- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
सेल की हेड्स ऑफ मटेरियल्स मैंनेजमेंट बैठक का भिलाई इस्पात संयंत्र में समापन : तीन दिवसीय बैठक के समापन में कार्यपालक निदेशक [सामग्री प्रबंधन] ए के चक्रवर्ती ने समापन उद्बोधन दिया


सेल की हेड्स ऑफ मटेरियल्स मैनेजमेंट बैठक का भिलाई इस्पात संयंत्र में समापन
तीन दिवसीय बैठक में इन्वेंट्री प्रबंधन, ‘मेक इन इंडिया’ दिशा-निर्देशों, जनरेटिव एआई और प्रक्रिया दक्षता पर हुई विस्तारपूर्ण चर्चा
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की समस्त इकाइयों के हेड्स ऑफ मटेरियल्स मैनेजमेंट (एचओएमएम) की तीन दिवसीय बैठक का समापन आज सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में हुआ। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन), श्री ए.के. चक्रवर्ती ने समापन उद्बोधन दिया।
कार्यपालक निदेशक श्री चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में बैठक के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में चर्चा हेतु निर्धारित प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया और विश्वास व्यक्त किया कि यह एचओएमएम बैठक विचारों के रचनात्मक आदान-प्रदान तथा दीर्घकालिक मुद्दों के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच सिद्ध हुई है, जिससे सेल की समग्र क्रय एवं सामग्री प्रबंधन प्रणाली की कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। उन्होंने बैठक में भाग ले रहे अधिकारियों को अनुभव के लिए शुभकामनाएं दीं और उनसे आग्रह किया कि वे इन तीन दिनों की गहन चर्चाओं से प्राप्त रणनीतियों, नीतिगत दृष्टिकोणों और व्यावहारिक निष्कर्षों को अपनी-अपनी इकाइयों में सामग्री प्रबंधन और इन्वेंट्री प्रबंधन के क्षेत्र में क्रियान्वित करें।
समापन समारोह में इन्वेंट्री प्रबंधन कार्यशाला में सहभागिता कर रहे प्रतिभागियों को एचओएमएम मंच द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिसमें उनके सक्रिय योगदान की सराहना की गई।
बैठक के तीसरे दिन, सभी सेल संयंत्रों की इन्वेंट्री स्थिति की समग्र समीक्षा की गई, जिसमें लागत दक्षता एवं लाभप्रदता को बढ़ाने हेतु इन्वेंट्री प्रबंधन पद्धतियों को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, ड्राफ्ट पीआर चेकलिस्ट पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई, जिसका उद्देश्य पर्चेज दस्तावेज़ीकरण प्रक्रियाओं को अधिक सुसंगत बनाना है।
बैठक में ‘मेक इन इंडिया’ (एमआईआई) दिशा-निर्देशों में हुए नवीनतम संशोधनों पर भी विचार-विमर्श किया गया, व दोपहर के सत्र में मेकिन्सी एंड कंपनी द्वारा जनरेटिव एआई के पर्चेज एवं अनुबंध प्रबंधन क्षेत्र में उभरते उपयोग और प्रभावों पर एक व्यापक प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी प्रतिभागियों को वैश्विक प्रौद्योगिकीय रुझानों से अवगत कराया।
अंतिम सत्र में समझौता ज्ञापन, पीसीपी एवं गीईएम से संबंधित चुनौतियों तथा सामग्री प्रबंधन कार्यप्रणालियों की संचालन दक्षता में सुधार हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का समापन भिलाई इस्पात संयंत्र के सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा प्रस्तुत औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।
▪️
छत्तीसगढ़ राज्य सीनियर {पुरुष एवं महिला} बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु चयन स्पर्धा आयोजित

जगदलपुर जिला बैडमिन्टन संघ द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सीनियर (पुरूष एवं महिला) बैडमिन्टन प्रतियोगिता का आयोजन एकल एवं युगल वर्ग में दिनांक 10 से 14 अगस्त 2025 तक जगदलपुर में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम भी भाग ले रही है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये इंडोर हॉल, सिविक सेंटर के बैडमिन्टन कोर्ट पर दिनांक 25 एवं 26 जुलाई 2025 को सुबह 9 बजे से (दोनों वर्ग) टीम के गठन हेतु चयन स्पर्धा आयोजित की गयी है।
अतः संयंत्रकर्मियों के बच्चे तथा भिलाई परिधीय क्षेत्र के प्रतिभागी जो इस चयन स्पर्धा में भाग लेना चाहते हैं, वे निम्न चयनकर्ताओं श्री प्रवीण उपाध्याय (मो.न- 7489599530), मो. सलीम कुरैशी (मो.न- 9407984236) के पास अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। यह प्रतियोगिता प्लास्टिक शटल कॉक से खेली जायेगी। इच्छुक प्रतिभागी अपने साथ अपना फेदर शटल कॉक लेकर आ सकते है।
इस चयन स्पर्धा के प्रभारी उप प्रबंधक (क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) श्री अभिजीत भौमिक होंगे।
▪️
बार एवं रॉड मिल में कर्म शिरोमणि सम्मान एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का समापन : मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक {बीआरएम} योगेश शास्त्री थे

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मिल्स ज़ोन-1 के बार एवं रॉड मिल में दिनांक 22 जुलाई 2025 को कर्म शिरोमणि सम्मान एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य कर्मियों के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करते हुए कार्यस्थल पर नवाचार, संसाधनों के कुशल उपयोग और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करना था, जिससे कर्मठ कर्मचारियों को पहचान और प्रेरणा दी जा सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री थे।
इस कार्यक्रम में ‘कर्म शिरोमणि’ सम्मान से (इंजीनियरिंग एसोसिएट–मैकेनिकल) श्री पी. व्ही. सत्यनारायण, (जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट–प्रचालन) श्री यशवंत कुमार एवं (जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट–विद्युत) श्री अमित कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में दिसंबर 2024 से मार्च 2025 की अवधि में सर्वाधिक नियर-मिस घटनाओं की रिपोर्टिंग करने वाले कर्मियों को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिनमें श्री शिव कल्याण को प्रथम, श्री वामसी बेहेरा को द्वितीय तथा श्री टिकेन्द्र नाथ को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। साथ ही श्री समीर पाण्डेय, श्री अजय कुमार एवं श्री राजेश कुमार को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यस्थल में जोखिमों के प्रति संवेदनशीलता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जून माह में संविदा कर्मियों के लिए सुरक्षा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस प्रतियोगिता में श्री नितेश पटले को प्रथम, श्री पियूष सिंह को द्वितीय तथा श्री जंग बहादुर को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ, जबकि श्री चंदन कुमार एवं श्री मो. शोएब को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री ने अपने संबोधन में कार्यस्थल पर सभी सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग, संसाधनों के सर्वोत्तम प्रयोग तथा समर्पण के साथ उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में (महाप्रबंधक–प्रचालन) श्री सच्चिदानंद त्रिपाठी, (महाप्रबंधक–विद्युत) श्री आशीष, (महाप्रबंधक–यांत्रिकी) श्री शिखर तिवारी सहित मिल्स ज़ोन-1 के सभी अनुभाग प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
‘कर्म शिरोमणि’ कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन (उप प्रबंधक–एचआर, मिल्स ज़ोन-1) सुश्री समायला अंसारी ने किया एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का (डीएसओ–बीआरएम) श्री शशांक शर्मा द्वारा किया गया।
▪️
बीएसपी के संविदा कर्मियों ने प्रस्तुत किया ‘सुरक्षा नाट्य समारोह’


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के महात्मा गांधी कला मंदिर में दिनांक 23 जुलाई 2025 को सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के सौजन्य से संविदा श्रमिकों द्वारा ‘सुरक्षा नाट्य समारोह’ का आयोजन कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (लौह) श्री तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सत्पथी, संयंत्र के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, सुरक्षा अधिकारी, संविदा श्रमिक, सेफ्टी वॉरियर्स उपस्थित रहे।
कार्यपालक निदेशक (संकार्य) के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य “विजुअल कम्युनिकेशन” के द्वारा सुरक्षा संदेशो को जमीनी स्तर पर कार्मिको तक पहुँचाना, कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति रचनात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना एवं श्रमिकों को सुरक्षा संस्कृति के प्रति और अधिक जागरूक बनाना था। ‘सुरक्षा नाट्य समारोह’ में प्रस्तुत नाटक के माध्यम से तीन सुरक्षा मानकों परमिट- टू -वर्क , इलेक्ट्रिकल स्टैंडर्ड और हजार्ड कण्ट्रोल के विषय में मनोरंजक एवं सहज तरीके से कार्मिकों को जागरूक किया गया। इस नाट्य प्रस्तुति ने सुरक्षा के इन आवश्यक पहलुओं को रोचक मंचन के माध्यम से स्पष्ट कर, कर्मचारियों को उनकी व्यावहारिक महत्ता से परिचित करायाI
कार्यक्रम में एसएमएस-3, पीबीएस एवं वाटर मैनेजमेंट विभाग के संविदा कार्मिकों की तीन टीमों ने प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिनकी रचनात्मकता, प्रतिबद्धता एवं मंचीय सशक्तता ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। साथ ही सभी प्रतिभागी नाट्य कलाकारों को उपहार भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना भी की गई।
इस अवसर पर अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने कहा कि, “कार्यस्थल पर सुरक्षा का दायरा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक 360 डिग्री की समग्र सोच होनी चाहिए, जिसमें हर श्रमिक की भागीदारी अनिवार्य है।” उन्होंने इस प्रकार के अभिनव आयोजनों को श्रमिकों की सहभागिता एवं सुरक्षा के प्रति सजगता का सशक्त माध्यम बताया।

आयोजन के संयोजक महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोज, सहायक महाप्रबंधक (एसईडी) श्री शोवन घोष एवं सहायक प्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्री अखिल मिश्रा सहित सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के अन्य अधिकारीयों का कार्यक्रम के आयोजन में विशेष योद्गन रहा। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्री एस.के. अग्रवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (एलए – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया।


🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)