- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
एकीकृत मानव संसाधन एवं रख-रखाव और उपयोगिताएं कार्यालय का उद्घाटन : उद्घाटन समारोह में कार्यपालक निदेशक [मानव संसाधन] पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी [रख-रखाव और उपयोगिताएं] बी के बेहरा और मुख्य महाप्रबंधक [मानव संसाधन] संदीप माथुर उपस्थित थे


भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन संचालन को सुव्यवस्थित करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम में, मैकेनिकल और पी एंड ई के मानव संसाधन कार्यालयों को एकीकृत मानव संसाधन कार्यालय – रखरखाव और उपयोगिताएँ (एम एंड यू) बनाने के लिए सफलतापूर्वक विलय कर दिया गया है। वेलफेयर बिल्डिंग नंबर 2 में एकीकृत कार्यालय का उद्घाटन किया गया है, जो भिलाई स्टील प्लांट के चल रहे मानव संसाधन पुनर्गठन और आधुनिकीकरण प्रयासों में एक प्रमुख मील का पत्थर है।
उद्घाटन समारोह में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (रखरखाव और उपयोगिताएँ) श्री बी.के. बेहरा और मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर मौजूद थे। इस कार्यक्रम में संयंत्र प्रबंधन के वरिष्ठ नेतृत्व की सम्मानित उपस्थिति रही, जिसमें मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री प्रमोद कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) श्री टी के कृष्ण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स) श्री एच के सचदेव, मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज) श्री जे पी सिंह, ओए के अध्यक्ष श्री एन के बंछोर और महाप्रबंधक (एचआर-वर्क्स) श्री सूरज कुमार सोनी, महाप्रबंधक (एचआर- मिल्स, एम एंड एस) श्री संजय द्विवेदी, महाप्रबंधक (एचआर- आयरन एंड स्टील) सुश्री आर रंजनी और महाप्रबंधक (एचआर-वेलफेयर) सुश्री के सुपर्णा शामिल थी।
इस एकीकरण के साथ, एचआर ऑफिस – रखरखाव और उपयोगिताएँ अब 32 विभागों की सेवा करेगी।
▪️
वैश्विक उपस्थिति को सुदृढ़ करने हेतु सेल ने दुबई में कार्यालय का उद्घाटन किया : उद्घाटन भारत सरकार के इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने किया : इस अवसर पर दुबई में भारत के महावाणीज्यदूत सतीश कुमार शिवन, सेल के अध्यक्ष अमरेंदु प्रकाश, एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी और इस्पात मंत्रालय में संयुक्त सचिव वी के त्रिपाठी उपस्थित रहे


भारत की अग्रणी इस्पात उत्पादक सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दुबई में अपने प्रतिनिधि कार्यालय का उद्घाटन किया। यह कार्यालय मध्य पूर्व में सेल का पहला अंतरराष्ट्रीय कार्यालय है, जो कंपनी की वैश्विक विस्तार रणनीति का अहम हिस्सा है।
इस कार्यालय का उद्घाटन भारत सरकार के इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री श्री एच. डी. कुमारस्वामी द्वारा किया गया। इस अवसर पर दुबई में भारत के महावाणिज्यदूत श्री सतीश कुमार शिवन, सेल के अध्यक्ष श्री अमरेंदु प्रकाश, एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री अमिताभ मुखर्जी, इस्पात मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्री वी. के. त्रिपाठी, तथा सेल, इस्पात मंत्रालय, एनएमडीसी और मेकॉन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
दुबई स्थित यह नया कार्यालय सेल के लिए एक रणनीतिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जो इस्पात निर्यात को प्रोत्साहित करने, उद्योग से संबंधों को मजबूत करने और भारत-अमीरात व्यापार संबंधों को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा। दुबई की निवेश अनुकूल नीति और मध्य पूर्व तथा उत्तरी अफ्रीका (मेना) क्षेत्र के लिए प्रवेशद्वार के रूप में इसकी भूमिका, सेल को नवोदित वैश्विक बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने का सुअवसर प्रदान करेगी।
यह पहल भारत सरकार की उस दूरदृष्टि के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत वर्ष 2030 तक देश में 300 मिलियन टन इस्पात उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त करने और भारतीय इस्पात उद्योग की वैश्विक उपस्थिति को बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। सेल द्वारा दुबई कार्यालय की स्थापना उसकी वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता को मजबूत करती है, तथा अंतरराष्ट्रीय इस्पात परिदृश्य में भारत की उभरती हुई सशक्त भूमिका को भी रेखांकित करती है।
▪️
कृष्णा साहू और नमी राय पारीख भारतीय पावर लिफ्टिंग टीम में शामिल : आयोजन 5-14 जुलाई, 2025 को जापान के हिमेजी शहर में होगा


5-14 जुलाई, 2025 तक जापान के हिमेजी शहर में आयोजित होने वाली एशिया-अफ्रीका-पैसिफिक अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने हेतु भारतीय पावरलिफ्टिंग टीम का गठन किया गया है, जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र के श्री कृष्णा साहू को प्रशिक्षक के रूप में शामिल किया गया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय पदक विजेता महिला पावरलिफ्टर श्रीमती नमी राय पारीख का भी चयन खिलाड़ी के रूप में किया गया हैं। टीम 4 जुलाई को नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना होगी।
भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग में पदस्थ श्री कृष्णा साहू, संस्था के खिलाड़ियों को पावरलिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
बीएसपीकर्मी श्री कृष्णा साहू का 20 वीं बार चयन भारतीय टीम में प्रशिक्षक के रूप में हुआ है। एक खिलाड़ी के रूप में वे 1989 से 2002 तक 15 बार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत, छत्तीसगढ़ और भिलाई इस्पात संयंत्र का नाम रोशन कर चुके हैं। उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें कई सम्मान प्राप्त हुए हैं, जिनमें विक्रम खेल पुरस्कार (1992) – मध्यप्रदेश शासन, गुंडाधुर खेल पुरस्कार (2002) – छत्तीसगढ़ सरकार, वीर हनुमान सिंह खेल पुरस्कार (2016), नेहरू पुरस्कार – भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा शामिल है तथा बॉडी बिल्डिंग में 8 बार मिस्टर मध्यप्रदेश, 7 बार मिस्टर छत्तीसगढ़, मिस्टर इंडिया, तथा स्ट्रॉन्ग मैन ऑफ इंडिया के खिताब से नवाजे जा चुके है।
वहीं अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में श्रीमती नमी राय का चयन हाल ही में लुधियाना (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय क्लासिक सीनियर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के आधार पर किया गया है।
भारतीय टीम में कुल 31 खिलाड़ी, 3 कोच/प्रबंधक एवं निर्णायकगण देश के विभिन्न राज्यों छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और राजस्थान से चयनित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश और भिलाई बिरादरी के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए अंचल के खेल प्रेमियों से उन्हें अपनी शुभकामनायें दी हैं।
▪️
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर जेएलएन अस्पताल में मेडिकल कैंप, पौधारोपण एवं रक्तदान का आयोजन


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य चिकित्सालय जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 द्वारा 01 जुलाई, 2025 को विविध गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया गया। प्रसिद्ध चिकित्सक व भारत रत्न डॉ बी सी रॉय को स्मरण करने के लिए हर साल 01 जुलाई को भारत में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। यह दिवस डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवा को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है।
विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. एम. रविंद्रनाथ तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने राजहरा माइंस में एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया, जिसमें 600 से अधिक मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इस शिविर में जेएलएन अस्पताल के चिकित्सकों डॉ. प्रमोद बिनायके, डॉ. सुबोध साहा, डॉ. पी. मर्सी, डॉ. रुचिर भटनागर, डॉ. तनुजा आनंद, डॉ. इमानुएल, डॉ. प्रभादीप कौर, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. राजेश्वर राव, तथा असिस्टेंट मैनेजर पारोमिता दास गुप्ता, जूनियर मैनेजर संध्या देवी शर्मा, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. दिग्विजय तथा डीएनबी डॉक्टर रेहान और पुनीत ने जन समुदाय को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की। इस शिविर के आयोजन में राजहरा माइंस के एडिशनल सीएमओ डॉ. मनोज डहरवाल और उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। साथ ही कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री बी के गिरी एवं मुख्य महाप्रबंधक (माइंस) श्री आर बी गहरवार ने अपना विशेष सहयोग प्रदान किया।
अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण
सेक्टर-9 अस्पताल परिसर में, पोस्ट ऑफिस के सामने स्थित खाली भूमि पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता द्विवेदी के नेतृत्व में, डॉ. सौरभ मुखर्जी, डॉ. उदय कुमार, एडिशनल सीएमओ डॉ. गिरीश उमरेडकर, डॉ. नोहर सिंह ठाकुर तथा जनरल मैनेजर मेंटेनेंस श्री शाहिद एवं श्री श्रीरंगा ने काजू, केला व अन्य औषधीय पौधों का रोपण किया। यह प्रयास न केवल अस्पताल परिसर की सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम भी होगा।
रक्तदान का आयोजन
ब्लड सेंटर में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में लगभग 25 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसके तहत अस्पताल के चिकित्सकों डॉ. प्रिया साहू और डॉ. गायत्री नट्टी ने कैंप में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस जीवनदायी अभियान का संचालन डॉ. नीली कुजूर और डॉ. दीपक दास महापात्र द्वारा किया गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध हो सकेगा।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन कार्यपालक निदेशक डॉ. एम. रविंद्रनाथ के मार्गदर्शन तथा अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण डॉ. विनीता द्विवेदी, डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, डॉ. सौरभ मुखर्जी और डॉ. उदय कुमार के समन्वय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर मरीजों के लिए स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण जैसे जनकल्याणकारी कार्य कर चिकित्सकों ने समाज के प्रति अपनी सेवा भावना, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। यह प्रेरणादायी पहल संपूर्ण चिकित्सक समुदाय को समर्पित रही।
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र में आयोजित एसपीएसबी अंतर इस्पात संयंत्र शतरंज प्रतियोगिता- 2025 का समापन : ‘टाटा स्टील’ ने जीता विजेता का खिताब और ‘इसको’ बर्नपुर रही उपविजेता : समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे- कार्यपालक निदेशक [माइंस] बिपिन कुमार गिरी


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय स्टील प्लांट्स स्पोर्ट्स बोर्ड (एसपीएसबी) अंतर इस्पात संयंत्र शतरंज प्रतियोगिता-2025 का समापन समारोह 03 जुलाई 2025 को भिलाई निवास के एम.पी. हॉल में गरिमामयी रूप से सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (माइन्स) श्री बिपिन कुमार गिरी रहे।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर, अध्यक्ष (सेफी, ओए एवं बीएसपी शतरंज क्लब) श्री एन. के. बंछोर, मुख्य महाप्रबंधक श्री तपन कुमार घोष, पूर्व ओलंपियन एवं उप महाप्रबंधक(क्रीडा, सांस्कृतिक नागरिक सुविधा विभाग) श्री राजेन्द्र प्रसाद उपस्थित रहे। उनके साथ उप प्रबंधक (एससीसीए) श्री अभिजीत भौमिक, भिलाई शतरंज क्लब के सचिव श्री अलंकार भिवगड़े एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी व विभागीय पदाधिकारीगण भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रमुख इस्पात संयंत्रों से कुल 9 टीमों ने भाग लिया, जिनमें टाटा स्टील की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, इस्को बर्नपुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही तथा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागी टीमों में भिलाई इस्पात संयंत्र, दुर्गापुर स्टील प्लांट, सेलम स्टील प्लांट, राउरकेला स्टील प्लांट, जेएसयू स्टील लिमिटेड एवं विश्वेश्वरैया आयरन एंड स्टील प्लांट की टीमें शामिल थीं। यह प्रतियोगिता अखिल भारतीय शतरंज संघ द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप कुल 6 राउंड में संपन्न हुई।
मुख्य अतिथि श्री बिपिन कुमार गिरी ने अपने उद्बोधन में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि शतरंज हमें जिंदगी में सही कदम लेने का सीख देता है, उन्होंने हार और जीत को जीवन का हिस्सा बताया। हमें इनसे सीखते हुए अगली बार बेहतर कदम उठाने हेतु प्रेरित होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में इस प्रकार के आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों को खेल भावना से खेलने, प्रतिस्पर्धा का आनंद लेने तथा परस्पर सीख और सौहार्द के वातावरण को बढ़ावा देने के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण अध्यक्ष (बीएसपी शतरंज क्लब) श्री एन. के. बंछोर द्वारा प्रस्तुत किया गया व संचालन एससीसीए विभाग के श्री सुप्रियो सेन द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व ओलंपियन श्री राजेन्द्र प्रसाद द्वारा प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिता के आब्जर्वर के रूप में श्री तपन कुमार घोष, श्री अलंकार भिवगड़े एवं श्री एस.के. भगत उपस्थित थे, वहीं आर्बिटर की भूमिका श्री अनीश अंसारी ने निभाई।
▪️
सिंगल यूज प्लास्टिक पर भिलाई इस्पात संयंत्र व नगर निगम भिलाई का संयुक्त अभियान : की गई चालान कार्यवाही


स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और ठोस कदम बढ़ाते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग व नगर निगम भिलाई की संयुक्त टीम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाया। इस मुहिम का उद्देश्य भिलाई शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाना और स्वच्छता व पर्यावरण की स्थिति को सुदृढ़ करना है।
यद्यपि बीएसपी प्रबंधन व नगर प्रशासन द्वारा पूर्व से ही प्लास्टिक, झिल्ली और पन्नी के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है, परंतु इसके बावजूद होटल, दुकानों और ठेले-खोमचों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग खुलेआम जारी था। दुकानदारों और ग्राहकों द्वारा प्लास्टिक में सामग्री की खरीद-ब्रिकी कर उसे सड़कों और गलियों में फेंक दिया जा रहा था, जिससे सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैल रही थी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
इसी के मद्देनज़र भिलाई टाउनशिप के सेक्टर क्षेत्र व सेंट्रल एवेन्यू में बीएसपी व नगर निगम के संयुक्त दल द्वारा ऐसे दुकानदारों और व्यवसायियों पर चालानी कार्रवाई की गई जो प्लास्टिक का प्रयोग कर गंदगी फैला रहे थे। इस कार्रवाई के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और भविष्य में गंदगी न फैलाने हेतु निर्देश भी दिए गए।
भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग व नगर पालिक निगम, भिलाई ने यह स्पष्ट किया है कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को सफल बनाने के लिए निगम क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से ऐसी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग व नगर पालिक निगम, भिलाई के पदाधिकारीगण अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त इस संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से लगे ठेले और खोमचों पर भी कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना (पेनाल्टी) लगाया जा रहा है ताकि शहर की व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखी जा सके।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)