- Home
- international
- ऑपरेशन सिंधुः ईरान में फंसे 110 भारतीय छात्र दिल्ली पहुंचे; सभी आर्मेनिया के रास्ते लाए गए, कहा- वहां हालात बहुत खराब
ऑपरेशन सिंधुः ईरान में फंसे 110 भारतीय छात्र दिल्ली पहुंचे; सभी आर्मेनिया के रास्ते लाए गए, कहा- वहां हालात बहुत खराब
ईरान-इजरायल युद्ध (Iran Israel War) के बीच ईरान में फंसे 110 भारतीय छात्र सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं। 110 भारतीय मेडिकल छात्र दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। इनमें से 90 छात्र कश्मीर के हैं। ये सभी ईरान के उर्मिया मेडिकल यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। बता दें कि ईरान में फंसे लोगों को निकालने के लिए भारत ‘ऑपरेशन सिंधु’ (Operation Sindhu) चलाया है।
छात्रों को आर्मेनिया और दोहा के रास्ते बुधवार देर शाम दिल्ली पहुंचना था। हालांकि उनकी फ्लाइट करीब 3 घंटे देरी से भी पहुंची। ईरान से निकाले गए ये छात्र मंगलवार को आर्मेनिया पहुंचे थे, जहां उन्हें राजधानी येरेवन के होटलों में ठहराया गया।इसके बाद आज इन्हें कतर के रास्ते भारत लाया गया।

दिल्ली पहुंचे छात्रों ने बताया कि ‘वहां के हालात हर दिन खराब होते जा रहे हैं। खासकर तेहरान में स्थिति बहुत खराब है। युद्ध अच्छी चीज नहीं है। इंसानियत ही मारी जाती है।
सभी छात्र बुधवार को दोपहर 2:55 बजे स्पेशल फ्लाइट से भारत रवाना हुए और गुरुवार की सुबह नई दिल्ली पहुंचे। यह ऑपरेशन सिंधु का पहला चरण है। भारत सरकार ने इस पूरे अभियान में सहयोग के लिए ईरान और आर्मेनिया की सरकारों का विशेष आभार जताया है, जिन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन को आसान और सुरक्षित बनाने में पूरी मदद की।
ईरान में स्थिति बिगड़ने के कारण भारतीय दूतावास लगातार भारतीय नागरिकों को युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित इलाकों में भेजने की कोशिश में जुटा है। इसके साथ ही, भारत सरकार ने इमजरजेंसी कॉन्टेक्ट नंबर, व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी की है, जहां से लोग मदद ले सकते हैं।

ईरान से बसों में लाए गए छात्र
इन छात्रों को आर्मेनिया बॉर्डर पर नॉरदुज चौकी से बसों में निकाला गया। ईरान में 1,500 स्टूडेंट्स सहित लगभग 10 हजार भारतीय फंसे हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि मौजूदा हालात में देश के एयरपोर्ट भले ही बंद हैं, लेकिन लैंड बॉर्डर्स खुले हुए हैं। मंत्रालय ने विदेशी नागरिकों से ईरान छोड़ने से पहले अपना नाम, पासपोर्ट नंबर, गाड़ी डिटेल्स, देश से निकलने का समय और जिस बॉर्डर से जाना चाहते हैं, उसकी जानकारी मांगी थी।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)
