PM मोदी बोले- डिजिटल खतरे सीमाओं से पार, साइबर फ्रॉड रोकने को दुनिया साथ आए

India Mobile Congress : इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) के 10वें संस्करण के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल क्रांति, साइबर फ्रॉड, डीपफेक और टेलीकॉम सेक्टर में हुए बदलावों पर बात की। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी और डीपफेक से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर एक मजबूत व्यवस्था बनाने की जरूरत बताई।
पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल खतरे अब किसी एक देश की सीमा तक सीमित नहीं हैं। सरकारों, टेक कंपनियों, टेलीकॉम ऑपरेटरों और वित्तीय संस्थानों को मिलकर साइबर फ्रॉड रोकने के लिए प्रभावी सिस्टम तैयार करना होगा। उन्होंने GSMA और दुनियाभर के टेलीकॉम ऑपरेटरों से भी इस दिशा में सहयोग की अपील की।
डीपफेक को बताया बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक का व्यापक लाभ तभी मिल सकता है, जब लोगों का उस पर भरोसा बना रहे। उन्होंने डीपफेक को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि एक देश से बैठा व्यक्ति दूसरे देश के जरिए तीसरे देश में अपराध कर सकता है। ऐसे मामलों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है।
DBT से 5 लाख करोड़ बचने का दावा
डिजिटल क्रांति के फायदे गिनाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए करीब 50 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे गए। इससे करीब 5 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचे। उन्होंने किसान सम्मान निधि का भी जिक्र किया और बताया कि इसके तहत 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा किसानों के खातों में पहुंचाए गए हैं।
5G से गेमिंग और कंटेंट इंडस्ट्री को बढ़ावा
पीएम मोदी ने कहा कि देश के हर जिले तक 5G सेवा पहुंच चुकी है। डिजिटल कनेक्टिविटी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं को गति देने में मदद की है। उन्होंने कहा कि सस्ते डेटा और बेहतर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स और कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।
टेलीकॉम और सेमीकंडक्टर मिशन का भी जिक्र
पीएम मोदी ने टेलीकॉम सेक्टर में पिछले वर्षों में हुए नीतिगत बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने गतिशक्ति संचार पोर्टल, AGR समाधान और इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत का फोकस अब सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस को ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जो रिसर्च, इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)