’ में बाजार का प्रसंग केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। वह सामाजिक संबंधों, राजनीतिक सत्ता और ऐतिहासिक स्मृति को प्रभावित करने वाली शक्ति के रूप में उपस्थित है।
रामनारायण खाँडा, लछमन खाँडा और उनसे जुड़े बिल्डरों की नजर मकबूल के नाम पर पुस्तकालय बनाने के लिए सुरक्षित रखी गई ज़मीन पर है। यह ज़मीन एक स्वतंत्रता सेनानी के शहीद साथी की स्मृति से जुड़ी है। मकबूल के परिवार को पाकिस्तान जाना पड़ा था और कर्मवीर ने उसके नाम को जीवित रखने के लिए उस घर और ज़मीन को खरीदकर पुस्तकालय बनाने का निर्णय लिया था।
लेकिन समय के साथ बाजार के बीच स्थित वह ज़मीन मूल्यवान संपत्ति बन जाती है। उसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व राजनीति के तथा आर्थिक स्वार्थ के सामने गौण हो जाता है। जो ज़मीन कभी साझे संघर्ष और शहादत की स्मृति को सुरक्षित रखनेका माध्यम थी, वह अब बिल्डरों और नेताओं के लिए मुनाफे का अवसर है।
उपन्यास में बाजार की प्रकृति को समझाने के लिए यह विचार सामने आता है कि जो चीज बाजार के बीच आ जाती है, वह बाजार का हिस्सा बन जाती है और अंततः उसमें समा जाती है। बाजार का पेट नहीं होता ; उसकी भूख कभी नहीं मिटती। वह न बड़ी इमारतों को छोड़ता है, न झुग्गी-झोपड़ियों को। उसके लि ए सब कुछ उपभोग की वस्तु है।
यहाँ बाजार एक व्यापक रूपक बन जाता है। उसकी भूख केवल ज़मीन और इमारतों तक सीमित नहीं रहती। वह मनुष्य की स्मृति, सामाजिक संबंधों और सार्वजनिक संस्थाओं तक फैल जाती है। ऐतिहासिक स्मारक, पुस्तकालय और स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियां भी उसकी दृष्टि में संपत्ति और लाभ की संभावनाओं में बदल सकती हैं।
इस सदंर्भ में कर्मवीर का संघर्ष निजी संपत्ति बचाने का नहीं है। वह इतिहास की स्मृति और सार्वजनिक हित को बाजार के अतिक्रमण से बचाने का संघर्ष है। मकबूल के नाम पर पुस्तकालय बनवाने की उनकी इच्छा इस अर्थ में स्वतंत्रता आंदोलन की साझी विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने का प्रयास है।
यह संघर्ष अंततः कर्मवीर की निजी त्रासदी से जुड़ जाता है। जिस समाज में उनकी स्मृति और उनके आदर्शों के लिए कोई जगह नहीं बची, उसी समाज में उनकी ज़मीन का बाजार मूल्य लगातार बढ़ रहा है। व्यक्ति की ऐतिहासिक भूमिका भुला दी जाती है, लेकिन उसकी संपत्ति का मूल्य बढ़ता जाता है।
भाषा और व्यंग्य की शक्ति
सहीराम की भाषा आम बोलचाल की भाषा है। उपन्यास के संवादों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बोलचाल के मुहावरों और अभिव्यक्तियों की छाप दिखाई देती है। इस भाषा का एक महत्वपूर्ण गुण यह है कि वह पात्रों को उनके सामाजिक परिवेश के भीतर रखती है। नौकरशाहों की बातचीत, नेताओं के वक्तव्य, गाँव के लोगों की चर्चाएँ और स्वतंत्रता आंदोलन के प्रसंगों में प्रयुक्त भाषा एक ही ढर्रे पर नहीं चलती।
उपन्यास की भाषा की सबसे उल्लेखनीय विशेषता उसका व्यंग्य है। लेखक पात्रों का मूल्यांकन करने के लिए अलग से आलोचनात्मक टिप्पणियाँ करनेके बजाय उनके व्यवहार और कथनों से ही उनके चरित्र उदघाटित करता है। मुख्यमंत्री की धोती और कुर्सी वाला प्रसंग इसका अच्छा उदाहरण है। इसी प्रकार, साहित्य के शौकीन अफसर के प्रति विंटेज कार या पुरानी शराब जैसी उपमा नौकरशाही में साहित्यिक अनुराग की दुर्लभता पर चुटीला व्यंग्य करती है। महिला अफसरों को एक कोने में झुंड बनाए खड़ी हिरणियों और पुरूष अफसरों को व्याघ्रों की तरह प्रस्ततु करना भी व्यंग्यात्मक चित्रण का हिस्सा है। इस दृश्य में स्त्री-पुरुष संबंधों की असहजता और पुरुष सत्ता की दबंग उपस्थिति उभरती है। मदन कुकरेजा द्वारा महिला अफसर मधुमिता राय के साथ हुए अनुचित व्यवहार की घटना को महफिलों में रस लेकर सुनाना उस पुरुषवादी मानसिकता को उजागर करता है, जो स्त्री के अपमान को भी मनोरंजन की सामग्री बना देती है।
ऐसी भाषा में हास्य केवल पाठक को हँसाने के लिए नहीं है। वह सत्ता और समाज की उन प्रवृत्तियों को उजागर करता है, जिन्हें सामान्य व्यवहार मानकर स्वीकार कर लिया गया है। व्यंग्य के माध्यम से लेखक उनकी असलियत सामने लाता है।
उपन्यास में जगह-जगह छोटे वाक्यों, बोलचाल के महुावरों और तीखी टिप्पणि यों का प्रयोग है। इससे कथा में गति आती है और पात्रों की मानसिकता सहज ढंग से व्यक्त होती है।
उपन्यास की त्रासदी और उसका अर्थ
कर्मवीर की जीवन-यात्रा का अंत उपन्यास को एक गहरी त्रासदी में बदल देता है। स्वतंत्रता की साठवीं वर्षगांठ के समापन समारोह के दिन ही उनकी मृत्यु हो जाती है। देश में आजादी का उत्सव मनाया जा रहा है, लेकिन जिस व्यक्ति ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपना जीवन लगा दिया था, वह अपने ही समाज में उपेक्षा और अकेलेपन का जीवन जीते हुए विदा हो जाता है। उनकी पत्नी सरला भय, चिंता और असुरक्षा के बीच अकेली रह जाती है।
यह अंत केवल एक वृद्ध स्वतंत्रता सेनानी की मृत्यु का दृश्य नहीं है। यह दो समयों के बीच के गहरे अंतर का प्रतीक है। एक समय था, जब स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले लोग सामाजिक बहिष्कार, पुलिस की यातना और जेल जाने की आशंका के बावजदू संघर्ष करते थे। उनके लिए अंग्रेजी सत्ता स्थायी नहीं थी। वे निराशा के सामने घुटने नहीं टेकते थे और अपने साथियों के प्रति विश्वास तथा प्रतिबद्धता बनाए रखते थे।
दूसरी ओर, वर्तमान का दृश्य है, जिसमें सत्ता और सुविधा के लिए काम करने वाले लोग स्वतंत्रता के मूल्यों को ही अप्रासंगिक मानने लगे हैं। आजादी की वर्षगांठ मनाने की औपचारिकता तो बनी हुई है, लेकिन उसके पीछे के संघर्ष और आदर्श गायब हैं।
उपन्यास में एक स्थान पर स्वतंत्रता आंदोलन के समय और वर्तमान के वातावरण की तुलना की गई है। पहले के संघर्षरत लोग भी कमजोर दिल वाले हो सकते थे, लेकिन वे निराशा और हताशा के सामने इतनी जल्दी नहीं टूटते थे। इसके विपरीत, वर्तमान में रुदन, हताशा, निराशा और चिडचिड़ाहट का वातावरण दिखाई देता है।
आजादी के संघर्ष में कठिन परिस्थितियों के बीच भी भविष्य की आशा बनी हुई थी, जबकि वर्तमान में उपलब्धियों के बावजदू सामाजिक जीवन में असंतोष और नैतिक विघटन दिखाई देता है।
यह तुलना अतीत का अंध-महिमामंडन नहीं है। इसका उद्देश्य उस नैतिक ऊर्जा की पहचान करना है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को संभव बनाया था। कर्मवीर और उनके साथी इसलिए महत्वपूर्ण नहीं हैं कि वेअतीत के नायक हैं, बल्कि इसलिए कि उन्होंने अपने समय की सीमाओं और प्रतिकूलता के बीच कुछ ऐसे मूल्य अर्जित किए थे, जिनकी आवश्यकता वर्तमान समाज को भी है।
इस अर्थ में ‘देस बिराना’ एक त्रासद उपन्यास है। इसकी त्रासदी का स्रोत केवल कर्मवीर का व्यक्तिगत दुख नहीं, बल्कि उस सामाजिक व्यवस्था का बदलता चरित्र है, जिसमें उनके आदर्शों के लिए कोई जगह नहीं बचती।
उनका जीवन और मृत्यु इस प्रश्न को पाठक के सामने छोड़ जाते हैं कि यदि स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले लोग ही स्वतंत्र भारत में पराये हो जाएँ, तो उस स्वतंत्रता की उपलब्धियों का वास्तविक अर्थ क्या रह जाता है?
यह उपन्यास स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्र भारत के सामाजिक-राजनीतिक जीवन के बीच एक आलोचनात्मक संवाद स्थापित करता है। उपन्यास की विशेषता यह है कि वह स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति को केवल गौरव गाथा के रूप में प्रस्ततु नहीं करता, बल्कि उसके भीतर मौजूद सामाजिक अंतर्विरोधों, जातिगत रूढ़ियों और संघर्षों को भी सामने लाता है। कर्मवीर, मकबूल, दलिया, भगवाना, लाखी और सरला जैसे पात्रों के माध्यम से स्वतंत्रता की आकांक्षा को विविध सामाजिक अनभुवों से जोड़ता है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री, नौकरशाहों, नेताओं, बिल्डरों और अवसरवादी सामाजिक चरित्रों के माध्यम से वह दिखाता है कि स्वतंत्रता के बाद सत्ता, बाजार और जातिगत वर्चस्व के गठजोड़ ने सार्वजनिक जीवन के मूल्यों को किस तरह प्रभावित किया है। स्वतंत्रता सेनानी का सम्मान राजनीति की सुविधा पर निर्भर हो जाता है, शहीद की स्मृति ज़मीन के बाजार मूल्य के सामने गौण पड़ जाती है और इतिहास को जानने की जगह उसे समारोहों में इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति विकसित होती है।
उपन्यास का व्यंग्य इस विडंबना को तीखे ढंग सेउजागर करता है। उसकी सहज बोलचाल की भाषा, पात्रों के संवाद और छोटे-छोटे प्रसंग सत्ता के खोखलेपन तथा सामाजिक जीवन के नैतिक संकट को सामने लाते हैं। इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि कर्मवीर की निजी त्रासदी को राष्ट्रीय जीवन की व्यापक त्रासदी में बदल देना है।
उपन्यास की कथा अनेक प्रसंगों और पात्रों में फैली हुई है। इतने बड़े पात्र-समहू और स्वतंत्रता आंदोलन से वर्तमान तक फैले कालखडं को एक सुसंगत संरचना में बाँधना अपने आप में चुनौतीपूर्ण है। उपन्यास की केंद्रीय चिंता केवल कथानक को रोचक बनाना नहीं, बल्कि स्वतंत्रता के बाद भारतीय समाज में आए मूल्यगत परिवर्तन को समझना है। ‘देस बिराना’ का शीर्षक इसी चिंता को अपने भीतर समेटे हुए है। देश वही है, जि सकी स्वतंत्रता के लि ए कर्मवीर और उनके साथियों ने संघर्ष किया था, लेकिन उस देश का सामाजिक और नैतिक चरित्र उनके लिए अपरिचित हो गया है। जिस भूमि को अपना बनाने के लिए उन्होंने अपना जीवन लगा दिया, उसी भूमि पर वे पराये पड़ गए हैं। यह परायापन केवल किसी व्यक्ति का अपने समाज सेअलगाव नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक विरासत का अपने वर्तमान से अलगाव है।
इसलिए ‘देस बिराना’ को पढ़ना स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों की स्मृति को ताजा करना भर नहीं है। यह अपने वर्तमान से प्रश्न करनेका अवसर भी है। क्या स्वतत्रंता का अर्थ केवल सत्ता का हस्तांतरण था, या उसके साथ एक न्यायपूर्ण, समानतामूलक और संवेदनशील समाज बनाने की जिम्मेदारी भी जुड़ी थी? यदि आजादी के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के आदर्श ही हमारे सार्वजनिक जीवन से विस्थापित हो जाएँ, तो स्वतंत्रता की वर्षगांठ मनाने का वास्तविक औचित्य क्या है?
कर्मवीर की मृत्यु के साथ उपन्यास समाप्त होता है, लेकिन उसके प्रश्न समाप्त नहीं होते। यही उसकी त्रासदी का स्थायी अर्थ है। स्वतंत्रता के संघर्ष से अर्जित मूल्यों को बचाए रखने की जिम्मेदारी केवल अतीत के नायकों की नहीं, वर्तमान समाज की भी है। ‘देस बिराना’ इसी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है और इसीलिए उसका महत्व उसके कथानक से आगे जाकर हमारे समय की नैतिक तथा ऐतिहासिक चेतना से जुड़ता है।

▪️
समीक्षक कामेश्वर ‘जनवादी लेखक संघ’ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष हैं.
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)