- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
सर्विसेज ज़ोन में ‘शिरोमणि पुरुस्कार’ वितरण समारोह का आयोजन : ‘सीबीडी’ के प्रीति पटेल, ‘ईएमडी’ के गिरधर लाल साहू और ‘एमआरडी’ के दल्ली तेजा राव को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सर्विसेस जोन के अंतर्गत आने वाले विभागों हेतु कर्म शिरोमणि पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 25 जून 2025 को संयंत्र भवन स्थित मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी के सभागार में किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में श्रीमती प्रीति पटेल (सी बी डी), श्री गिरधर लाल साहू (ई एम डी) एवं श्री दल्ली तेजा राव (एम आर डी) को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री तुषार कांत ने अपने संबोधन में सर्विसेस के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों में कार्यस्थल से संबंधित चुनौतियों एवं सुरक्षा पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने उत्तम कार्य प्रदर्षन हेतु सभी पुरस्कृत कर्मियों को बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपने सहकर्मियों को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (एमआरडी) श्री सुशील कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (पीपीसी) श्री प्रवीण राय भल्ला मुख्य महाप्रबंधक (ईएमडी) श्री पी वी वी एस मूर्ति, मुख्य महाप्रबंधक (सीबीडी) श्री इंद्रजीत सेनगुप्ता एवम् महाप्रबंधक (आरएमडी) श्री पी डी सहाय उपस्थित रहे। उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुरस्कार विजेताओं को बधाईयां दी और उन्हें आगे भी इसी प्रकार लगन से कार्य करते हुए सहकर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनने हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन- सेवाएं) डॉ उपेंद्र शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री साजिद हुसैन खान, श्री नीरज गुप्ता और श्री बीरेंद्र उरांव का विशेष योगदान रहा।
शिरोमणि पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य अपने कार्यस्थल में सुरक्षा मानदंडों के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग द्वारा संगठन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले कर्मठ एवं सृजनशील अधिकारियों व कार्मिकों का सम्मान करना है।
▪️
‘बीएमडीसी’ में संशोधित पीसीपी -2024 दिशा-निर्देश पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित : कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन] पवन कुमार ने किया

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के भिलाई प्रबंधन विकास केंद्र (बीएमडीसी) में 24 और 25 जून 2025 को “पीसीपी – सामग्री खरीद प्रक्रिया” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संशोधित पीसीपी-2024 दिशा-निर्देशों पर आधारित था, जिसका उद्देश्य संयंत्र की खरीद प्रक्रियाओं में अधिक पारदर्शिता, दक्षता और सटीकता सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने 24 जून 2025 को किया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में एसीवीओ श्री सुनील सिंघल उपस्थित रहे। दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विभागों के कुल 32 अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान केस स्टडी, समूह चर्चा और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से सामग्री खरीद के विभिन्न चरणों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
अपने उद्घाटन संबोधन में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने कहा कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में खरीद प्रणालियों को अधिक सुव्यवस्थित और उत्तरदायी बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संशोधित पीसीपी-2024 फ्रेमवर्क संहिताकरण से लेकर बजट, निविदा और मूल्यांकन तक की प्रक्रिया में स्पष्टता और संरचना प्रदान करता है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावशाली बनती है।
विशेष अतिथि श्री सुनील सिंघल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के केपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आंतरिक प्रणालियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रक्रियात्मक समझ को सुदृढ़ करना और जागरूकता फैलाना परिचालन अनुशासन और उत्तरदायित्व को सशक्त करता है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की संकल्पना और रूपरेखा महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) श्री सौरभ वार्ष्णेय द्वारा, महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में तैयार की गई थी। प्रशिक्षण सत्र का संचालन उप प्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सुश्री सुस्मिता पाटला द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का समन्वयन श्री जोजेन जोस और श्री विकास सरीन ने किया।
▪️
‘एचआरडीसी’ में संविदा कार्मियों ने सिक्ट के माध्यम से दी सुरक्षा की सीख



सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास के तहत, एचआर-एल एंड डी केन्द्र में लघु नाटिका कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों से संविदा कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी मानकों, सुरक्षित कार्य प्रणाली एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं को व्यवहारिक और प्रभावशाली रूप से समझाना था। इस क्रम में जल प्रबंधन विभाग द्वारा प्रस्तुत पहली स्किट में सड़क सुरक्षा, मानवीय त्रुटियों और सतर्क ड्राइविंग की आवश्यकता को रेखांकित किया गया। इसके पश्चात सिंटरिंग प्लांट-3 द्वारा दो अलग-अलग स्किट प्रस्तुत की गईं, जिनमें क्रमशः सीमित स्थान में कार्य करने हेतु सुरक्षा उपायों एवं ऊँचाई पर कार्य करते समय बॉडी हार्नेस और अन्य सुरक्षा चेक पॉइंट्स के महत्त्व को रेखांकित किया गया। कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुति के माध्यम से यह दिखाया कि कैसे सुरक्षा मानकों की उपेक्षा दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है और समय पर सतर्कता इनसे बचाव कर सकती है।
कार्यक्रम की विशिष्टता यह रही कि तकनीकी विषयवस्तु को मनोरंजक नाटक के माध्यम से इस तरह प्रस्तुत किया गया कि वह हर वर्ग के संविदा कर्मियों को भी सहजता से समझ आ सके। स्थानीय भाषा, प्रासंगिक उदाहरणों और हास्य के समावेश ने संदेश को प्रभावशाली ढंग से संप्रेषित किया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सत्पथी, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सिंटर प्लांट्स) श्री अनूप कुमार दत्ता, महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्री एस. सुनोव सहित एसईडी के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इन प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए इस बात पर बल दिया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि संयंत्र के जमीनी स्तर तक सुरक्षा की भावना और जागरूकता को विस्तार मिले। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (एस एंड एफएस) एवं मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी) द्वारा सभी कलाकारों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग के श्री पीएम राजेन्द्र कुमार ने किया। विभागीय सुरक्षा अधिकारीगणों में श्री राजेश देवांगन (एसपी-2), श्री एनके गुप्ता (जल प्रबंधन), श्री शोवन घोष एवं श्री अजय टल्लू (एसईडी) ने इस आयोजन के सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
▪️
अवैध बैनर-पोस्टर एवं प्रचार सामग्री के विरुद्ध बीएसपी की सख्त कार्यवाही


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा इस्पात नगरी की स्वच्छता, सुंदरता एवं शासकीय सम्पत्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध बैनर, पोस्टर एवं प्रचार सामग्री के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नगर सेवाएँ विभाग के प्रवर्तन अनुभाग द्वारा सेंट्रल एवेन्यू में मुख्य मार्गों से बड़ी संख्या में अवैध बैनर और पोस्टर हटाए गए।
भिलाई टाउनशिप में विभिन्न राजनितिक दलों, श्रमिक संगठनों द्वारा फ्लेक्स, पोस्टर, होर्डिंग्स लगाने के संयंत्र प्रबंधन के नियमों की अवहेलना करते हुए अवैध रूप से प्रचार सामग्री लगाई जा रही है। इस पर संयंत्र प्रबंधन ने कार्यवाही करते हुए सख्त रुख अपनाया है। यह अभियान लगातार जारी है और इसमें किसी प्रकार की छूट नहीं दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बीएसपी टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में भी अवैध कब्जा, बिना अनुमति निर्माण, शेड निर्माण एवं क्वार्टरों पर अतिक्रमण के मामलों पर कार्यवाही करने के साथ-साथ अवैध प्रचार सामग्रियों को भी हटाया जा रहा है। बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार की फ्लेक्स, पोस्टर, होर्डिंग्स या वाल पेंटिंग करना गैरकानूनी है और इससे शासकीय सम्पत्ति को क्षति पहुँचती है तथा इस्पात नगरी के सौंदर्य को नुकसान होता है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)